इबोला वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए केंद्र सरकार ने विदेश से भारत आने वाले यात्रियों की हेल्थ चेकिंग और निगरानी को और सख्त कर दिया है। इसके लिए नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने AIR SUVIDHA 2.0 पोर्टल लॉन्च किया है। अब विदेश से भारत आने वाले यात्रियों को यात्रा से पहले अपनी सेहत से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन देनी होगी, ताकि अगर कोई संभावित संक्रमित व्यक्ति हो तो उसकी समय रहते पहचान की जा सके और संक्रमण फैलने से रोका जा सके।
सरकार का कहना है कि नई व्यवस्था से एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया पहले से अधिक तेज और आसान होगी। इसके साथ ही स्वास्थ्य विभाग, इमिग्रेशन और निगरानी एजेंसियों के बीच यात्रियों की जानकारी रियल-टाइम में शेयर की जा सकेगी। इससे संक्रामक बीमारियों की रोकथाम में भी मदद मिलेगी।
यह भी पढ़ें: AI और आतंकवाद का भारत ने क्या कनेक्शन बताया कि पाकिस्तान को अखर गया?
यात्रा से 24 घंटे पहले भरना होगा हेल्थ फॉर्म
AIR SUVIDHA 2.0 के तहत अब विदेश से भारत आने वाले सभी यात्रियों को अपनी फ्लाइट के भारत पहुंचने से कम से कम 24 घंटे पहले ऑनलाइन हेल्थ सेल्फ-डिक्लेरेशन फॉर्म भरना होगा। इस फॉर्म में उन्हें अपनी सेहत और हाल की यात्रा से जुड़ी जरूरी जानकारी देनी होगी। सरकार का कहना है कि इससे जोखिम वाले यात्रियों की पहले ही पहचान हो सकेगी और जरूरत पड़ने पर समय रहते जरूरी स्वास्थ्य संबंधी कदम उठाए जा सकेंगे।
यह भी पढ़ें: गुजरात, बिहार और एमपी की इन सीटों पर उपचुनाव, ECI ने किया ऐलान
नई व्यवस्था की सबसे बड़ी खास बात यह है कि अब विदेश से आने वाले यात्रियों को एयरपोर्ट पर कोई कागजी फॉर्म भरने की जरूरत नहीं होगी। पूरा प्रोसेस पूरी तरह डिजिटल, पेपरलेस और कॉन्टैक्टलेस होगा। इससे इमिग्रेशन काउंटर पर समय बचेगा, लंबी लाइनों में कम इंतजार करना पड़ेगा और यात्रियों को ज्यादा सुविधा मिलेगी। साथ ही एयरपोर्ट पर स्वास्थ्य जांच की प्रक्रिया भी पहले से ज्यादा तेज, आसान और बेहतर तरीके से पूरी हो सकेगी।


