हमारे खान-पान का प्रभाव हमारे स्वास्थ्य पर पड़ता है। खराब जीवनशैली की वजह से बच्चों में भी बीमारियों का खतरा बढ़ा है। हाल ही एक अध्ययन हुआ है जिसमें बताया गया है कि अधिक मात्रा में सोडियम वाली चीजों को खाने से, फलों की कम मात्रा और साबूत अनाज की कमी वाले आहार के कारण 2023 में विश्व में 59.1 लाख लोगों की हृदय संबंधी रोगों से मौत हुई। यह बात एक अध्ययन में कही गई है।

 

चीन के बीजिंग चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल के अनुसंधानकर्ताओं सहित अन्य अनुसंधानकर्ताओं ने ‘ग्लोबल बर्डन ऑफ डिजीज स्टडी 2023’ के आंकड़ों का विश्लेषण किया और 33 वर्षों की अवधि में 13 आहार संबंधी जोखिम कारकों का मूल्यांकन किया।

 

यह भी पढ़ें: 30 की उम्र में त्वचा का कैसे रखें ख्याल? झुर्रियां और फाइन लाइंस होगी कम

खान-पान के कारण हृदय रोगों से हुई मौतें

खान-पान संबंधी हृदय रोगों से होने वाली मौतों की कुल संख्या चीन में सबसे अधिक 13.6 लाख थी, जबकि भारत में यह संख्या 11.1 लाख थी। ‘इनोवेशन न्यूट्रिशन’ नामक पत्रिका में प्रकाशित विश्लेषण से यह भी पता चला है कि ‘इस्केमिक’ हृदय रोग और ‘स्ट्रोक’ खराब खान-पान की आदतों के प्राथमिक परिणाम हैं।

 

इस अध्ययन में एक स्पष्ट अंतर को भी उजागर किया गया, जिसमें लगभग सभी क्षेत्रों में पुरुषों को महिलाओं की तुलना में आहार संबंधी समस्याओं का अधिक सामना करना पड़ा। बीजिंग चिल्ड्रन्स हॉस्पिटल के बिग डेटा सेंटर के शोधकर्ता गुओशुआंग फेंग ने कहा, ‘हमारे निष्कर्ष इस बात पर जोर देते हैं कि आहार की गुणवत्ता में सुधार वैश्विक हृदय रोग निवारण का एक मुख्य विषय होना चाहिए।’

 

यह भी पढ़ें: गुड़ और स्टीविया के अलावा अपनाएं ये नेचुरल शुगर, बीमारियों से रहेंगे दूर

 

फेंग ने आगे कहा, ‘बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं के कारण मृत्यु दर में गिरावट देखने को मिल रही है, लेकिन कुल मिलाकर इसका बोझ बहुत बड़ा है।’ अनुसंधानकर्ताओं ने लिखा कि वैश्विक स्तर पर, सोडियम का अधिक सेवन हृदय संबंधी बीमारियों का प्रमुख कारण था। इसके बाद फलों और साबुत अनाज की कमी वाला आहार था जिसके कारण कई लोग इस बीमारी की चपेट में आ गए हैं।