देशभर में आज मौसम का मिजाज बदलने वाला है। उत्तर भारत के राज्यों में अभी भी बारिश का इंतजार है लेकिन मॉनसून की एंट्री से पहले आज दिल्ली, यूपी, बिहार समेत 19 राज्यों में मौसम बदलने जा रहा है। मौसम विभाग ने आज कई राज्यों में बारिश, आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, झारखंड, मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र, ओडिशा और आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में बिजली कड़कने की संभावना है।

 

देश की राजधानी दिल्ली में आज यानी 24 जून को मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में धूल भरी आंधी के बाद गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। इस बारिश के कारण पहले से फैली हुई धूल कम हो जाएगा और तापमान में गिरावट की भी उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार, दिल्ली एनसीआर में आज 50 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। 

 

यह भी पढ़ें: राजस्थान में रण बना पांचना बांध विवाद, जातीय तनाव का कैसे ले रहा रूप?

 

उत्तर प्रदेश में मौसम

उत्तर प्रदेश में आज मिलाजुला असर देखने को मिलेगा। मौसम विभाग के अनुसार, आज गौतम बुद्ध नगर, मुजफ्फर नगर, मेरठ, गाजियाबाद, मोरादाबाद, आगरा, मथुरा, हमीरपुर, हापुड़, हरदोई, आजमगढ़, पीलीभीत, रायबरेली, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज और गोरखपुर में भारी बारिश देखने को मिल सकती है। इसके साथ ही अधिकतम तापमान भी 40 डिग्री तक रह सकता है। मौसम विभाग ने पूर्वी उत्तर प्रदेश में लू का अलर्ट भी जारी किया है। 

बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग की ओर से बिहार के सिवान, भोजपुर, गया, समस्तीपुर, वैशाली, सारण, सहरसा, पूर्णिया, मधुबनी, अररिया, किशनगंज, सुपौल, भागलपुर, बेगूसराय और खगड़िया में भारी बारिश के साथ-साथ तूफान का अलर्ट जारी किया गया है। बिहार की राजधानी पटना का अधिकतम तापमान आज 39 डिग्री सेल्सियस तो वहीं न्यूनतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा। 

पहाड़ी राज्यों का हाल?

उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में अभी मॉनसून ने दस्तक नहीं दी है लेकिन मौसम ने करवट बदल ली है। मौसम विभाग ने आज से 27 जून तक उत्तराखंड में झमाझम बारिश का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, कल उत्तराखंड के नैनीताल, हरिद्वार, टिहरी गढ़वाल, पिथौरागढ़, देहरादून, चमोली, चंपावत, बागेश्वर, पौड़ी गढ़वाल, ऋषिकेश और रुद्रप्रयाग में बारिश होने की संभावना है। 

 

हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां भी कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई गई है। जिन जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है उनमें  सोलन, कांगड़ा, मंडी, चंबा, किन्नौर, कुल्लू, हमीरपुर और बिलासपुर शामिल हैं। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, अनंतनाग, किश्तवाड़, बडगाम, गांदरबल, डोडा, रामबन, शोपियां, जम्मू, बांदीपोरा और बारामूला में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: घर से चलते हैं एक तिहाई से ज्यादा कारोबार, 86 पर्सेंट लोग लगाते हैं खुद का पैसा

गर्मी का कहर जारी

इस साल अभी भी कई राज्यों के लोग मॉनसून का इंतजार कर रहे हैं। जून महीने का आखिरी सप्ताह शुरू हो गया है लेकिन अभी तक मॉनसून ने एंट्री नहीं ली है जिसके कारण उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में अभी भी गर्मी का कहर जारी है। उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में, मध्य प्रदेश, बिहार, झारखंड और विदर्भ में आज हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग ने लोगों को सावधान रहने के लिए कहा है।