शिक्षक दिवस के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 5 सितंबर को श्रीराम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) पहुंचे। PM मोदी दिल्ली विश्वविद्यालय के श्री राम कॉलेज ऑफ कॉमर्स (SRCC) के 100 साल पूरे होने पर खास समारोह में शामिल हुए। इससे पहले PM मोदी 2013 में गुजरात के मुख्यमंत्री और विपक्षी नेता के तौर पर यहां आए थे। इस मौके पर उन्होंने छात्रों को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान विपक्ष और विरोधियों पर जमकर तंज कसे।
पीएम मोदी ने कहा कि वह जब भी कोई नया काम शुरू करते हैं, कुछ लोग नाराज फूफा बनकर सवाल करने लगते हैं। उन्होंने दिमागी नक्सल और होम्योपैथी डोज को लेकर भी अपनी बात कही। पढ़ें PM मोदी के भाषण की 5 अहम बातें।
यह भी पढ़ें: झारखंड के उच्च शिक्षा मंत्री सुदिव्य कुमार का निधन, हार्ट अटैक से गई जान
दिमागी नक्सल और होम्योपैथी डोज का जिक्र
प्रधानमंत्री मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से दिए दिमागी नक्सल वाले बयान पर हुए विवाद का जिक्र करते हुए कहा, 'मैंने एक होम्योपैथी डोज की छोटी सी गोली दी थी लाल किले से, जैसे ही मैंने दिमागी नक्सल वाली होम्योपैथिक गोली दी, सारे दिमागी नक्सल निकल-निकलकर बाहर आने लगे।' उन्होंने कहा कि होम्योपैथी का स्वभाव है कि दवा शुरू होते ही बीमारी पहले उभरकर बाहर आती है, फिर ठीक होती है। जैसे ही गोली दी, सारे दिमागी नक्सल निकल-निकलकर बाहर आने लगे।
विपक्ष को बताया नाराज फूफा
PM मोदी ने विपक्ष को ‘नाराज फूफा’ कहकर तंज कसते हुए कहा कि जब हम दुनिया का सबसे बड़ा स्टेच्यू बना रहे थे तब फूफा जी ने कमर कस ली, इसकी जरूरत क्या है। जब हमने हाई स्पीड ट्रेन पर काम किया तो फूफा जी बोले, इसकी जरूरत क्या है। जब यूपीआई लेकर आए तो फूफा बोले, इसकी जरूरत क्या है।
हमने नई पार्लियामेंट बिल्डिंग बनाई तो फिर बोले, इसकी जरूरत क्या है। ये लोग कोई भी काम शुरू करने पर नाराज फूफा बन जाते हैं। लेकिन भारत ने ऐसे सारे फूफाओं को जवाब दिया। जो देश के लिए जरूरी है वो भारत को करने से कोई रोक नहीं सकता।
अब भारतीय सेना घर में घुसकर जवाब देती है जवाब
PM मोदी ने कहा कि देश में एक दौर ऐसा था जब भारत को हर फ्रंट पर चुनौतियों का सामना करना पड़ता था। आज आतंक फैलाने वाले लोग आज चुप हो गए हैं। उन्होंने आगे कहा कि अगर पाकिस्तान कोई गलत काम करता है, तो भारतीय सेना उन्हीं की जमीन पर जवाबी हमला करती है। जम्मू-कश्मीर से लेकर नॉर्थ ईस्ट तक शांति है। देश में माओवाद खत्म हो गया है।
'मेक इन इंडिया' और भविष्य पर बात
PM मोदी ने कहा कि 2014 में जो लोग 'मेक इन इंडिया' का मखौल उड़ाते थे, आज वे देख सकते हैं कि भारत मोबाइल फोन आयात करने के बजाय 2.5 लाख करोड़ रुपये से अधिक के मोबाइल फोन निर्यात कर रहा है। भारत अपने स्पेस स्टेशन और भविष्य के ओलंपिक जैसे बड़े संकल्पों को पूरा करने की दिशा में बढ़ रहा है।
यह भी पढ़ें: प्रदूषण दूसरे देश करें, नुकसान झेलता है नेपाल! क्लाइमेट जस्टिस की मांग क्यों?
SRCC की शानदार विरासत
अपने भाषण में प्रधानमंत्री मोदी ने कॉलेज की तारीफ करते हुए कहा कि SRCC ने कई पीढ़ियों को संवारा है और यहां से अर्थशास्त्र के अलावा कलाकार, राजनेता, वकील और जज जैसे असाधारण लोग निकले हैं। उन्होंने अरुण जेटली और संजीव सान्याल का विशेष रूप से जिक्र किया।
