इजरायल ने सोमवार को ईरान की राजधानी तेहरान में भीषण बमबारी की। इस हमले में इजरायली सेना ने तेहरान की रिहायशी बिल्डिंग पर एयरस्ट्राइक किया, जिसमें 13 लोगों की मौत हो गई है। ईरानी की समाचार एजेंसी फार्स और नूर न्यूज के मुताबिक, यह हमला इस्लामशहर के पास हुआ। सोमवार सुबह हुए यह हमले ऐसे समय में हुए हैं जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा है कि उसे होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोलना होगा।
इस बीच, तेहरान में सोमवार तड़के हुए कई हवाई हमलों में शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को निशाना बनाया गया। ईरानी मीडिया ने इन हमलों और वहां इमारतों को हुए नुकसान की जानकारी दी है। साथ ही कैंपस के पास स्थित प्राकृतिक गैस वितरण केंद्र पर भी असर पड़ने की बात कही है।
यह भी पढ़ें: कहीं छुट्टी, कहीं घर से काम, पेट्रोल-गैस संकट से कैसे जूझ रहे पड़ोसी देश?
विश्वविद्यालय कैंपस पर हमला
यह तत्काल स्पष्ट नहीं हो पाया कि विश्वविद्यालय कैंपस के अंदर किस चीज को निशाना बनाया गया। युद्ध के कारण ऑनलाइन कक्षाएं ली जा रही हैं, जिसकी वजह से विश्वविद्यालय खाली है। इस विश्वविद्यालय पर सालों से कई देशों ने प्रतिबंध लगा रखे हैं क्योंकि इसका सैन्य कार्यों, खासकर ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल कार्यक्रम से संबंध रहा है।
तेहरान के कुछ हिस्सों में गैस सप्लाई बंद
यह मिसाइल कार्यक्रम अर्धसैनिक बल रिवोल्यूशनरी गार्ड (IRGC) के नियंत्रण में है। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर ने सोमवार को बताया कि एक विश्वविद्यालय पर हमले के बाद तेहरान के कुछ हिस्सों में गैस की सप्लाई बंद हो गई। बताया गया है कि, 'हमले में शरीफ विश्वविद्यालय का गैस स्टेशन शामिल था और हम शरीफ इलाके में कुछ समय के लिए गैस की सप्लाई बंद होने का सामना कर रहे हैं।'
यह भी पढ़ें: ईरान या अमेरिका, कौन जीत रहा जंग? अब तक के नफा-नुकसान से समझिए
वैकल्पिक स्थानों का इस्तेमाल कर रहा IRGC
रिवोल्यूशनरी गार्ड और अन्य सुरक्षा बल अपने ठिकानों पर लगातार हमलों के कारण वैकल्पिक स्थानों का इस्तेमाल कर रहे हैं। रात भर धमाकों की आवाजें गूंजती रहीं। कम ऊंचाई पर उड़ते लड़ाकू विमानों की आवाज भी कई घंटों तक सुनाई देती रही।
इस बीच, सरकारी समाचार पत्र ‘ईरान’ ने एक ऑनलाइन खबर में बताया कि दक्षिण तेहरान में स्थित शहर कोम के एक रिहायशी इलाके में हुए हवाई हमले में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई। यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि कोम में हुए हमले में किस चीज को निशाना बनाया गया है।
