अफगानिस्तान में 10 स्थानों पर एयर स्ट्राइक के बाद काबुल और इस्लामाबाद के बीच तनाव बढ़ चुका है। तालिबान सरकार के रक्षा मंत्रालय ने पाकिस्तान की एक सैन्य चौकी उड़ाने का दावा किया। वहीं पाकिस्तान ने अफगानिस्तान पर घुसपैठ का आरोप लगाया और दावा कि उसने शुक्रवार की रात को सीमा पर घुसपैठ को नाकाम कर दिया है।
कंधार, पक्तिका और खोस्त प्रांतों में पाकिस्तान सेना की एयर स्ट्राइक के बाद दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वायरल कई वीडियो में दिख रहा है कि तालिबान लड़ाकों का काफिला पाकिस्तान सेना की तरफ बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: सोमालिया में तुर्की ने ऐसा क्या किया, युगांडा भिड़ने पर उतर आया; विवाद की कहानी
पाकिस्तान खैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान में भीषण हिंसा से जूझ रहा है। पश्चिमी सीमा पर अफगानिस्तान के साथ तनाव उसकी मुश्किलों को और बढ़ा सकता है। खासकर तब जब पाकिस्तान हूती विद्रोहियों के खिलाफ जंग में उतरने के करीब पहुंच गया है।
तालिबान रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में पाकिस्तानी सैनिकों पर फायरिंग का आरोप लगाया। कहा कि पाकिस्तानी गोलीबारी के बाद स्पिन बोल्दक के पास तालिबानी बलों ने एक पाकिस्तानी सैन्य चौकी को तबाह कर दिया है। तालिबान का कोई जवान हताहत नहीं हुआ है।
रेडिया पाकिस्तान ने दावा किया कि चमन सेक्टर पर उसके सुरक्षा बलों ने अफगानिस्तान की आक्रामकता और घुसपैठ को विफल कर दिया। सेना ने मोर्टार और क्वाडकॉप्टर से तालिबान की कई चौकियों को नष्ट किया। कई तालिबानी लड़ाके मारे गए हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी सेना ने मार गिराए आठ उग्रवादी, मस्जिद को बनाया था ढाल
टीटीपी ने पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में आसिम मुनीर की सेना को छका रखा है। इस्लामाबाद का आरोप है कि इन उग्रवादियों के ठिकाने अफगानिस्तान में हैं। अफगानिस्तान की तालिबान सरकार टीटीपी को पनाह देती है। हाल ही में पाकिस्तान के कोहाट जिले में टीटीपी ने बड़ा हमला किया। इसमें 31 लोगों की जान गई और 70 से अधिक लोग घायल हुए हैं।
टीटीपी के हमले के बाद पाकिस्तान ने दो बार अफगानिस्तान पर हवाई हमला किया। पहली एयर स्ट्राइक सोमवार को कुनार और पक्तिका में की। बुधवार की तड़के खोस्त,पक्तिका और कंधार प्रांत में हवाई हमलों को अंजाम दिया। पाकिस्तान ने 28 आतंकियों को मारने का दावा किया, लेकिन अफगानिस्तान ने कहा कि दोनों हमले में उसके सात नागरिकों की जान गई।
