अमेरिका के फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन (FAA) ने शुक्रवार को देशभर में सभी उड़ानों की रवानगी रोक दी थी। यह रोक चार घंटे से ज्यादा चली और शाम को हटा ली गई। उस वक्त 3,500 से ज्यादा विमान हवा में थे। FAA ने इसे अस्थायी टेलीकम्युनिकेशन आउटेज बताया और कहा कि यह कदम सावधानी के तौर पर उठाया गया।
अमेरिका के ट्रांसपोर्ट मंत्री शॉन डफी ने कहा कि रीजनल एयर ट्रैफिक कंट्रोल केंद्रों में कम्युनिकेशन की समस्या आई थी। ये केंद्र देशभर में विमानों की आवाजाही संभालते हैं। FAA ने इस कदम के पीछे असाधारण हालात की बात कही। 2001 के 9/11 हमलों के बाद दूसरी बार सभी उड़ानें इस तरह रोकी गईं।
यह भी पढ़ें: तुर्की-लीबिया में कौन सा समझौता हुआ? जिससे इजरायल-अमेरिका भड़क उठे
गड़बड़ी की वजह पर क्या लग रहीं हैं अटकलें?
शॉन डफी के मुताबिक अमेरिका की एयर ट्रैफिक कंट्रोल व्यवस्था बहुत पुरानी है। यह एनालॉग तकनीक पर चलती है और राउटर डेटा के बोझ से ओवरलोड हो गए। CNN की रिपोर्ट के मुताबिक FAA ने एयरलाइंस को बताया कि समस्या शिकागो के मिडवे एयरपोर्ट से शुरू हुई और पूरे देश में फैल गई।
वॉल स्ट्रीट जर्नल के मुताबिक गड़बड़ी L3 हैरिस टेक्नोलॉजीज के उस नेटवर्क में दिखी, जो पायलट और कंट्रोलर के बीच रेडियो फ्रीक्वेंसी संभालता है। रिपोर्ट में साफ नहीं था कि रडार फीड पर असर पड़ा या नहीं। रडार से हवा में विमानों के बीच दूरी रखी जाती है।
होमलैंड सिक्योरिटी सचिव मार्कवेन मुलिन ने कहा कि साइबर हमले का कोई सबूत नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि यह 9/11 जैसी घटना नहीं है और किसी की जान खतरे में नहीं थी। जांच जारी है, इसलिए इस संभावना को पूरी तरह खारिज नहीं किया गया है।
यह भी पढ़ें: अमेरिका: न्यूयॉर्क में 3 मंजिला इमारत ढही, 8 की मौत; CCTV में खौफनाक मंजर कैद
15 हजार से ज्यादा उड़ानें प्रभावित
CNN के मुताबिक शुक्रवार को करीब 15,000 उड़ानें देरी या रद्द होने की वजह से प्रभावित हुईं। हिंदुस्तान टाइम्स ने फ्लाइट अवेयर के आंकड़ों के हवाले से बताया कि 10,000 से ज्यादा उड़ानें लेट हुईं और 4,000 रद्द हुईं। शनिवार के लिए अमेरिका आने-जाने और अमेरिका के भीतर की 700 से ज्यादा उड़ानें रद्द की जा चुकी हैं। एविएशन डेटा कंपनी सिरियम के मुताबिक रोक लगने के बाद 15 लाख से ज्यादा यात्रियों को उड़ान भरनी थी।
किस हाल में हैं अमेरिका के एयरपोर्ट पर फंसे लोग?
कई बड़े एयरपोर्ट पर यात्री घंटों कतारों में फंसे रहे। लागार्डिया एयरपोर्ट पर लोग फर्श पर बैठकर सामान मिलने का इंतजार करते दिखे। कुछ यात्रियों ने बताया कि वे डेढ़ घंटे से ज्यादा समय तक विमान में टैक्सीवे पर बैठे रहे। एयरपोर्ट यात्रियों से कह रहे हैं कि घर से निकलने से पहले एयरलाइन से उड़ान की स्थिति जरूर जांच लें। विमानों को खड़ा करने की जगह भी कम पड़ गई। वॉशिंगटन का रोनाल्ड रीगन नेशनल एयरपोर्ट पूरी तरह भर गया और डायवर्ट की गई उड़ानें नहीं ले सकता था। असर अमेरिका के बाहर भी दिखा।
यूरोप की एयर ट्रैफिक एजेंसी यूरोकंट्रोल ने FAA के अनुरोध पर अपने 42 सदस्य देशों से अमेरिका जाने वाली सभी उड़ानें रोक दीं। यह रोक ईटी समय के मुताबिक आधी रात तक के लिए थी। एशिया के बड़े एयरपोर्ट से अमेरिका जाने वाली उड़ानें भी प्रभावित हुईं।
यह भी पढ़ें: पीट हेगसेथ बहाना, असली नफरत ट्रंप से? अमेरिका में महाभियोग प्रस्ताव पर सियासत
अब क्यों उठ रह हैं सवाल?
शॉन डफी ने इसे आपातकाल बताया और कांग्रेस से नई एयर ट्रैफिक कंट्रोल प्रणाली के लिए आपात फंडिंग मांगी। उन्होंने कहा कि ट्रंप प्रशासन पूरी नई प्रणाली बनाने के लिए फंड देने की मांग पहले से कर रहा है। न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक पिछले साल अमेरिकी संसद ने परिवहन विभाग को 12.5 अरब डॉलर दिए थे। कुछ सांसदों ने FAA के फंड संभालने के तरीके पर सवाल उठाए हैं।
