मौसम विभाग ने आज यानी शुक्रवार को पूर्वी राजस्थान में शीतलहर चलने की चेतावनी जारी की है। दो केंद्र शासित प्रदेश समेत 11 राज्यों में घना कोहरा छाने का अलर्ट है। तमिलनाडु पुडुचेरी और केरल में भारी बारिश हो सकती है।

 

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शुक्रवार को असम, मेघालय, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, हिमाचल प्रदेश, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, पंजाब और उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में घना कोहरा छाने की संभावना जताई है।

 

यह भी पढ़ें: संविधान, चुनाव और महिलाओं की हिस्सेदारी..., CJP का नया आंदोलन क्या है?

 

आईएमडी ने 28 नवंबर तक पूर्वी राजस्थान में शीतलहर चलने का अलर्ट दिया है। 27 नवंबर यानी शुक्रवार को केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी के कुछ हिस्सों में भारी बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा आंध्र प्रदेश, केरल, लक्षद्वीप, तमिलनाडु और पुडुचेरी के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान के साथ बिजली गिरने का भी अलर्ट है। आंध्र प्रदेश में ही तेज हवा चलने की चेतावनी दी गई।

औसत से नीचे पहुंचा दिल्ली में तापमान

देश की राजधानी नई दिल्ली में गुरुवार की सुबह इस सीजन की सबसे सर्द सुबह थी। न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो औसत से 2.3 डिग्री कम था। आईएमडी के मुताबिक अधिकतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है। बढ़ती ठंड के बीच दिल्लीवासियों को खराब हवा से राहत नहीं मिली है। गुरुवार को AQI 228 दर्ज किया गया। यह 'खराब' श्रेणी में आता है।

राजस्थान में फतेहपुर सबसे ठंडा

राजस्थान में बुधवार की रात सीकर जिले के फतेहपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अगले 10 दिनों तक राजस्थान में मौसम शुष्क रहेगा। तापमान में कुछ खास बदलाव नहीं आने की उम्मीद है।

 

जयपुर स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक शेखावाटी क्षेत्र, अजमेर व कोटा संभाग के कुछ भागों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 5 डिग्री सेल्सियस नीचे बना हुआ है। बाकी हिस्सों में  न्यूनतम तापमान सामान्य के आसपास है।

 

यह भी पढ़ें: 'मुस्लिम मतदाता BJP के विरोध में जाता है', बोले डिप्टी CM केशव प्रसाद मौर्य

श्रीनगर में माइनस में पहुंचा तापमान

जम्मू-कश्मीर में सबसे कम तापमान श्रीनगर में दर्ज किया गया। यहां पारा न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री नीचे रिकॉर्ड किया गया। पिछली रात को श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 1.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। गुरुवार को घाटी के कई इलाकों में घना कोहरा देखने को मिला। मौसम विभाग ने रात के तापमान में गिरावट आने की संभावना जताई है।