राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम अब दिल्ली की वोटर लिस्ट में आ गया है। 3 सितंबर को राघव चड्ढा ने आरोप लगाए थे कि आम आदमी पार्टी (AAP) की पंजाब सरकार ने उनसे बदला लेने के लिए उनका वोट ही कटवा दिया। अब दिल्ली के मुख्य चुनाव अधिकारी की ओर से जारी स्पष्टीकरण में कहा गया है कि राघव चड्ढा ने 26 अगस्त को ही आवेदन दिया था कि उनका नाम दिल्ली में मतदाता के नाम पर जोड़ा जाए। अब AAP ने इस पर सवाल उठाए हैं। AAP का कहना है कि राघव चड्ढा के आवेदन करने का कोई सबूत मौजूद नहीं है।
इस मुद्दे को लेकर अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) और AAP आमने-सामने हैं। BJP आरोप लगा रही है कि जानबूझकर राघव चड्ढा का नाम कटवाया गया। वहीं, AAP का कहना है कि दिल्ली में राघव चड्ढा का नाम गलत तरीके से और बिना आवेदन किए ही जोड़ दिया गया है।
यह भी पढ़ें: 'मृतक के बेटे का वीडियो देखो', राहुल गांधी ने मांगा इस्तीफा तो AAP ने दी नसीहत
चुनाव आयोग ने क्या-क्या कहा?
दिल्ली के मुख्य चुनाव आयुक्त के कार्यालय की ओर से 8 सितंबर को एक बयान जारी किया गया। इसमें बताया गया कि किसी का भी नाम फॉर्म 6, 7 या 8 भरने से बाद ही जोड़ा जाता है। इसी में यह भी बताया गया कि 31 अगस्त को जो ड्राफ्ट लिस्ट पब्लिश हुई है उसे मतदाताओं की ओर से एन्युमेरेशन फॉर्म भरने और BLO की ओर से उसे मंजूर किए जाने के बाद ही तैयार किया गया है।
इसी पर सवाल उठाते हुए AAP नेता अनुराग ढांडा ने लिखा था, 'राघव चड्ढा के फॉर्म 6 भरने का कोई सबूत चुनाव आयोग की वेबसाइट या फिर सार्वजनिक रिकार्ड्स में मौजूद नहीं है। यह अनिवार्य है कि फॉर्म 6 के जरिए किए गए सभी आवेदनों को फॉर्म 9 में प्रकाशित किया जाए और आपत्तियों के लिए आमंत्रित किया जाए। मैं CEO दिल्ली और चुनाव आयोग को चुनौती देता हूं कि वे फॉर्म 6 भरने की तारीख और राघव चड्ढा के रिकार्ड को सार्वजनिक करें। लोगों को यह देखने दीजिए कि आखिर आप पिछले दरवाजे से वोटर लिस्ट में नाम कैसे शामिल कर लेते हैं। छिपाने वाली क्या बात है?'
यह भी पढ़ें: 'बदला ले रहे...', ड्राफ्ट वोटर लिस्ट से गायब राघव चड्ढा का नाम, AAP पर भड़के
दूसरी बार दी सफाई
अब CEO दिल्ली ने इसी पर नया स्पष्टीकरण जारी करते हुए राघव चड्ढा के आवेदन की तारीख बताई है। इसमें बताया गया है कि राघव चड्ढा ने राजिंदर नगर विधानसभा में अपना नाम वोटर लिस्ट में शामिल करने के लिए 26 अगस्त को फॉर्म 6 के जरिए आवेदन किया था। चुनाव आयोग के मुताबिक, 7 दिन की अनिवार्य समय सीमा बीतने के बाद ERO ने चुनाव आयोग की ओर तय प्रक्रिया का पालन करेत हुए 2 सितंबर को इसे मंजूरी दी।
इस तरह राघव चड्ढा का नाम फिलहाल दिल्ली की ड्राफ्ट लिस्ट में मौजूद है और अभी इस पर औपचारिक तौर पर आपत्ति दर्ज कराई जा सकती है। दिल्ली की अंतिम लिस्ट 4 नवंबर 2026 को जारी होनी है। उधर पंजाब की ड्राफ्ट लिस्ट से राघव चड्ढा का नाम बाहर हो चुका है और उन्होंने इसको लेकर AAP पर कई तरह के सवाल भी उठाए थे।
