पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी ने रविवार को रामलीला मैदान से बीजेपी और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को आड़े हाथों लिया। तंज भरे लहजे में ममता ने ज्ञानेश कुमार को वैनिश कुमार कहकर संबोधित किया और एक कविता भी सुनाई। पूर्व सीएम ने कहा कि हम सब लोग ज्ञानेश कुमार के वैनिश होने का इंतजार कर रहे हैं। ममता ने कहा कि हम छोड़ेंगे नहीं। हम लड़ेंगे।

 

सोशल मीडिया पर ममता बनर्जी की कविता खूब वायरल हैं। इसमें वह कहती हैं, 'वैनिश-वैनिश यस पापा, वोट चोरी यस पापा।' यह कविता जॉनी-जॉनी यस पापा के तर्ज पर बनाई गई। यहां नीचे ममता बनर्जी की कविता सुन सकते हैं।

 

 

 

 

अपने संबोधन में ममता बनर्जी ने कहा, 'वैनिश कुमार जी' आप कब 'वैनिश' (गायब) होंगे? हम इंतजार कर रहे हैं। हम लोकतंत्र को वापस लाएंगे, भाजपा को सत्ता से जाना होगा। आरोप लगाया, 'बंगाल एसआईआर का पीड़ित है। हम उन्हें नहीं छोड़ेंगे, हम लड़ेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: रामलीला मैदान: सड़कों पर सपा-कांग्रेस कार्यकर्ताओं का उमड़ा हुजूम, बाकी दल कहां?

 

ममता ने बीजेपी पर मंदिर और रामजन्मभूमि को लूटने का आरोप लगाया। पूर्व सीएम ने कहा, 'उन्होंने क्या नहीं लूटा है? मंदिर लूटा। राम जन्मभूमि का रुपये लूटा। बंगाल में मंदिर का पैसा लूटा। मस्जिद और वक्फ प्रॉपर्टी में लूट की।' उन्होंने आगे बीजेपी पर इज्जत, लोकतंत्र और संविधान लूटने का आरोप लगाया। कहा कि पुलिस उनके साथी है। बीजेपी का अपना कोई संगठन नहीं है। वे पुलिस से पार्टी का काम करवाते हैं। नारा लगाया कि बीजेपी जाएगी।

लोकतंत्र बचाने के लिए मोदी को हटाना होगा: खरगे

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने बीजेपी पर वोट चोरी से सरकार बनाने का आरोप लगाया। रामलीला मैदान से खरगे ने कहा, 'उन्हें वोट कौन देता है? वे खुद को ही चुन लेते हैं। जनता उन्हें नहीं चुनती। मौजूदा केंद्र सरकार, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश की सरकारें... ये सभी वोट चोरी से बनी हैं। हमें इन चोरों को हटाना होगा। लोकतंत्र तभी बचेगा जब मोदी जाएंगे। लोकतंत्र को बचाने के लिए हमें मोदी को हटाना होगा।'

 

यह भी पढ़ें: देशभर में BJP का लोकतंत्र बचाओ मार्च, 1984 दंगों पर कांग्रेस को घेरा

तेजस्वी ने महाभारत से की तुलना

आरजेडी नेता तेजस्वी यादव ने रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा, 'रामलीला मैदान पारंपरिक रूप से रामायण के मंचन के लिए है, लेकिन आज हमने उन लोगों के लिए 'महाभारत' का आयोजन किया है, जो वोट चुराते हैं। आप सभी जानते हैं कि महाभारत में शकुनि ने क्या खेल खेला था। आप अपना इतिहास जानते हैं। महाभारत किसी युद्ध के मैदान में नहीं, बल्कि पासे के खेल से शुरू हुआ था और अब जब शकुनि अपना खेल खेल रहा है तो हमें भी यह लड़ाई लड़ने के लिए मजबूर होना पड़ा है।'