घरों में फ्रिज का इस्तेमाल करने वाले ज्यादातर लोग इस समस्या से जूझते हैं कि कभी-कभी फ्रिज से तेज बदबू आने लगती है। कई बार यह दुर्गंध इतनी तेज होती है कि पूरा किचन महकने लगता है, लेकिन लोगों को अक्सर इसका सही कारण भी पता नहीं होता। विशेषज्ञों के अनुसार, फ्रिज में बदबू आने के पीछे मुख्य वजह हमारी लापरवाही ही होती है।
खाना बहुत लंबे समय तक फ्रिज में रखे रहना, खाना गिरकर साफ न करना, बिना ढके खाद्य पदार्थ रखना और लंबे समय तक फ्रिज की सफाई न करना जैसे कारणों से दुर्गंध पैदा होती है। कई उपभोक्ता इसे फ्रिज की खराब क्वालिटी से जोड़कर देखते हैं, लेकिन विशेषज्ञ साफ तौर पर कहते हैं कि ज्यादातर मामलों में यह समस्या मशीन की नहीं बल्कि इस्तेमाल करने वाले की होती है।
दिलचस्प बात यह है कि बिना किसी अतिरिक्त खर्च के फ्रिज को तरोताजा और बदबू-मुक्त रखा जा सकता है। नियमित सफाई, खाने को सही तरीके से ढककर रखना, समय-समय पर एक्सपायर्ड आइटम्स निकालना और फ्रिज के अंदरूनी हिस्सों को साफ रखने जैसी छोटी-छोटी आदतें इस समस्या का स्थायी समाधान बन सकती हैं।
खतरा जिनसे अनजान हैं लोग
स्वास्थ्य विशेषज्ञ भी चेताते हैं कि फ्रिज में जमी बदबू सिर्फ असुविधा नहीं बल्कि बैक्टीरिया और फंगस के फैलने का संकेत भी हो सकती है, जो खाने की सुरक्षा को प्रभावित कर सकता है। इसलिए समय पर फ्रिज की देखभाल करना जरूरी है।
यह भी पढ़ें: छोटे घर में कैसे सजाएं बड़े सामान? 10 तरीके जो काम बनाएंगे आसान
फ्रिज की बदबू दूर करने के घरेलू उपाय
1. बेकिंग सोडा का इस्तेमाल करें
बेकिंग सोडा बदबू सोखने के लिए जाना जाता है। एक छोटी कटोरी में बेकिंग सोडा भरकर फ्रिज के किसी कोने में रख दें। यह फ्रिज के अंदर की दुर्गंध को कम करने में मदद करता है।
2. नींबू का करें उपयोग
नींबू को दो हिस्सों में काटकर फ्रिज में रख दें। इसकी ताजगी भरी खुशबू बदबू को कम करने में मदद करती है। चाहें तो नींबू के रस में थोड़ा नमक मिलाकर भी रख सकते हैं।
3. कॉफी पाउडर रख सकते हैं
एक कटोरी में थोड़ा कॉफी पाउडर रखकर फ्रिज में रखने से दुर्गंध कम हो सकती है। कॉफी की तेज खुशबू बदबू को सोखने में मदद करती है।
4. नियमित सफाई जरूरी
फ्रिज की ट्रे, रैक और ड्रॉअर को समय-समय पर निकालकर साफ करें। कई बार खाने के छोटे कण और तरल पदार्थ जमा होकर बदबू का कारण बनते हैं।
5. खराब खाद्य पदार्थ तुरंत हटाएं
खराब हो चुके फल, सब्जियां या बचा हुआ खाना फ्रिज में न रखें। ये बदबू फैलाने के साथ-साथ अन्य खाद्य पदार्थों को भी प्रभावित कर सकते हैं।
6. सिरके से सफाई करें
पानी और सफेद सिरके को बराबर मात्रा में मिलाकर फ्रिज की अंदरूनी सतह साफ करें। इससे दाग और दुर्गंध दोनों को कम करने में मदद मिलती है।
7. खाने को ढककर रखें
खुले बर्तनों में रखा खाना जल्दी बदबू फैला सकता है। इसलिए भोजन को एयरटाइट कंटेनर में स्टोर करना बेहतर माना जाता है।
नया ट्रेंड: फ्रिज डिओडोराइज़र
फ्रिज डिओडोराइज़र एक ऐसा उपकरण या उत्पाद है जो रेफ्रिजरेटर के अंदर से सड़े हुए खाने, प्याज, लहसुन या अन्य चीजों की दुर्गंध को सोखता है या खत्म करता है। यह फ्रिज की हवा को ताजा रखता है जिससे एक खाने की महक दूसरे खाने में नहीं जाती और खाने के स्वाद भी पहले जैसा बरकरार रहता है। बाजार में अब ऐसे फ्रिज की मांग तेजी से बढ़ गई है। आजकल लोगों का ऐसा ही रेफ्रिजरेटर चाहिए होता है जिसमें गंध को सोखने वाला फिल्टर पहले से ही मौजूद हो।
यह भी पढ़ें: शादी के बाद ऐसे सजाएं नया किचन, नया ट्रेंड घर को बनाएगा और खूबसूरत
कौन सी चीजें सबसे ज्यादा बदबू फैलाती हैं?
- कटे हुए प्याज
- मछली और मांस
- खराब फल और सब्जियां
- लंबे समय तक रखा हुआ खाना
- अदरक लहसुन का पेस्ट
कितने दिनों में करनी चाहिए फ्रिज की सफाई?
विशेषज्ञों के अनुसार फ्रिज की हल्की सफाई हर सप्ताह करनी चाहिए। इस दौरान पुराने या खराब हो चुके खाने को निकाल देना चाहिए और रैक पर गिरे हुए दाग-धब्बों को साफ कर लेना चाहिए। वहीं महीने में कम से कम एक बार फ्रिज की गहरी सफाई करना बेहतर माना जाता है। इसके लिए फ्रिज को खाली करके सभी ट्रे, रैक और ड्रॉअर निकालकर अच्छी तरह धोने चाहिए। साथ ही फ्रिज की अंदर की दीवारों और कोनों को भी साफ करना चाहिए क्योंकि यहां अक्सर गंदगी और बैक्टीरिया जमा हो सकते हैं। नियमित सफाई करने से न केवल फ्रिज साफ रहता है बल्कि इससे खाना भी एकदम फ्रैश रहता है।


