कमीशन फॉर एयर क्वालिटी मैनेजमेंट (CAQM) ने साल 2027 के लिए दिल्ली-NCR में प्रदूषण घटाने का लक्ष्य तय किया है। आयोग ने कम से कम 15 प्रतिशत और अधिकतम 20 प्रतिशत तक कमी का लक्ष्य रखा है। शनिवार को जारी आधिकारिक विज्ञप्ति में आयोग ने दिल्ली और NCR राज्यों की सरकारों से आने वाले साल के लिए व्यापक कार्य योजना बनाने को कहा है।

आयोग ने पहली बार राज्य सरकारों को जिला स्तर पर भी कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए हैं। लक्ष्य पूरा करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान नाम और पद के साथ करने को कहा गया है। आयोग के मुताबिक इसका मकसद जमीनी स्तर पर प्रदूषण में मापने लायक कमी लाना और जवाबदेही तय करना है।

यह भी पढ़ें: वायु प्रदूषण के मामले में यूपी में नंबर वन बना वाराणसी, 225 पहुंचा AQI

पहली बार जिला स्तर पर बन रही कार्य योजना

आयोग ने कहा कि पहली बार जिला स्तरीय कार्य योजनाएं राज्य कार्य योजनाओं का अहम हिस्सा होंगी। इससे जमीनी स्तर पर प्रदूषण नियंत्रण के उपाय योजना के साथ और केंद्रित ढंग से लागू हो सकेंगे। जरूरत पड़ने पर समय रहते सुधार की कार्रवाई भी हो सकेगी।

कम से कम 15% कमी जरूरी

आयोग ने प्रदूषण के बोझ में ठोस और मापने लायक कमी की बात कही है। इसके तहत 15 प्रतिशत की कमी अनिवार्य होगी, जबकि लक्ष्य 20 प्रतिशत तक रखा गया है। आयोग ने इसे बड़ा बदलाव बताया। अब सिर्फ प्रदूषण नियंत्रण के उपायों और गतिविधियों की सूची बनाने के बजाय नतीजों पर जोर रहेगा।

नाम और पद के साथ तय होगी जिम्मेदारी

आयोग ने कहा है कि तय लक्ष्य पूरे करने के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की पहचान उनके नाम और पद के साथ की जाए। इससे अमल और नतीजों के लिए साफ जिम्मेदारी तय होगी।

सर्दियों में बढ़ जाता है असर

सर्दियों के मौसम में हालात राजधानी में वायु प्रदूषण का असर बढ़ा देते हैं। पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने से भी बोझ बढ़ता है। शनिवार 21 नवंबर को दिल्ली के लोधी गार्डन इलाके में सुबह धुंध की परत छाई रही।

यह भी पढ़ें: दिल्ली बन रही गैस चैंबर, हिमाचल में हर साल घटता जा रहा प्रदूषण, आंकड़ों से समझिए

आयोग ने बताया मकसद

आयोग ने कहा है कि दिल्ली-NCR और आसपास के इलाकों में हवा को सांस लेने लायक बनाने के लिए कुछ दायित्व बेहद अहम हैं। आयोग ने तय किया है कि  पारंपरिक योजना से आगे बढ़कर हवा की गुणवत्ता में ठोस सुधार के लिए एक व्यवस्थित, मापने लायक और जवाबदेह ढांचा तैयार किया जाएगा।

कैसे? यह तय ही नहीं

CAQM यह उपलब्धि कैसे हासिल करेगा, इसका कोई मैप अभी तक सामने नहीं आया है। दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति खराब है। दिल्ली में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) गंभीर स्थिति में है। नोएडा का औसत AQI 170 से ज्यादा है, दिल्ली में ह आंकड़ा 180 है।