सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को कार्तिगई दीपम से जुड़े अपने 20 नवंबर के आदेश के उल्लंघन पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (DGP), मदुरई के जिलाधिकारी और अन्य अधिकारियों को अवमानना नोटिस जारी किया है। तमिलनाडु के प्रशासनिक अधिकारियों पर अपने राजनीतिक आकाओं के निर्देश पर काम करने के आरोप लगे, जिस पर सुप्रीम कोर्ट ने गंभीरता से विचार किया है।

 

सुप्रीम कोर्ट ने अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के न्यासी मंडल को निलंबित कर दिया। कोर्ट ने आदेश दिया कि उच्चिपिल्लैयार मंडपम में जल रहे दीप की लौ से शनिवार को तिरुप्परनकुंद्रम के दीपथून पर दीप जलाया जाए। यह आदेश न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम पंचोली की पीठ ने दिया।

यह भी पढ़ें: कहीं गंगा में जलते हैं दीप तो कहीं पहाड़ों पर, क्या है कार्तिगई दीपम की परंपरा?

मुख्य सचिव को कोर्ट में क्यों बुलाया गया?

भाषा की एक रिपोर्ट के मुताबिक बेंच ने तमिलनाडु के मुख्य सचिव को व्यक्तिगत रूप से कोर्ट में पेश होने का निर्देश दिया। उन्हें अधिकारियों के बीच हुए ई-मेल, फोन पर बातचीत और संदेशों के आदान-प्रदान का पूरा ब्योरा देते हुए हलफनामा दाखिल करना होगा। बेंच ने कहा कि अदालत के आदेशों का प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से पालन न करना और नजर अंदाज करना नहीं सहा जा सकता है। कोर्ट ने कहा कि इससे सख्ती से निपटना होगा।  

CRPF को सुरक्षा की जिम्मेदारी क्यों सौंपी गई?

सुप्रीम कोर्ट ने आदेश लागू कराने में तमिलनाडु पुलिस की असफलता का हवाला दिया। इसी वजह से अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर और तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी की सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल को सौंप दिया गया। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि आदेश का पालन न होने पर वह मूकदर्शक बनकर नहीं बैठ सकता। यह आदेश बातचीत या समझौते का प्रस्ताव नहीं है। राज्य, उसके अधिकारी और हर धार्मिक संस्था इसका पालन करने के लिए बाध्य हैं। कोर्ट ने यह भी कहा कि न्याय की धारा को दूषित करने की किसी की भी कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी, चाहे वह कितने भी ऊंचे पद पर हो। उसने कहा कि अधिकारियों का आचरण प्रथम दृष्टया तमिलनाडु में प्रशासनिक अराजकता की स्थिति दिखाता है।

 

यह भी पढ़ें: क्या है कार्तिगई दीपम जिसे लेकर तमिलनाडु में उठ खड़ा हुआ विवाद, पढ़ें पूरी कहानी

पहले क्या हुआ था?

तमिलनाडु सरकार ने बुधवार को दीपथून पर अनुष्ठानिक दीप न जलाए जाने के लिए सुप्रीम कोर्ट से माफी मांगी थी। उसने इसके लिए अरुलमिगु सुब्रमण्यस्वामी मंदिर के अधिकारियों को जिम्मेदार ठहराया था। कोर्ट के आदेश के बावजूद 24 नवंबर को तिरुप्परनकुंद्रम में कार्तिगई दीपम सिर्फ परंपरागत उच्चिपिल्लैयार मंडपम में जलाया गया। दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया।

कार्तिगई दीपम विवाद है क्या?

कार्तिगई दीपम विवाद मदुरै के तिरुप्परनकुंद्रम पहाड़ी का है। पहाड़ी पर सुब्रमण्य स्वामी मंदिर, विश्वनाथन मंदिर और सिकंदर बादुशा दरगाह, तीनों हैं। मंदिर का सालाना कार्तिगई दीपम परंपरा से उच्चिपिल्लैयार मंदिर के पास दीप मंडपम में जलता आया है। विवाद दरगाह के पास बने एक अलग पत्थर के ढांचे को लेकर है, जिसे हिंदू संगठन दीपथून कहते हैं और जहां वे अतिरिक्त दीप जलाने की मांग करते हैं।