असम में शुक्रवार को काजीरंगा नेशनल पार्क के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। गोलाघाट जिले के रंगाजन इलाके में एक मिनी बस और कंटेनर ट्रक की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में 26 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 लोग घायल हुए हैं। मरने वालों में कई कॉलेज के छात्र भी शामिल थे। हादसा नेशनल हाईवे-715 पर हुआ। शुरुआती जानकारी के अनुसार, मिनी बस गोलाघाट से नगांव की ओर जा रही थी। वहीं, कंटेनर ट्रक ऊपरी असम की तरफ जा रहा था। टक्कर इतनी तेज थी कि मिनी बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
यह हादसा एक बार फिर देश में सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करता है। भारत में हर साल लाखों सड़क हादसे होते हैं। इनमें बड़ी संख्या में लोगों की जान चली जाती है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय (MoRTH) के आंकड़ों के अनुसार, साल 2025 में देशभर में 5,13,563 सड़क हादसे हुए। इनमें 1,83,382 लोगों की मौत हुई। यानी हर दिन औसतन करीब 502 लोगों ने सड़क हादसों में जान गंवाई। 2024 में यह औसत करीब 485 मौतें रोजाना था।
यह भी पढ़ें: अमेरिका: न्यूयॉर्क में 3 मंजिला इमारत ढही, 8 की मौत; CCTV में खौफनाक मंजर कैद
2024 और 2025 में कितने सड़क हादसे हुए?
MoRTH की सालाना रिपोर्ट और संसद में पेश किए गए सरकारी आंकड़ों के अनुसार, देश में सड़क हादसों और मौतों की संख्या लगातार बढ़ी है। साल 2024 में कुल 4,87,707 सड़क हादसे दर्ज किए गए थे। इनमें 1,77,175 लोगों की मौत हुई। वहीं, 2025 में हादसों की संख्या बढ़कर 5,13,563 हो गई। इस साल 1,83,382 लोगों की जान गई।
| साल | कुल सड़क हादसे | कुल मौतें | रोजाना औसत मौतें |
| 2024 | 4,87,707 | 1,77,175 | करीब 485 |
| 2025 | 5,13,563 | 1,83,382 | करीब 502 |
| 2026 (27 जुलाई तक) | 2,96,447 | 1,01,139 | करीब 486 |
हर 100 हादसों में औसतन 36 लोगों की मौत
सिर्फ सड़क हादसों की संख्या ही चिंता की बात नहीं है। हादसों में मरने वालों की संख्या भी काफी ज्यादा है। MoRTH की 2024 की रिपोर्ट के अनुसार, देश में हर 100 सड़क हादसों में औसतन 36.3 लोगों की मौत हुई। 2023 में यह आंकड़ा 36 था। यानी हादसों की गंभीरता में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई।
यह भी पढ़ें: गोधरा कांड की जांच में मोदी का दबाव था? राकेश अस्थाना ने बताया सच
रिपोर्ट के अनुसार, 2024 में कुल 4,87,707 सड़क हादसे हुए थे। इनमें से 1,64,378 हादसे ऐसे थे, जिनमें कम से कम एक व्यक्ति की मौत हुई। इस साल 4,71,441 लोग घायल भी हुए थे।
बड़े सड़क हादसों के पीछे क्या वजहें होती हैं?
सड़क हादसों की वजह अलग-अलग हो सकती है। कई बार तेज रफ्तार के कारण वाहन चालक गाड़ी पर नियंत्रण खो देते हैं। हाईवे पर गलत दिशा में वाहन चलाना और आमने-सामने की टक्कर भी बड़े हादसों की वजह बनती है। इसके अलावा, बस या दूसरे यात्री वाहनों में तय क्षमता से ज्यादा लोगों को बैठाना भी जोखिम बढ़ाता है।
पहाड़ी और ग्रामीण इलाकों में यात्री बसों के खाई में गिरने से भी कई लोगों की जान चली जाती है। वहीं, हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों की टक्कर और ओवरलोड ट्रकों के पलटने जैसी घटनाएं भी सामने आती रहती हैं। हालांकि, इन सभी घटनाओं को एक ही वजह से जोड़ना सही नहीं होगा। हर हादसे के कारणों की जांच अलग-अलग की जाती है।
e-DAR पोर्टल पर रखा जा रहा हादसों का डिजिटल रिकॉर्ड
सड़क हादसों से जुड़ी जानकारी जुटाने के लिए सरकार इलेक्ट्रॉनिक डिटेल्ड एक्सीडेंट रिपोर्ट यानी e-DAR पोर्टल का इस्तेमाल कर रही है। इसके जरिए सड़क हादसों का डिजिटल रिकॉर्ड रखा जाता है। इसमें हादसे की जगह, समय, शामिल वाहन, घायलों और मृतकों से जुड़ी जानकारी दर्ज की जाती है।
इस डेटा का इस्तेमाल सड़क हादसों के कारणों को समझने और जोखिम वाले इलाकों की पहचान करने में किया जाता है। सरकार इसी तरह के रिकॉर्ड के आधार पर सड़क सुरक्षा से जुड़े कदम उठाने की योजना बनाती है।
नोट: इस खबर में 2024 के लिए MoRTH की वार्षिक रिपोर्ट और 2025 व 2026 के लिए संसद में दिए गए MoRTH के आंकड़ों का इस्तेमाल किया गया है। टेबल में दिखाए गए 2024 के आंकड़े MoRTH की Road Accidents in India 2024 रिपोर्ट से लिए गए हैं। 2025 और 2026 के आंकड़े संसद में सरकार की ओर से दी गई जानकारी और e-DAR पोर्टल के आंकड़ों पर आधारित हैं। 2026 का डेटा सिर्फ 27 जुलाई तक का है। इसलिए इसे पूरे साल का आंकड़ा नहीं माना जाना चाहिए।
