त्रिपुरा के युवक के साथ अपमानजनक और नस्लीय व्यवहार करने के आरोपी सोशल मीडिया क्रिएटर आमिर शौकीन को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस के मुताबिक आरोपी पहले भी लड़ाई-झगड़े के कई मामलों में शामिल रहा है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लिया। आरोपी को करोल बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया है।

 

दिल्ली पुलिस ने बताया कि वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस की टीम आरोपी के घर पहुंची, लेकिन वह वहां नहीं मिला। उत्तर दिल्ली की पुलिस उपायुक्त (DCP) निहारिका भट्ट ने बताया कि कंटेंट क्रिएटर अमीर शौकीन सदर बाजार क्षेत्र का एक बुरे चरित्र (बीसी) का व्यक्ति है और पहले भी झगड़े के कई मामलों में शामिल रह चुका है। उसे करोल बाग इलाके से गिरफ्तार किया गया है। 

 

यह भी पढ़ें: खुद नशा करते थे, फिर कैसे बने एंटी ड्रग एक्टिविस्ट, परविंदर सिंह झोटा की कहानी

 

सोशल मीडिया पर आमिर शौकीन के वीडियो की चौतरफा आलोचना हो रही है। केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने न केवल घटना की निंदा की, बल्कि आरोपी के खिलाफ सख्त एक्शन की मांग उठाई। इस बीच पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (SPUNER) ने इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट को पत्र लिखा और वायरल वीडियो की जांच करने को कहा। आईएफएसओ यूनिट अब वीडियो की जांच में जुट गई है।

 

सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आरोपी आमिर शौकीन त्रिपुरा के बारे में बेहद घटिया और अपमानजनक टिप्पणी करता है। वह त्रिपुरा के युवक को बेइज्जत भी करता है। आसपास बैठे लोग भी उसे रोकने की जगह हंसते दिखे। त्रिपुरा के सीएम माणिक साहा ने अपने पुलिस महानिदेशक को दिल्ली पुलिस के साथ समन्वय करने का निर्देश दिया है।

 

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने अपने एक्स अकाउंट पर वीडियो साझा किया और लिखा, 'इस दुष्ट व्यक्ति को सजा मिलेगी। आधिकारिक शिकायत दर्ज कराने में देरी जरूर हुई, लेकिन दिल्ली पुलिस और त्रिपुरा पुलिस उसे कड़ा सबक सिखाएंगी। समाज में इस तरह के बुरे बर्ताव को बर्दाश्त करने वाले लोग भी नफरत फैलाने के लिए जिम्मेदार हैं।' 

 

यह भी पढ़ें: भारत ने पहले टी20 मैच में न्यूजीलैंड को हराया, संजू-नमन बने जीत के हीरो

 

त्रिपुरा स्टूडेंट्स फोरम दिल्ली (TSFD) ने पूर्वोत्तर क्षेत्र के लिए विशेष पुलिस इकाई (SPUNER) के संयुक्त पुलिस आयुक्त को 21 अक्टूबर को एक शिकायत भेजी। इसमें वायरल वीडियो की तत्काल और निष्पक्ष जांच की मांग की। आरोप लगाया कि वीडियो में एक कंटेंट क्रिएटर त्रिपुरा के एक युवक के साथ अपमानजक व्यवहार, प्रताड़ना और यौन उत्पीड़न करते दिखाई दे रहा है।