केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर कक्षा 10वीं द्वितीय बोर्ड परीक्षा 2026 के नतीजे जारी कर दिए हैं। लाखों बच्चों को रिजल्ट का इंतजार था। यह परीक्षा 15 से 21 मई के बीच आयोजित की गई थी। बोर्ड ने बताया कि 2026 की मुख्य और दूसरी बोर्ड परीक्षाओं के नतीजों को मिलाकर कुल पास प्रतिशत 96.78% रहा।
बोर्ड ने अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर लिखा, 'कक्षा 10 की परीक्षा के नतीजे 2026 (दूसरी बोर्ड परीक्षा के बाद) और कक्षा 12 की परीक्षा के नतीजे 2026, जिसमें री-इवैल्यूएशन/वेरिफिकेशन के बाद के नतीजे अब उपलब्ध हैं।'
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद में पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 5 की मौत; 10 लोग घायल
कोई भी छात्र सीबीएसई की वेबसाइट पर cbseresults.nic.in पर रिजल्ट देख सकता है। इसके अलावा डिजिलॉकर और उमंग एप पर भी रिजल्ट उपलब्ध है। डिजिलॉकर की वेबसाइट पर जाने के बाद छात्रों को सबसे पहले अपना रोल नंबर भरना होगा। इसके बाद कक्षा चुनना होगा। एडमिट कार्ड आईडी और जन्मतिथि भरने के बाद समिट बटन पर क्लिक करते ही रिजल्ट आपके सामने होगा।
इन जगहों पर भी देखें अपना रिजल्ट
- cbse.gov.in
- cbseresults.nic.in
- results.cbse.nic.in
- डिजीलॉकर।
- उमंग ऐप
यह भी पढ़ें: कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में किस दिन होंगे भारतीय एथलीट्स के मुकाबले? पूरा शेड्यूल
दो बार परीक्षा क्यों आयोजित कर रहा सीबीएसई?
सीबीएसई के मुताबिक 10वीं की सेकेंड बोर्ड परीक्षा के लिए कुल 6,64,027 ने पंजीकरण कराया था। इनमें 6,63,777 छात्रों ने दूसरी बोर्ड परीक्षा में हिस्सा लिया। इस परीक्षा उद्देश्य मुख्य परीक्षा में अपने रिजल्ट को बेहतर बनाने का मौका देना है।
बता दें कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के तहत सीबीएसई कक्षा 10वीं में दो बार बोर्ड परीक्षा आयोजित कर रही है। मुख्य परीक्षा 17 फरवरी से 11 मार्च 2026 तक आयोजित हुई। वहीं दूसरी परीक्षा का आयोजन 15 मई से 21 मई के बीच किया गया। बोर्ड का कहना है कि दूसरी बोर्ड परीक्षा में 59.95 फीसद सुधार दिख रहा है।
- पंजीकृत छात्र- 6,64,027
- परीक्षा में शामिल छात्र- 6,63,777
- अंक सुधारने की परीक्षा देने वाले छात्र- 5,13,955
- जिनके अंक बेहतर हुए- 3,08,095 (59.95%)
दूसरी परीक्षा से क्या फायदा हुआ?
- करीब 5.14 लाख छात्रों ने दूसरी परीक्षा अंक सुधारने के लिए दी।
- नतीजा- लगभग 3.08 लाख यानी 59.95% छात्रों के अंक पहले से अच्छे हुए।
- कंपार्टमेंट परीक्षा देने वाले 52.40% छात्र पास। पिछले साल यह आंकड़ा 48.68% रहा।
- दोनों परीक्षाओं में से बेहतर प्रदर्शन को अंतिम नतीजों में शामिल किया जाएगा।
ईमेल पर भेजे जाएंगे स्कूल वार नतीजे
सीबीएसई ने बताया कि स्कूल-वार नतीजे स्कूलों को उनके रजिस्टर्ड ईमेल एड्रेस पर भी भेजे जाएंगे। स्कूल, सीबीएसई द्वारा पहले से दिए गए क्रेडेंशियल्स का इस्तेमाल करके रिपॉजिटरी के माध्यम अपने स्टूडेंट्स के डिजिटल एकेडमिक डॉक्यूमेंट्स भी देख सकते हैं। विदेश में सीबीएसई से जुड़े स्कूलों के विद्यार्थी भी DigiLocker के माध्यम से अपना रिजल्ट और डिजिटल एकेडमिक डॉक्यूमेंट्स देख सकेंगे।
बोर्ड ने आगे बताया कि रेगुलर स्टूडेंट्स की प्रिंटेड मार्कशीट और पासिंग सर्टिफिकेट उनके स्कूलों के माध्यम से दिए जाएंगे। प्राइवेट स्टूडेंट्स को DigiLocker के जरिए डिजिटल एकेडमिक डॉक्यूमेंट्स दिए जाएंगे। प्रिंटेड डॉक्यूमेंट्स उनके रजिस्टर्ड पते पर भेजे जाएंगे। हालांकि दिल्ली ईस्ट और दिल्ली वेस्ट रीजनल ऑफिस के तहत आने वाले प्राइवेट कैंडिडेट्स अपने प्रिंटेड डॉक्यूमेंट्स उन परीक्षा केंद्रों से ले सकते हैं, जहां से उन्होंने परीक्षा दी थी।
