नेपाल अभी एक बार की बाढ़ से उबरा भी नहीं है कि दूसरी बाढ़ का अलर्ट जारी हो गया है। शुक्रवार को नेपाल पुलिस ने अलर्ट जारी किया है कि तिब्बत में एक बार फिर से बांध टूटा है। अब लोगों से अपील की गई है कि वे अलर्ट हो जाएं और सुरक्षित जगहों पर चले जाएं। इस अलर्ट के बाद रेस्क्यू ऑपरेशन को 1.5 घंटे के लिए रोक दिया गया है। रिपोर्ट के मुताबिक, तिब्बत में एक भूकंप आने के बाद हड़कंप मचा हुआ है और नेपाल में लोगों की सांसें अटकी हुई हैं।

 

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कुछ ही मिनटों में पानी पहुंचने की आशंका को देखते हुए पुलिस और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में लगे लोगों को बाहर निकाल रही हैं। इतना ही नहीं, संवेदनशील जगहों को भी खाली कराया जा रहा है ताकि जनहानि को कम किया जा सके और अगर पहले जैसा ही सैलाब आए तो लोगों की जान भी बचाई जा सके।

 

यह भी पढ़ें: नेपाल: मरने वालों की संख्या हुई 469, अभी भी मंडरा रहा है बाढ़ का खतरा

नेपाल पुलिस ने क्या कहा है?

नेपाल पुलिस ने अपने एक ट्वीट में लिखा है, 'अलर्ट, सूचना मिली है कि तिब्बत की तरफ पानी का एक बांध फिर से टूट गया है। ऐसे में सभी सुरक्षाकर्मियों, रेस्क्यू कर्मचारियों और राहत और बचाव के काम में जुटे लोगों और आम जनता से अपील है कि वे तुरंत अलर्ट हो जाएं और सुरक्षित जगहों पर चले जाएं। इसकी सूचना दूसरे लोगों को भी दे दें।'

 

बाढ़ प्रभावित त्रिशूली इलाके को खाली कराया जा रहा है क्योंकि दोबारा बाढ़ का खतरा है। त्रिशूली से रासुका के बीच रास्ता बनाने का काम रोक दिया गया है। सभी जेसीबी मशीनों को भी फिलहाल वापस बुला लिया गया है। त्रिशूली में तैनात नेपाल पुलिस के अधिकारी पी चौधरी ने कहा है, 'पानी बढ़ने वाला है इसलिए सबको रोक रहे हैं। अब आगे कोई गाड़ी नहीं जाएगी। रेस्क्यू में लगी गाड़ियां वापस आ रही हैं। काम बंद कर दिया गया है और लोगों को सुरक्षित जगहों पर ले जाया जा रहा है। बहुत बड़ी बाढ़ आने वाली है।' 

 

यह भी पढ़ें: 'त्रासदी के लिए चीन जिम्मेदार', नेपाल की बाढ़ पर बोले जीतन राम मांझी

 

बता दें कि नेपाल में आई इस बाढ़ के चलते अब तक कम से कम 469 लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग लापता हैं। इनमें सैकड़ों भारतीय हैं। भारत के अलावा दुनिया के लगभग ढाई दर्जन देशों के पर्यटक भी नेपाल में लापता हो गए हैं।