पुरुषों की फर्टिलिटी को अक्सर महिलाओं की तुलना में उम्र से कम प्रभावित माना जाता है। हालांकि, पुरुष जीवनभर शुक्राणु (स्पर्म) बनाते रहते हैं, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि उम्र बढ़ने के साथ उनकी प्रजनन क्षमता पर कोई असर नहीं पड़ता। 40 वर्ष की उम्र के बाद स्पर्म की गुणवत्ता, गतिशीलता और आनुवंशिक संरचना में बदलाव आने लगते हैं। इसका असर गर्भधारण की संभावना और होने वाले बच्चे के स्वास्थ्य पर भी पड़ सकता है। 

 

पुरुषों की पिता बनने की सही उम्र क्या है? उनमें इनफर्टिलिटी के क्या कारण होते हैं? इस बारे में हमने लुधियाना के क्लाउडनाइन अस्पताल के फर्टिलिटी स्पेशलिस्ट डॉक्टर गुरप्रीत बत्रा से बात की।

 

यह भी पढ़ें: Avengers Doomsday की एडवांस बुकिंग शुरू, मिडनाइट शोज भी बुक, जानिए टिकट प्राइस

पिता बनने की सही उम्र क्या है?

पुरुषों के लिए पिता बनने की कोई निश्चित उम्र निर्धारित नहीं है। हालांकि, 25 से 35 वर्ष की उम्र को प्रजनन क्षमता के लिहाज से बेहतर माना जाता है। 40 वर्ष के बाद स्पर्म की गुणवत्ता में धीरे-धीरे गिरावट आ सकती है। उम्र बढ़ने के साथ स्पर्म की गतिशीलता कम हो सकती है और डीएनए डैमेज की आशंका बढ़ सकती है। इसका मतलब यह नहीं है कि 40 या 45 वर्ष के बाद पिता बनना संभव नहीं है, लेकिन गर्भधारण में अधिक समय लग सकता है।

पुरुषों में इनफर्टिलिटी के मुख्य कारण क्या हैं?

पुरुषों में इनफर्टिलिटी के कई कारण हो सकते हैं। इनमें स्पर्म काउंट कम होना, स्पर्म की गतिशीलता में कमी और स्पर्म की बनावट में असामान्यताएं प्रमुख हैं। इसके अलावा कुछ चिकित्सकीय स्थितियां भी प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकती हैं:

  • हार्मोनल असंतुलन और थायरॉइड संबंधी समस्याएं।
  • अंडकोष में वैरिकोसील (नसों का फूलना)।
  • डायबिटीज और मोटापा।
  • प्रजनन अंगों में संक्रमण।
  • धूम्रपान, अत्यधिक शराब और नशीले पदार्थों का सेवन।
  • कीमोथेरेपी या रेडियोथेरेपी जैसे कैंसर के उपचार।

कई मामलों में स्पर्म की गुणवत्ता प्रभावित होने का कोई स्पष्ट कारण भी सामने नहीं आता। इसलिए सही जांच और समय पर विशेषज्ञ की सलाह जरूरी है।

अधिक उम्र में पिता बनने से महिलाऔर बच्चे को क्या जोखिम हो सकते हैं?

पुरुष की उम्र बढ़ने के साथ स्पर्म के डीएनए में बदलाव और जेनेटिक म्यूटेशन की आशंका बढ़ सकती है। इससे गर्भधारण में देरी और कुछ मामलों में गर्भपात का जोखिम बढ़ सकता है। शोध में अधिक उम्र के पिता और बच्चों में कुछ न्यूरोडेवलपमेंटल स्थितियों, जैसे ऑटिज्म और स्किजोफ्रेनिया, के बीच संबंध भी देखा गया है। हालांकि, यह समझना जरूरी है कि ये जोखिम तुलनात्मक रूप से बढ़ते हैं, लेकिन अधिकांश मामलों में अधिक उम्र के पिता के बच्चे स्वस्थ ही होते हैं। महिला की उम्र, ओवेरियन रिजर्व और संपूर्ण स्वास्थ्य भी गर्भधारण और गर्भावस्था के परिणामों को प्रभावित करते हैं।

 

यह भी पढ़ें: वेट लॉस से लेकर डायबिटिज तक, ओजेम्पिक और मौनजारो का क्यों होता है इस्तेमाल?

अधिक उम्र में पिता बनने की योजना है तो कैसी रखें जीवनशैली?

फर्टिलिटी बेहतर बनाए रखने के लिए पुरुषों को अपनी जीवनशैली पर विशेष ध्यान देना चाहिए।


संतुलित आहार लें: डाइट में हरी सब्जियां, फल, साबुत अनाज, दालें, नट्स और प्रोटीन शामिल करें।
वजन नियंत्रित रखें: नियमित व्यायाम करें और मोटापे से बचें।
धूम्रपान और शराब से दूरी रखें: ये स्पर्म की गुणवत्ता और प्रजनन क्षमता को प्रभावित कर सकते हैं।
पर्याप्त नींद लें: रोजाना 7-8 घंटे की नींद लेने की कोशिश करें।
तनाव नियंत्रित करें: योग, मेडिटेशन और शारीरिक गतिविधियों को दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
बिना सलाह सप्लीमेंट न लें: टेस्टोस्टेरोन या एनाबॉलिक स्टेरॉयड का इस्तेमाल स्पर्म बनने की प्रक्रिया को बाधित कर सकता है।

अधिक उम्र में मां बनने की योजना बना रही हैं तो किन बातों का रखें ध्यान?

यदि दंपती अधिक उम्र में माता-पिता बनने की योजना बना रहे हैं, तो दोनों पार्टनर को गर्भधारण से पहले फर्टिलिटी विशेषज्ञ से परामर्श लेना चाहिए। महिला की उम्र 35 वर्ष से अधिक होने पर छह महीने तक प्रयास के बाद भी गर्भधारण न हो तो जांच करवानी चाहिए। वहीं 40 वर्ष से अधिक उम्र में बिना देरी विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर है।

 

पुरुष की जांच में सीमेन एनालिसिस, हार्मोनल प्रोफाइल और जरूरत के अनुसार अन्य टेस्ट शामिल हो सकते हैं। महिला की ओवेरियन रिजर्व, थायरॉइड, ब्लड शुगर और अन्य स्वास्थ्य स्थितियों का आकलन भी जरूरी है। माता-पिता बनने की योजना केवल महिला की उम्र और सेहत पर निर्भर नहीं करती। पुरुष की उम्र, स्पर्म की गुणवत्ता और दोनों पार्टनर की जीवनशैली भी इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। समय पर जांच, सही चिकित्सकीय सलाह और स्वस्थ जीवनशैली के जरिए दंपती अपनी प्रजनन क्षमता और गर्भावस्था के परिणामों को बेहतर बनाने की दिशा में कदम उठा सकते हैं।