भारत तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के एक बयान ने केंद्र की मोदी सरकार को फंसा दिया है। चीन के साथ किसी भी तरह के इनकार करती आ रही केंद्र सरकार की ओर से ही नियुक्त ITBP के डीजी ने एक कार्यक्रम के दौरान कहा कि चीन से टकराव होता रहता है और इस समय भी जारी है। इतना ही नहीं, उन्होंने यह भी कहा है कि परंपरागत तौर तरीकों से चीन का मुकाबला करना कठिन हो गया है। अब उनके इसी बयान के सहारे कांग्रेस ने मोदी सरकार पर सवालिया निशान खड़े किए हैं। कांग्रेस ने लिखा है कि चीन से झड़प की खबरें आती रहीं लेकिन मोदी सरकार उन्हें दबाने में लगी रही और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शी जिनपिंग के साथ हंसी ठिठोली करते नजर आए।
ITBP के DG शत्रुजीत कपूर गुरुवार को राजस्थान के अलवर में आयोजित हिमवीर सम्मान समारोह में पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने हिमवीरों की तारीफ की। इसी दौरान उन्होंने ITBP के कामकाज, सीमा पर तैनाती, वहां होने वाली घटनाओं और चुनौतियों को लेकर अपनी बात रखी। इसी बातचीत में वह कुछ ऐसा बोल गए जिसके चलते अब मोदी सरकार घिरती नजर आ रही है।
शत्रुजीत कपूर ने क्या कहा?
ITBP के महानिदेशक शत्रुजीत कपूर के दो वीडियो वायरल हैं। पहले में वह कहते हैं, 'पीछे अरुणाचल प्रदेश में ऐसी परिस्थितियां बनीं कि फेस ऑफ हुआ जो अभी भी चल रहा है। वहां पर हमारी शौर्य कमांडो टीम्स ने बहुत अच्छा काम किया है। हम सब जानते हैं कि ITBP की शुरुआत एक माउंटेन गोरिल्ला फोर्स के रूप में हुई थी। 2004 से हमने पूरी चीन सीमा संभाली है। हमें गोरिल्ला वारफेयर छोड़ने की जरूरत नहीं है। हमें बाकी सभी CAPF और आर्मी से भी अलग और विशिष्ट पहचान बनानी है।'
यह भी पढ़ें: 'सुधार चाहने वाले आंदोलनों को भी कांग्रेस तबाह कर देती है', PM मोदी ने कसा तंज
एक दूसरे वीडियो में शत्रुजीत कपूर कह रहे हैं, 'चीन का मुकाबला शायद अब परंपरागत तरीके से करना कठिन हो। उनकी PLA और बीडीआर की जो क्षमता है, उसमें उन्होंने बहुत निवेश किया है, आधुनिकीकरण किया है और वे बहुत आगे निकल गए हैं। हालांकि, ड्रोन एक ऐसी चीज है जिससे अपेक्षाकृत छोटा देश भी बड़े देश को टक्कर दे सकता है। हमने देखा कि यूक्रेन रूस के मुकाबले छोटा है लेकिन हर महीने रूस के 10 से 15 हजार सैनिक मारे जा रहे हैं।'
कांग्रेस ने क्या कहा?
कांग्रेस ने शत्रुजीत कपूर के बयान का वीडियो शेयर करते हुए लिखा है, 'इस साल जुलाई से ही चीनी सैनिकों के साथ झड़प की खबरें आ रही हैं लेकिन मोदी सरकार इन खबरों को दबाने में लगी रही। यहां तक कि चीन को 'लाल आंख' दिखाने की जगह नरेंद्र मोदी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ हंसी ठिठोली करते नजर आए - BRICS सम्मेलन में। सोचिए - एक तरफ चीन हमारे सैनिकों के साथ झड़प कर रहा था, दूसरी तरफ मोदी चीन के राष्ट्रपति का स्वागत कर रहे थे। ये हमारे सैनिकों के ज़ख्मों पर नमक छिड़कने सा है।'
यह भी पढ़ें: दिग्विजय की यात्रा में बच्चों ने लगाए 'चंदा चोर' के नारे, NHRC ने भेज दिया नोटिस
कांग्रेस ने आगे लिखा है, 'मोदी ने हर बार हमारे सैनिकों को अकेला छोड़ दिया है, देश के साथ गद्दारी की है, जिम्मेदारी से पल्ला झाड़ लिया। कभी चीन को क्लीनचिट देते हैं, तो कभी पट्रोलिंग पॉइंट से कब्जा छोड़कर देश की जमीन। इस कमजोर प्रधानमंत्री ने देश का बहुत नुकसान कर दिया।'
बता दें कि अगस्त 2026 में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आरोप लगाए थे कि चीन की सेना भारतीय जवानों को पेट्रोलिंग करने से रोक रही है। तब सरकार ने इन दावों को सिरे से खारिज किया था। अब शत्रुजीत कपूर के बयान के बाद कांग्रेस ने फिर से अपनी बातों को दोहराया और सरकार से सवाल पूछे हैं।
