दिल्ली के रोहिणी इलाके में पुरानी रंजिश को लेकर दो गुटों के बीच हुई हिंसक झड़प जानलेवा हो गई। इस हिंसक झड़प में दो नाबालिगों की कथित तौर पर चाकू मारकर हत्या कर दी गई। इस घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। पुलिस ने जानकारी दी की इस घटना में एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया है। 

 

यह घटना बुधवार को रोहिणी के सेक्टर-20 में हुई, जहां सुल्तानपुरी इलाके के तीन किशोर एक अन्य लड़के का पता लगाने पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि ये तीनों इस साल की शुरुआत में हुए अपने एक साथी की हत्या के मामले में उसे ढूंढ रहे थे। उस पर शक था कि उसने उनके साथी की हत्या के दोषियों को पनाह दी थी। 

 

यह भी पढ़ें: लापता हुए, लाश मिली और दफना दिया, फिर घर लौट आया शख्स, हैरान कर देगी यह कहानी

 

क्या है पूरा मामला?

पुलिस ने बताया कि हथियारों से लैस तीनों नाबालिग उस लड़के को नहीं ढूंढ पाए और बाद में इलाके के एक स्थानीय परिवार के सदस्यों के साथ उनकी कहासुनी हो गई। पुलिस सूत्रों ने बताया कि विवाद के दौरान युवकों ने कथित तौर पर एक महिला और उसके बेटे के साथ मारपीट की, जिससे दोनों घायल हो गए।

 

जब तीनों लड़कों ने भागने की कोशिश की, तो घायल महिला के बेटे और इलाके के कुछ अन्य लोगों ने उनका पीछा किया। पीछा करने के दौरान, भाग रहे लड़कों में से एक के हाथ से चाकू कथित रूप से फिसल कर गिर गया। पुलिस ने बताया कि 14 साल के लड़के ने कथित तौर पर वह चाकू उठा लिया और दो नाबालिगों पर हमला कर दिया, जिससे एक की गर्दन पर और दूसरे के पेट व छाती पर चाकू लगा। दोनों गंभीर रूप से जख्मी होने के कारण सड़क पर गिर गए।

दो की मौत एक घायल

अधिकारियों ने बताया कि घटना की सूचना मिलने पर पुलिस कर्मी उन्हें नजदीकी अस्पताल ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि झड़प में घायल हुए तीसरे लड़के का इलाज किया जा रहा है। सीनियर पुलिस अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम के साथ क्राइम लोकेशन का निरीक्षण किया और सबूत इकट्ठा किए, जिसमें हत्याओं में कथित रूप से इस्तेमाल किया गया चाकू भी शामिल है।

 

यह भी पढ़ें: LTTE, प्रभारकण, राजीव गांधी और विजय, तमिल राजनीति में फंसते जा रहे राहुल गांधी?

पुलिस ने क्या बताया?

पुलिस ने बताया कि इस सिलसिले में एक नाबालिग को पकड़ा गया है। जांचकर्ताओं ने कहा कि दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर दोनों पक्षों के खिलाफ हत्या और हत्या के प्रयास से जुड़ी धाराओं में मामले दर्ज किए गए हैं। इस घटना की जांच के लिए पुलिस इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। पुलिस को शक है कि यह हिंसा हत्या के पुराने मामले को लेकर दोनों गुटों के बीच आपसी रंजिश का नतीजा थी।