कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) और विपक्ष के कई नेताओं को शनिवार को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया। ये नेता मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ जंतर-मंतर पर होने वाले प्रदर्शन में शामिल होने के लिए वहां पहुंचने वाले थे। महाराष्ट्र, मध्य प्रदेश से लेकर गुरुग्राम तक, पुलिस सक्रिय है और प्रदर्शनकारियों को रोका जा रहा है।
CJP के संस्थापक और संयोजक अभिजीत दीपके , सह-संयोजक सौरव दास और आशुतोष रांका को दिल्ली हवाई अड्डे पर विमान उतरते ही विमान के अंदर से हिरासत में लिया गया। CPI(M) केरलम ने X पर बताया कि उसके कई नेताओं को जंतर-मंतर पहुंचने पर हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें: 'डरी हुई है BJP, ज्ञानेश कुमार ने की है गद्दारी', प्रदर्शन पर बोले विपक्षी नेता
किन दिग्गजों को पुलिस ने हिरासत में लिया है?
अब तक हिरासत में लिए गए CJP नेताओं और अन्य राजनीतिक चेहरों में अभिजीत दीपके, सौरव दास, आशुतोष रांका और रत्ना सिंह शामिल हैं। CPI(M) केरलम के मुताबिक एमए बेबी, पिनराई विजयन, एमवी गोविंदन मास्टर, ए विजयराघवन, केके शैलजा, सांसद जॉन ब्रिटास, केएन बालगोपाल, बृंदा करात और पीके श्रीमती को भी हिरासत में लिया गया।
महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी को मुंबई में हिरासत में लिया गया। मनीष सिसोदिया को चंडीगढ़ में हिरासत में लिया गया। कुछ पत्रकारों के भी हिरासत में लिए जाने का दावा किया गया है।
- अभिजीत दीपके
- सौरव दास
- आशुतोष रांका
- जॉन ब्रिटास
- केएन बालगोपाल
- बृंदा करात
- पीके श्रीमती
- रत्ना सिंह
- एमए बेबी
- पिनाराई विजयन
- एमवी गोविंदन मास्टर
- ए विजयराघवन
- केके शैलजा
- तुषार गांधी (मुंबई)
- मनीष सिसौदिया (चंडीगढ़)
किन पत्रकारों को पकड़ा गया है?
स्क्रॉल के आयुष तिवारी, न्यूजलॉन्ड्री के अश्विन कुमार सिंह और आस्था सव्यसाची, और नवभारत टाइम्स के हृतिक जोशी और राहुल चरस भी पुलिस हिरासत में हैं। केके क्रिएट को भी पुलिस ने हिरासत में लिया है।
दिल्ली की तैयारी क्या है?
बड़ी भीड़ की आशंका को देखते हुए दिल्ली में 40 हजार से ज्यादा दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवान तैनात किए गए हैं। प्रदर्शन मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों को लेकर बुलाया गया है।
यह भी पढ़ें: जंतर मंतर पर प्रदर्शन के लिए CJP को क्यों नहीं मिली इजाजत, दिल्ली पुलिस ने बताया
पत्रकार भी नहीं पहुंच सकेंगे जंतर मंतर
जंतर-मंतर को मीडियाकर्मियों के लिए भी सील कर दिया गया है। वहां जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड लगाए गए हैं और सुरक्षा बल तैनात हैं। तीन प्रमुख एंट्री और एग्जिट गेट पर लगे लाउडस्पीकरों से हिंदी और अंग्रेजी में चेतावनी दी जा रही है। भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 के तहत जमावड़े, जुलूस और सड़क जाम जैसी गतिविधियों पर रोक लगाई गई है। प्रदर्शनकारी फिर भी जंतर मंतर पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।
