दिल्ली में लोगों की यात्रा के लिए आज तमाम आधुनिक साधन आ गए हैं। इसके अलावा आज जो नए साधन उपलब्ध हैं, उनमें से कई पुराने हैं जिन्हें अपग्रेड करके आधुनिक बना दिया गया है। जैसे दिल्ली दिल्ली ट्रांसपोर्ट कॉरपोरेशन (DTC) में नई आधुनिक बसें जोड़कर इसे बेहतर बनाया गया है। इसके अलावा दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC) राजधानी और एनसीआर के लोगों को सेवाएं दे रही है।
मगर, जो भारतीय रेलवे छह साल पहले तक दिल्ली के लोगों को सस्ते दर पर सफर करवाया करती थी अब वह सालों से बंद पड़ी है। हालात ये हैं कि दिल्ली के बीचों-बीच जो रेल दौड़ा करती थी वह बंद पड़ी है। दरअसल, रेलवे राजधानी में 'दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क' का संचालन करती थी लेकिन वर्तमान में यह रिंग नेटवर्क धूल फांक रहा है। रेलवे ने दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क को आधिकारिक तौर पर बंद करने का नोटिस नहीं दिया है, लेकिन बगैर नोटिस के इसपर किसी भी तरह की लोकल/पैसेंजर ट्रेन का संचालन नहीं करता है।
यह भी पढ़ें: त्योहारी सीजन में उत्तर रेलवे का रिकॉर्ड, 1.82 करोड़ यात्रियों ने किया सफर
दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क क्या है?
दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क दिल्ली के चारों ओर बना हुआ एक वृत्ताकार (Circular) रेलवे ट्रैक है। यह ट्रैक तकरीबन 35 किलोमीटर लंबा है, जिसका निर्माण साल 1975 में मुख्य रूप से मालगाड़ियों की आवाजाही को आसान बनाने के लिए किया गया था। मगर, आगे चलकर राजधानी के लोगों की जरूरों को देखते हुए साल 1982 में दिल्ली में हुए एशियाई खेलों के दौरान इस रेल नेटवर्क को यात्री सेवाओं के लिए शुरू कर दिया गया। तब से लेकर साल 2020 तक (कोरोना काल) इस ट्रैक पर पैसेंजर ट्रेनें चलती रहीं।
कोरोना काल के दौरान जब भारतीय रेलवे ने ट्रेनों का संचालन बंद किया तो दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क भी बंद कर दिया गया। कोरोना काल के बीतने के बाद रेलवे ने देशभर में फिर से ट्रेनों का चलाना शुरू कर दिया लेकिन दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क इसके बाद फिर कभी लोगों के लिए नहीं खुला। तब से लेकर अबतक 6 साल से ज्यादा का समय बीच गया है लेकिन यह ट्रैक यात्रियों के लिए कभी नहीं खुला।
विरान पड़ा रिंग रेलवे नेटवर्क
अब दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क विरान पड़ चुका है। इस नेटवर्क में आने वाले 21 रेलवे स्टेशनों में से ज्यादातर बदहाली और रेलवे द्वारा नजरअंदाज का शिकार हो चुके हैं। वर्तमान में दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क पर मालगाड़ियां चलती हैं। इन्हीं 21 छोटे-बड़े रेलवे स्टेशनों से होकर जो मालगाडियां होकर गुजरती हैं, वहां कुछ एक रेलवे स्टेशनों पर एक-दो रेलकर्मी और आरपीएफ के जवान तैनात किए गए हैं।
'खबरगांव' को दिखी स्टेशनों की बदहाली
खबरगांव ने दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क के अंतर्गत आने वाले तीन स्टेशनों पर जाकर जायजा लिया। ग्राउंड जीरो पर जाकर हमें जो दिखाई दिया, उससे रेलवे की इन स्टेशनों के प्रति उदासीनता साफ नजर आई। लाजपत नगर रेलवे स्टेशन पहुंचने के बाद इसकी बदहाली की तस्वीर सामने आई। यह स्टेशन जंगपुरा और लाजपत नगर के बीचों-बीच बनाया गया है। जंगपुरा साइड स्टेशन की दीवारों के पास अवैध अतिक्रमण है, जगह-जगह से दीवारें टूटी हुई हैं। स्टेशन पर चार प्लेटफॉर्म हैं। स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या चार पर जाने के बाद, इसकी असली बदहाली की तस्वीर सामने आई।
यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: 500 दो 5 मिनट में एंट्री पाओ; दिल्ली स्टेशन पर कुलियों की चांदी
बीच से ही टूटा प्लेटफॉर्म
प्लेटफॉर्म संख्या चार बीच से ही टूट गया है। आज तकरीबन 15-20 मीटर का प्लेटफॉर्म ही गायब हो चुका है। आसपास बात करने पर पता चला कि यह बारिश के समय से ही उखड़ा पड़ा है लेकिन रेलवे ने इसकी सुध नहीं ली। जब हमने लाजपत नगर स्टेशन की बदहाली के बारे में दिल्ली DRM ऑफिस से बात की तो उनका जवाब था- 'लाजपत नगर रेलवे स्टेशन पर स्थित रेलवे कर्मचारी के कार्यालय का मरम्मत कार्य आवश्यकता अनुसार समय-समय पर करवाया जाता है। किसी भी सवारी गाड़ी का यहां पर स्टॉपेज नही है।'
हालांकि, दिल्ली रिंग रेलवे नेटवर्क बदहाली का शिकार क्यों है और इसे क्यों बंद किया गया? इस सवाल के जवाब में रेलवे ने जवाब देते हुए कहा, 'कोविड के पश्चात लोकल ट्रेन सेवाओं को यात्रियों की कम संख्या के कारण मुख्यालय के निर्देशानुसार बंद कर दिया गया था।'
सरोजिनी नगर रेलवे स्टेशन में क्या दिखा?
सरोजिनी नगर रेलवे स्टेशन दिल्ली की मशहूर मार्केट सरोजिनी नगर के पास स्थित है। इस एरिया में कई सरकारी ऑफिस और सरकारी आवास हैं। स्टेशन पर जाने के बाद पता चला कि रेलवे ने इसे 4 फरवरी 2026 को ही अस्थायी रूप से बंद कर दिया है। हालांकि, टिकट घर के बाहर एक नोटिस चस्पा मिला, जिसपर 'यह स्टेशन अस्थायी रूप से दिनांक 4/2/2026 से बन्द कर दिया गया है। टिकट नहीं मिलेगा। कृपया QR से टिकट बनाएं।' लिखा हुआ मिला। हालांकि, जब यहां से कोई पैसेंजर ट्रेन नहीं चल रही है तो फिर QR से स्कैन करके टिकट निकालने का क्या मतलब है?
स्टेशन के अंदर जाने पर युवाओं को एक ग्रुप नशा करते हुए मिला। इतने में वहां से एक मालगाड़ी गुजरी। हमें पूरे स्टेशन पर कोई रेलवे का कर्मचारी और रेलवे सुरक्षा बल का कोई कर्मचारी नहीं दिखाई दिया। हालांकि, ट्रेनें बंद होने से पहले सरोजिनी नगर बाजार में दिल्ली में दूर-दूर से लोग यहां खरीददारी करने के लिए आते थे।
भूतिया बना चाणक्यपुरी रेलवे स्टेशन
इसके बाद चाणक्यपुरी रेलवे स्टेशन पर जाने के बाद की स्थिति एकदम उलट दिखी। चाणक्यपुरी स्टेशन कई देशों की एंबेसी के एकदम पास में स्थित है। यहां का रास्ता एबेंसियों के बीचों-बीच से होकर जाता है। चाणक्यपुरी रेलवे स्टेशन अब विरान पड़ चुका है, यहां दोनों तरफ अरावली की पहाड़ियां हैं जिनके ऊपर लंबी-लंबी झाड़ियां हैं। दोनों तरफ के पेड़ इतने बड़े हो चुके हैं कि इनकी सालों से छंटाई नहीं हुई है। यहां का मंजर देखने के बाद ऐसी विरानी लगती है जैसे स्टेशन पर सालों से कोई नहीं आया और ना ही इसकी रेलवे ने देखरेख की है।
हम यहां लगभग 20 मिनट रहे। क्योंकि चाणक्यपुरी रेलवे स्टेशन का मंजर इन दिनों सोशल मीडिया पर वायरल है इसलिए यहां कई युवक रील और वीडियो बनाने के लिए पहुंचे हुए थे। इसी समय स्टेशन पर एक मालगाड़ी आई और सीटी बजाते हुए चली गई।
हालांकि, जब हमने रेलवे से पूछा कि इस रेल नेटवर्क पर लॉकडाउन से पहले कितने यात्री चलते थे, उस समय तक रेलवे की कितनी कमाई होती थी? इसके बारे में रेलवे ने जानकारी नहीं दी।
