हूती विद्रोहियों और सऊदी अरब के बीच जंग का दायरा बढ़ता जा रहा है। यमन के विद्रोहियों ने पिछले दो दिनों में सऊदी अरब के आभा इंटरनेशनल और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हमला किया। सऊदी अरब के नागरिक उड्डयन सामान्य प्राधिकरण के मुताबिक हमले में तीन लोगों की जान गई और 36 लोग घायल हुए हैं। भारत ने सऊदी एयरपोर्ट पर हमले की निंदा की। विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि नागरिक बुनियादी ढांचे पर हमले अस्वीकार्य है।
सऊदी अधिकारियों के मुताबिक आभा एयरपोर्ट पर मोरक्को और अल्जीरिया की दो महिलाओं की जान गई। वहीं 28 अन्य लोग घायल हैं। रियाद के किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमले में एक सूडानी नागरिक की मौत हुई है। आठ लोग घायल हैं। इनमें पांच सऊदी नागरिक भी शामिल हैं।
यह भी पढ़ें: फ्रांस में मचा है जोरदार हंगामा, मांग मान ली तो सरकार पर क्या असर होगा?
हम सऊदी लोगों के साथ खड़े: भारत
विदेश मंत्रालय ने अपने ताजा बयान में कहा, 'भारत पिछले कुछ दिनों में रियाद के आभा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और किंग खालिद इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर हुए हमलों की निंदा करता है, जिनमें आम नागरिकों की मौत हुई है और लोग घायल हुए हैं। आम नागरिकों के बुनियादी ढांचे को निशाना बनाना पूरी तरह से अस्वीकार्य है। हम उन लोगों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हैं, जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। हम घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करते हैं। हम सऊदी अरब के लोगों और सरकार के साथ एकजुटता व्यक्त करते हैं और उनके साथ खड़े हैं।'
1860 हूती विद्रोहियों को मारने का दावा
यमन में हूती विद्रोहियों और सऊदी समर्थित बलों के बीच भीषण जंग जारी है। यमन के सरकारी बलों ने 'डॉन ऑफ यमन' नाम से एक विशेष ऑपरेशन चलाया है। यमन के सरकारी बलों के प्रवक्ता ने दावा किया कि नए ऑपरेशन के तहत हूती विद्रोहियों के खिलाफ 2103 सटीक हमलों को अंजाम दिया गया। वहीं 1860 हूती विद्रोहियों को निष्क्रिय किया गया है।
यह भी पढ़ें: 65 साल में पहली बार, अमेरिका में गोली मारकर क्यों दी जाएगी मौत की सजा? समझिए
सऊदी की सीमा में जंग खींचने की कोशिश
मोचा और उसके आसपास के इलाके में हूती विद्रोहियों का कब्जा है। यमन के सरकारी बल दोबारा अपना नियंत्रण हासिल करना चाहता है। यही कारण है कि जंग मोचा और बाब अल-मंडेब के आसपास केंद्रित हो चुकी है। दूसरी तरफ हूती विद्रोहियों की रणनीति जंग को सऊदी सीमा के भीतर तक घसीटने की है। गुरुवार को भी सऊदी अरब की राजधानी रियाद में कई धमाकों की आवाज सुनी गई।
