भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के भाषण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और डीपफेक तकनीक के जरिए बदलाव करने के आरोप लगे हैं। इसमें दर्ज शिकायत के आधार पर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए मामले को स्पेशल सेल की इंटेलिजेंस फ्यूजन एंड स्ट्रैटेजिक ऑपरेशंस (IFSO) यूनिट को सौंप दिया है। पुलिस की तरफ से आए बयान में कहा गया कि डीपफेक मामलों से निपटने के लिए IFSO के पास विशेष टीमें हैं, जो अब इस पूरे मामले की जांच करेंगी।
इससे पहले सोमवार को दिल्ली बीजेपी ने सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट में अज्ञात लोगों और कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि इन अकाउंट्स ने संपादित और डीपफेक वीडियो को सोशल मीडिया पर चलाया। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, फर्जी वीडियो हटाने के लिए मेटा और एक्स को नोटिस भेजे जा चुके हैं और कुछ सोशल मीडिया हैंडल्स के नाम भी नोट किए गए हैं, जिनके जरिए आरोपियों की पहचान जल्द की जाएगी।
यह भी पढ़ें: 'पापा की सुरक्षा हटाने के पीछे मकसद था', सोनिया के साथ टेबल टॉक में बोले राहुल
वीडियो में क्या दिखाया गया?
बीजेपी के अनुसार, नितिन नवीन ने 22 नवंबर को चंडीगढ़ में एक जनसभा को संबोधित किया था। पार्टी प्रवक्ता ने कहा कि इसी भाषण के असली वीडियो से छेड़छाड़ करके एआई और डीपफेक के जरिए गलत और पूरी तरह मनगढ़ंत वीडियो बनाया गया। इस बदले हुए वीडियो में भारत-चीन संबंध, पाकिस्तान, शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन और देश में बनी लड़ाकू विमान तेजस एमके-1 जैसे संवेदनशील राष्ट्रीय मुद्दों को दिखाया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल 37 सेकंड के इस वीडियो में नबीन यह कहते दिख रहे हैं कि चीन ने भारत पर दबाव बनाया है कि वह 200 वर्ग किलोमीटर भारतीय जमीन वापस पाने के समझौते के बदले पाकिस्तान को SCO सम्मेलन में बुलाए। वीडियो में यह भी कहा गया प्रतीत होता है कि तेजस विमान के ढांचे तो बन गए हैं लेकिन इंजन नहीं हैं। इसमें यह तक कहा गया कि अमेरिका अपनी मर्जी से जब चाहेगा तब इंजन देगा।
असलियत क्या है?
बीजेपी का कहना है कि असली वीडियो में नितिन नवीन मतदाता सूचियों के SIR और दूसरे मुद्दों पर बात कर रहे थे। बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा, पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के साथ, DCP सेंट्रल और DCP IFSO से मिले। पार्टी ने मामले में तुरंत FIR दर्ज कर शामिल सोशल मीडिया अकाउंट्स की पहचान करने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
यह भी पढ़ें: 'दिल्ली में BS-6 वाहन ही चलें', प्रदूषण को लेकर CJI सूर्यकांत ने सुझाया रास्ता
बीजेपी दिल्ली अध्यक्ष ने कहा, 'लगातार चुनावी हार के बाद विपक्ष के पास अब कोई असली मुद्दा नहीं बचा है। पंजाब, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनावों में अपनी संभावित हार के डर से, विपक्षी दल जनता को गुमराह करने के लिए एक AI-जनरेटेड फर्जी वीडियो फैला रहे हैं। इस वीडियो में हमारे राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को अंतरराष्ट्रीय संबंधों, पाकिस्तान और चीन पर बोलते हुए दिखाया गया है। हमने डीसीपी सेंट्रल के पास औपचारिक शिकायत दर्ज कराई है। हमने मांग की है कि तुरंत FIR दर्ज की जाए, मामले की जांच करके इसके पीछे के लोगों को बेनकाब किया जाए और दोषियों पर देशद्रोह के आरोप लगाए जाएं।'
