देश की राजधानी दिल्ली समेत अन्य राज्यों में भीषण गर्मी पड़ रही है। इस मौसम में सबसे ज्यादा उन लोगों को दिक्कत होती है जो सुबह ऑफिस जाते हैं। ये लोग एक दम सुबह कड़ी धूप में निकलते हैं और आते समय में भीड़ और गर्मी से परेशान रहते हैं।

 

ऑफिस में काम करने वाले लोगों को अपनी सेहत का खास ख्याल रखने की जरूरत है ताकि वह दिन भर एनर्जी के साथ काम करें। 9 टू 5 जाने वाले गर्मी से बचने के लिए क्या उपाय कर सकते हैं। इस बारे में हमने न्यूट्रीप्लस की डायरेक्टर और सीनियर क्लीनिकल न्यूट्रिशनिस्ट डॉक्टर अंजलि फाटक से बात की। डाइटिशियन अंजलि फाटक के मुताबिक गर्मी से बचने के लिए उसके कुछ बेसिक प्रिंसिपल है जिसका आपको ध्यान रखना है।

 

यह भी पढ़ें: 40 की उम्र में मां बनना कितना सुरक्षित है? डॉक्टर से जानें हर पहलू

गर्मी से बचने के लिए क्या करें?

हाइड्रेशन का ध्यान रखें- इस मौसम में हर व्यक्ति को 2.5 से 3.5 लीटर पानी पीना चाहिए। इसी के साथ आसानी से पचने वाला नाश्ता करें। आपको बहुत ज्यादा फैट वाली और मसालेदार चीजों को खाने से बचना चाहिए। अपनी डाइट में उन चीजों को शामिल करें जिनमें कूलिंग प्रॉपर्टी होती है। ये चीजें आपके शरीर को अंदर से ठंडा रखती है।

 

इलेक्ट्रोलाइट बैलेंस करें- अपनी डाइट में सोडियम, पोटेशियम और मैंग्नीशियम वाली चीजों को बैलेंस करके रखें।

 

पेट के लिए फायदेमंद चीजें खाएं- अपनी डाइट में उन चीजों को शामिल करना है जो पेट के लिए बहुत फायदेमंद है। अगर पेट ठीक नहीं है तो इरिटेबल बाउल सिंड्रोम, कब्ज, एसिडिटी, सिरदर्द आदि की समस्या हो सकती है।

ऑफिस जाने वाले क्या करें?

ऑफिस जाने वालों को सुबह से ही अपनी डाइट में पानी की मात्रा ज्यादा रखनी चाहिए। सुबह उठते ही आपको एक से दो ग्लास पानी पीना चाहिए।

 

गोंद कतीरा- आप पानी में गोंद कतीरा डालकर पी सकते हैं। इसकी तासीर ठंडी होती है जो गर्मियों में शरीर को ठंडक देता है। इसके अलावा सौंफ का पानी पी सकते हैं। ये शरीर को हाइड्रेट करने का काम करेगा।

 

नींबू पानी- आप सुबह उठकर नींबू का पानी पी सकते हैं। ये शरीर को डिटॉक्स करने का काम करता है। 

 

यह भी पढ़ें: पानी की कमी से डिहाइड्रेशन और स्ट्रोक का खतरा, जानिए कितनी मात्रा में किस समय?

 

ब्रेकफास्ट जरूर खाएं

 

आप सत्तू को छाछ में डालकर लें, चीया सिड्स, फ्रूट्स का स्मूदी बना लें, ओट्स, दही चावल, उपमा, इडली आदि चीजों को सुबह के ब्रेकफास्ट में खा सकते हैं। ये चीजें आसानी से पच जाती है। 

 

प्रोबायोटिक्स को शामिल करें- अपनी डाइट में दही, छाछ, लौकी का रायता, फ्रूट्स का रायता, सब्जी का रायता आदि शामिल करें। इसके अलावा खीरा के पानी, मिंट वाटर, कैरी का पन्ना अपने साथ ऑफिस में ले जाएं। ये चीजें आपके शरीर में पानी की कमी नहीं होने देंगे। साथ ही विटामिन और मिनरल्स की भी कमी नहीं होगी।

 

साफ-सफाई रखें- साग-सब्जियों को अच्छा से साफ करें। गंदे फल और सब्जियों को खाने से दस्त, उल्टी समेत अन्य समस्याएं हो सकती हैं।

 

लंच

 

ऑफिस के लंच में साबूत अनाज की 2 रोटी, सब्जी, रायता और सलाद जरूर रखें। इन चीजों को खाने से आपको आलस नहीं आएगा। गर्मी के मौसम में आलस बहुत ज्यादा आता है।

 

इन बातों का रखें ध्यान

 

शाम के समय में बाहर का समोसा और बाहर की चीजें खाने से परहेज करें। इसकी बजाय मखाना और मूंगफली आदि चीजें ले जाएं। ये चीजें खाने में स्वादिष्ट होने के साथ-साथ पोषण से भरपूर में है।

 

फ्रूट्स को हमेशा मिड मॉर्निंग या मिड इवनिंग में खाना चाहिए। कभी फ्रूट्स को खाने के साथ नहीं खाना चाहिए।