सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर हाल ही में मेटा के आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) टूल को लेकर एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। वेबफ्लो (WebFlow) के सीटीओ उत्कर्ष सेंगर ने AI की तारीफ करते हुए बताया कि कैसे उन्होंने इसका इस्तेमाल कर अपने लिए फ्लाइट का टिकट बुक किया। उनका अनुभव इतना अच्छा रहा कि उन्होंने पोस्ट में बताया कि वह अब कभी पुराने तरीके पर वापस नहीं लौटेंगे।
इस पोस्ट को देखने के बाद मेटा में काम करने वाले अलेक्जेंडर वांग ने अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने पहले तो इस तकनीक की तारीफ की। साथ ही मजाक में यह भी लिख दिया कि उन्हें वापस घर आने के लिए रिटर्न टिकट भी बुक कर लेनी चाहिए। हालांकि इसके बाद उन्होंने तुरंत माफी भी मांग ली। आपको बता दें कि अलेक्जेंडर को मेटा में सबसे ज्यादा सैलेरी मिलती है।
यह भी पढ़ें: अगर हूती विद्रोहियों से भिड़ा पाकिस्तान तो किन-किन मोर्चों पर खड़ी होगी चुनौती?
क्या है मेटा का 'म्यूज'?
हाल ही में मेटा ने अपना एक ऑटोनॉमस एआई असिस्टेंट बनाया है, जिसे 'म्यूज' नाम दिया गया है। यह टूल यूजर के कहने पर कई तरह के काम खुद-ब-खुद कर सकता है। जैसे ईमेल भेजना, पुरानी कार बेचने के लिए लिस्ट बनाना या फिर टिकट बुक करना।
मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग का कहना है कि इसका मकसद दुनिया भर के यूजर्स को 'पर्सनल सुपरइंटेलिजेंस' की सुविधा देना है। जुकरबर्ग ने X पर लिखा कि म्यूज एक ऐसा पर्सनल एजेंट है जो आपकी जरूरतों को समझता है। साथ ही आपके काम पूरा करने के लिए 24 घंटे काम कर सकता है।
कैसे काम करेगा?
शुरुआत में यह सुविधा अमेरिका के यूजर्स के लिए शुरू की गई है। इसे standalone ऐप और व्हाट्सएप के जरिए इस्तेमाल किया जा सकता है। यह iOS, एंड्रॉइड और वेब तीनों प्लेटफॉर्म पर मुफ्त और पेड वर्जनों में उपलब्ध है। जल्द ही इसे एआई चश्मा से भी जोड़ा जाएगा।
यह भी पढ़ें: क्या सऊदी अरब को सैन्य मदद देकर हूतियों के साथ संघर्ष में उलझ जाएगा तुर्की?
म्यूज को 'OpenClaw' फ्रेमवर्क पर तैयार किया गया है। यह यूजर के कैलेंडर, ईमेल, बैंक अकाउंट, स्मार्ट होम डिवाइसेस और हेल्थ प्लेटफॉर्म्स से सीधे कनेक्ट हो जाता है। साथ ही इसमें सुरक्षा का ध्यान रखते हुए मेटा ने साफ किया है कि यूजर को हर सर्विस के लिए खुद इजाजत देनी होगी। वे जब चाहें इस एक्सेस को बंद भी कर सकते हैं।
हर म्यूज इंस्टेंस एक अलग और सुरक्षित क्लाउड-बेस्ड वर्चुअल मशीन पर चलता है, जो एक पर्सनल कंप्यूटर की तरह काम करता है। इसकी मदद से यह टूल बिना यूजर के बार-बार टोकने या लगातार देखने के भी बैकग्राउंड में लंबे समय तक चलने वाले कामों को आसानी से पूरा कर लेता है।
