दिल्ली में हुई INDIA ब्लॉक की बैठक अब खत्म हो गई है। यह बैठक 30 सितंबर को आयोजित की गई थी। बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने INDIA ब्लॉक के आगे के प्लान के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अक्टूबर और नवंबर में INDIA ब्लॉक की पांच बड़ी रैलियां आयोजित की जाएंगी।
मल्लिकार्जुन खड़गे के मुताबिक, 1 नवंबर को दिल्ली में एक बड़ी रैली होगी। यह बैठक चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण ( SIR ) को लेकर विपक्ष की आगे की रणनीति तय करने के लिए बुलाई गई थी। बैठक में खड़गे ने भविष्य के चुनावों में SIR से पहले वाली मतदाता सूची का इस्तेमाल करने और EVM की जगह बैलेट पेपर से मतदान कराने की मांग भी रखी। उन्होंने चुनाव आयोग के कामकाज में ज्यादा पारदर्शिता और जवाबदेही की जरूरत बताई। INDIA ब्लॉक की बैठक में कई विपक्षी दलों के नेता शामिल हुए।
यह भी पढ़ें: 1 अक्टूबर से 1.5 करोड़ लोगों का राशन बंद क्यों होने जा रहा है?
5 बड़ी रैलियां क्यों होंगी?
बैठक के बाद मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि अक्टूबर और नवंबर में पांच बड़ी रैलियां की जाएंगी। इनका उद्देश्य लोगों के बीच जाकर चुनाव और वोट से जुड़े मुद्दों पर विपक्ष का पक्ष रखना है। उन्होंने कहा कि रैलियों की तारीख और स्थान तय होने के बाद इसकी जानकारी दी जाएगी।
खरगे ने दावा किया कि विपक्षी दल लोगों को बताएंगे कि उनके मुताबिक चुनावी प्रक्रिया में क्या बदलाव हो रहे हैं और उनका आम मतदाताओं पर क्या असर पड़ सकता है। उन्होंने इसे संविधान और नागरिकों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों से भी जोड़ा। ये खरगे और विपक्षी दलों के राजनीतिक दावे हैं।
यह भी पढ़ें: आधी रात चुनाव आयोग का बड़ा बदलाव, Form 6 से हटाया SIR वाला हिस्सा
1 नवंबर को दिल्ली में होगी बड़ी रैली
मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि पांच बड़ी रैलियों में से एक 1 नवंबर को दिल्ली में आयोजित की जाएगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लंबे समय से चुनावी प्रक्रिया में वोट चोरी का मुद्दा उठा रहे हैं। खड़गे के मुताबिक, अब विपक्ष के दूसरे नेता भी इस मुद्दे पर अपनी आवाज उठा रहे हैं। INDIA ब्लॉक की बैठक में चुनाव आयोग और SIR को लेकर संयुक्त आंदोलन की रणनीति पर भी चर्चा हुई। बैठक के बाद विपक्षी निताओं ने चुनाव आयोग के सामने मार्च निकालने की योजना की भी जानकारी दी।
इस बैठक में कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, NCP (SP), शिवसेना (UBT), RJD, वाम दलों, नेशनल कॉन्फ्रेंस, PDP, झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) समेत कई दलों के प्रतिनिधि शामिल हुए। निर्दलीय राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल भी बैठक में मौजूद रहे।
