इजरायली सेना ने मंगलवार को रेल नेटवर्क उड़ाने की इशारों में धमकी दी है। इजरायल ने फारसी भाषा में ईरान नागरिकों को आगाह किया कि वे स्थानीय समयानुसार कम से कम रात नौ बजे तक ट्रेन में यात्रा करने से बचें। इस धमकी से संकेत मिला है कि इजरायल के हवाई हमलों में नई जगहों को निशाना बनाया जा सकता है। इसमें रेल नेटवर्क भी शामिल होंगे।

 

सोशल मीडिया प्लटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट में इजरायल की सेना ने यह चेतावनी दी है। पोस्ट में कहा गया है, 'आपकी मौजूदगी आपके जीवन को खतरे में डाल सकती है।' ईरान में कई हफ्ते से इंटरनेट पर पाबंदी है, लिहाजा ये मुश्किल लगता है कि साधारण ईरानी इस चेतवानी को देख पाएंगे। 

 

यह भी पढ़ें: न नियम मानेंगे, न कानून, ईरान के खिलाफ इंसानियत को ताक पर रखेंगे डोनाल्ड ट्रंप?

डोनाल्ड ट्रंप ने भी चेतावनी दी

इस बीच अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को फिर से धमकी देते हुए कहा है कि पूरे देश को एक ही रात में तबाह किया जा सकता है। उनके मुताबिक वह रात मंगलवार यानी आज रात हो सकती है। ट्रंप ने ईरान के पुलों और बिजली संयंत्रों को नष्ट करने की धमकी देते हुए यह भी कहा कि उन्हें युद्ध अपराधों की कतई चिंता नहीं है।

 

अमेरिका के राष्ट्रपति ने चेतावनी दी कि अगर ईरान मंगलवार को रात आठ बजे तक आत्मसमर्पण नहीं करता है तो ईरान के असैन्य बुनियादी ढांचे पर हमले किए जाएंगे। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने कहा, 'आज सबसे अधिक हमले होंगे और कल, आज से भी अधिक हमले किए जाएंगे।' इससे पहले ईरान ने 45 दिन के युद्धविराम के प्रस्ताव को खारिज करते हुए कहा कि वह युद्ध का स्थायी अंत चाहता है।

आठ बजे तक अंतिम समयसीमा

उन्होंने कहा कि समझौता करने के लिए ईरान को दी गई मंगलवार रात आठ बजे की समयसीमा अंतिम है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी दी है कि वह या तो निर्धारित समयसीमा के भीतर होर्मुज स्ट्रेट खोले या बिजली संयंत्रों और पुलों पर हमले का सामना करने के लिए तैयार रहे। हालांकि, ईरान ने समझौते के बारे में पाकिस्तान के माध्यम से अमेरिका को अपना जवाब दे दिया है।

 

यह भी पढ़ें: 'यूरेनियम चुराने आया था अमेरिका', पायलट के रेस्क्यू पर ईरान ने ऐसा क्यों कहा है?

'केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे'

काहिरा स्थित ईरानी राजनयिक मिशन के प्रमुख मुज्तबा फरदौसी पोर ने सोमवार को कहा, 'हम केवल युद्धविराम स्वीकार नहीं करेंगे। हम युद्ध की समाप्ति तभी स्वीकार करेंगे जब हमें यह गारंटी दी जाए कि हम पर दोबारा हमला नहीं किया जाएगा।' फरदौसी पोर ने कहा कि होर्मुज स्ट्रेट पर ईरानी और ओमानी अधिकारी जहाजरानी के इस महत्वपूर्ण मार्ग के प्रशासन के एक तंत्र विकसित करने पर काम कर रहे हैं।

 

ईरान द्वारा युद्धविराम प्रस्ताव खारिज किए जाने से पहले इजरायल ने सोमवार को ईरान के सबसे बड़े साउथ पार्स प्राकृतिक गैस क्षेत्र में स्थित अहम पेट्रो-संयंत्र पर हमला किया। इजरायली हमले में रिवोल्यूशनरी गार्ड के एक शीर्ष कमांडर की मौत हो गई।