फैशन की दुनिया में अब सिर्फ कपड़ों और एक्सेसरीज पर ही ध्यान नहीं है। कई भारतीय फैशन और लाइफस्टाइल ब्रांड अब घर के लिए भी चीजें ला रहे हैं। इनमें मत्स्या, पेरो, निकोबार और सब्यसाची जैसे नाम शामिल हैं। खास बात यह है कि ये ब्रांड घर की चीजों में भी अपने फैशन वाले डिजाइन, रंग, कपड़े और कारीगरी की झलक दिखा रहे हैं।
फैशन और घर की सजावट के बीच यह कनेक्शन नया नहीं है लेकिन अब कई ब्रांड इसे अपने तरीके से आगे बढ़ा रहे हैं। कपड़ों में इस्तेमाल होने वाले रंग, प्रिंट, कारीगरी और डिजाइन अब घर की चीजों में भी नजर आ रहे हैं। इससे लोगों को अपने कपड़ों और घर के लुक में एक जैसा स्टाइल रखने का मौका मिल रहा है।
यह भी पढ़ें: पुरानी साड़ियों से बना ग्लोबल ब्रांड, पेरिस तक पहुंची मुंबई की 'I Was A Sari'
मत्स्या का फैशन अब घर तक पहुंचा
इस ट्रेंड का नया उदाहरण मत्स्या है। साल 2014 में शुरू हुआ यह फैशन ब्रांड अपने ‘मॉडर्न रॉयल्टी’ वाले लुक के लिए जाना जाता है। अब ब्रांड ने मत्स्या होम एंड लिविंग के जरिए अपने काम को घर और लाइफस्टाइल तक बढ़ाया है।
मत्स्या के होम कलेक्शन में डिनरवेयर, क्रिस्टल ग्लास, घर में इस्तेमाल होने वाले कपड़े और दूसरी सजावट की चीजें शामिल हैं। यानी जिस तरह ब्रांड अपने कपड़ों में भारतीय कारीगरी और अच्छे कपड़ों का इस्तेमाल करता है उसी तरह की सोच अब घर की चीजों में भी दिखाई दे रही है। मत्स्या का कहना है कि उसके कुछ पुराने कारीगर अब पोर्सिलेन टेबलवेयर और घर की दूसरी चीजों पर भी काम कर रहे हैं।
पेरो के पुराने कपड़ों से बने घर के सामान
पेरो ने भी अपने फैशन में इस्तेमाल हुए पुराने कपड़ों और कारीगरी को घर की चीजों में इस्तेमाल करना शुरू किया है। 3 से 6 सितंबर 2026 तक चेन्नई में पेरो होम का खास शोकेस भी हुआ।
पेरो की डिजाइनर अनीथ अरोड़ा के मुताबिक, ब्रांड के पास करीब 20 सीजन के पुराने टेक्सटाइल संभालकर रखे थे। अब इन्हीं पुराने कपड़ों को नए तरीके से घर के सामान में इस्तेमाल किया जा रहा है। पिछले कुछ सालों में करीब आठ सीजन के कपड़ों पर काम किया जा चुका है।
इनसे क्विल्ट, कुशन, टेबल लिनन, बेडिंग, थ्रो, कारपेट, तकिए के कवर और पर्दे जैसी चीजें बनाई जा रही हैं। कुछ क्विल्ट बनाने में दो हफ्ते से 45 दिन तक लगते हैं। एक डिजाइन में 600 से ज्यादा कपड़े के फूल भी लगाए गए हैं और हर फूल को अलग से काटकर और सिलकर बनाया गया है।
निकोबार पहले से घर की चीजें बना रहा
इस ट्रेंड में निकोबार भी एक उदाहरण है। यह ब्रांड फैशन के साथ घर और लाइफस्टाइल की चीजों पर भी काम करता है। इसकी होम कैटेगरी में किचन और डाइनिंग की चीजें, सर्ववेयर, ग्लास, सजावट की चीजें, मोमबत्तियां, खुशबू और कपड़े शामिल हैं। निकोबार अब फर्नीचर भी बेच रहा है। इसकी मौजूदा कलेक्शन में कुर्सियां, टेबल, सोफा, बेड और दूसरी फर्नीचर की चीजें शामिल हैं।
निकोबार का आइडिया सिर्फ घर को सजाने तक सीमित नहीं है। ब्रांड ने पहले भी अपने डिजाइन को मॉडर्न इंडियन लाइफस्टाइल से जोड़ने की बात कही है। इसके फैशन और होम प्रोडक्ट्स में इंडियन कल्चर, नेचर और ट्रैवल से जुड़ी इंस्पिरेशन दिखाई देती है। इसलिए निकोबार में कपड़े और घर की चीजें दो अलग-अलग कैटेगरी नहीं लगतीं बल्कि दोनों एक ही लाइफस्टाइल का हिस्सा दिखाई देती हैं।
यह भी पढ़ें: Gen Z के लिए बने ये 5 फैशन ब्रांड, हर पसंद के लिए मिलेंगे नए स्टाइल
सब्यसाची के डिजाइन अब घर की सजावट में भी
फैशन डिजाइनर सब्याची भी अब घर की चीजों के लिए काम कर रहे हैं। एशियन पेंट्स के साथ मिलकर सब्यसाची फॉर निलाया कलेक्शन तैयार किया गया है। इसमें वॉलपेपर और घर में इस्तेमाल होने वाले फर्निशिंग फैब्रिक शामिल हैं। इस कलेक्शन में सब्यसाची के डिजाइन की झलक के साथ भारतीय विरासत और पुराने डिजाइन को नए तरीके से दिखाया गया है।
इस कलेक्शन में पेरिस-कलकत्ता नाम का कलेक्शन भी शामिल है। इसमें वॉलपेपर और फर्निशिंग फैब्रिक के अलग-अलग डिजाइन हैं। इन डिजाइन में फूलों, डैमास्क, चिंट्ज और दूसरे पारंपरिक पैटर्न का इस्तेमाल किया गया है। इससे घर की सजावट में भारतीय डिजाइन और सब्यसाची के फैशन स्टाइल की झलक दिखाई देची है।
