दिल्ली में सोमवार को कुछ देर तेज बारिश क्या हुई, कई इलाकों में जलभराव हो गया। ऐसा लग रहा है कि यमुना नदी का पानी दिल्ली की गलियों में उतर आया हो। राजीव चौक से लेकर सोनिया विहार जैसे इलाकों तक पानी में डूबे नजर आए। बारिश में सिर्फ दिल्ली नहीं, गुरुग्राम तक बुरी तरह प्रभावित है,लोगों की आवाजाही मुश्किल हो रही है। यह हाल तब है जब मानसून से पहले दिल्ली के रेखा गुप्ता सरकार ने 95 फीसदी तक नालियों से डीसेल्टिंग करने का वादा किया था।
दिल्ली सरकार ने कई विज्ञापन टीवी चैनलों पर चले कि दिल्ली में नालियों से गाद निकालने का काम पूरा हो गया है, दिल्ली साफ हो गई है लेकिन जमीनी हालात इससे बिलकुल अलग नजर आए हैं। महज एक दिन की बारिश में दिल्ली के पॉश इलाके पानी में डूब गए और अगले दिन मंगलवार को भी सड़कों से पानी का स्तर कम नहीं हुआ है। मतलब साथ हुआ है कि गाद निकालने का पूरा काम हो नहीं पाया।
यह भी पढ़ें: दिल्ली-NCR में उमस से राहत नहीं, 8 राज्यों में बारिश का अलर्ट
95% गाद साफ करने का वादा, जमीन पर क्या असर दिखा?
दिल्ली सरकार ने जोर-शोर से वादा किया था कि अब नालियों को गहरा किया गया है, सड़कें साफ हैं इसलिए इस बार पानी नहीं लगेगा। एक-दो जगह की तस्वीरें खूब दिखाई गईं। मिंटो ब्रिज हर बार डूब जाता था, इस बार नहीं डूबा। पटपड़गंज बाईपास पर भी खूब पानी लगता था, बीजेपी विधायक रवींद्र सिंह नेगी ने प्रचारित किया कि पानी नहीं लग रहा है। बारिश हुई तो राजीव चौक और मेहरौली जैसे इलाके पानी डूब गए। आम आदमी पार्टी के नेताओं ने अब भारतीय जनता पार्टी की सरकार को घेरा है।
सौरव भरद्वाज ने स्कूली बच्चों का पानी से गुजरते हुए एक वीडियो शेयर किया है। उन्होंने लिखा, 'दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी और BJP सरकार को बहुत बहुत धन्यवाद। दिल्ली में बच्चों के लिए फ्री में वाटर पार्क की व्यवस्था करने के लिए।'
सौरव भरद्वाज ने सदर बाजार की तस्वीर शेयर करते हुए भी चुटकी ली। उन्होंने लिखा, 'यह दिल्ली का व्यापारिक केंद्र है। पानी भरा हुआ है, सामान तबाह हो चुके हैं, दुकानदार असहाय है। 4 इंजन सरकार बनी, पूरी दिल्ली जल जमाव से परेशान है। बीजेपी की ड्रेन क्लीनिंग के दावे गलत पाए गए। बीजेपी सरकार की नींद टूटेगी कब?'
यह भी पढ़ें: वर्क फ्रॉम होम, स्कूल ऑनलाइन, बारिश से बेहाल गुरुग्राम में एडवाइजरी जारी
प्रियंका कक्कर, प्रवक्ता, AAP:-
डिसिल्टिंग और सीवेज क्लीनिंग के नाम पर मोटी कमाई कर गई रेखा गुप्ता की सरकार। और कोई वजह नहीं कि जिन जगहों पर आज तक दिल्ली में पानी नहीं भरा, वो भी आज डूब गईं। चाहे सदर हो या कनॉट प्लेस। अरविंद केजरीवाल सरकार ने मिंटो ब्रिज जैसे चोक पॉइंट्स को ठीक करवाया था। उन्हीं का क्रेडिट खाते रहिए, बस। रेखा गुप्ता के जुमले सुन लो फ्रैंड्स।
कहीं बस फंसी, कहीं कमर तक पानी
दिल्ली में यह बारिश, आफत की बारिश बनकर आई है। दिल्ली के सफदजंग स्थित मौसम केंद्र ने बताया है कि दिल्ली में 41 से लेकर 61 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। बारिश की वजह से सड़कों पर ट्रैफिक जाम नजर आया और जगह-जगह जलजमाव नजर आया। छात्रों को स्कूलों से वापस घर जाने में दिक्कतें आईं। छात्रों के कमर तक पानी नजर आया। कई तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रहीं हैं। लोग दिल्ली की तुलना वेनिस से कर रहे हैं। वेनिस इटली का शहर है जो पानी पर बसा है।
दिल्ली में किन इलाकों का बुरा है हाल?
दिल्ली में जनकपुरी, सदर बाजार, संगम विहार, जाखिरा, मेहरौली-बदरपुर रोड के आसपास, सैनिक फार्म, महिपालपुर, कमला नगर, वसंत कुंज और किरारी जैसे इलाके सबसे ज्यादा प्रभावित रहे। कनॉट प्लेस, आईटीओ और सुप्रीम कोर्ट के बाहर भी पानी भर गया। सदर बाजार के व्यापारियों ने बताया कि पानी दुकानों में घुस गया और व्यापार को नुकसान पहुंचा। संगम विहार में स्कूल के बच्चे बदबूदार पानी में चलकर घर पहुंचे।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में भारी बारिश, 15 फ्लाइट को करना पड़ा डायवर्ट; निर्माणाधीन इमारत भी ढही
रिंग रोड से राजीव चौक तक, सड़कें पानी में डूब गईं
रिंग रोड, आउटर रिंग रोड, एमबी रोड, डीएनडी फ्लाईवे समेत कई मुख्य सड़कों पर ट्रैफिक धीरे-धीरे चल रहा था। एयरपोर्ट की तरफ अंडरपास में पानी डेढ़ फुट तक भर गया। राजीव चौक, सुभाष चौक, एनएच-48, गोल्फ कोर्स एक्सटेंशन रोड जैसी सड़कों पर पानी जमा हो गया। कई स्कूल बसें घंटों फंसी रहीं। एक मां ने बताया कि उसका बच्चा दोपहर एक बजे से सड़क पर फंसा था। नोएडा और गाजियाबाद में भी पानी भरने और ट्रैफिक जाम की समस्या रही।
कितनी बारिश दिल्ली के लिए ज्यादा है?
दिल्ली में अगस्त में अब तक 280 मिलीमीटर से ज्यादा बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से ज्यादा है। मंगलवार को भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। सरकार का कहना है कि जलभराव वाले स्थानों की संख्या कम हुई है और काम चल रहा है, लेकिन भारी बारिश के कारण कुछ जगहों पर अस्थायी पानी जमा हो गया।
NCR के लिए भी आफत ही रही बारिश
गुरुग्राम में स्कूल बसें पानी में फंस गईं। कई बच्चों को पैदल चलना पड़ा तो कुछ घंटों तक बिना खाने-पीने के बस में इंतजार करते रहे।आईएमडी ने दिल्ली में रेड अलर्ट और नोएडा, गुरुग्राम, गाजियाबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया था। तेज हवाओं की वजह से दिल्ली में नौ पेड़ उखड़ गए। हवाई अड्डे से 15 उड़ानें दूसरी जगह भेजनी पड़ीं।
