मंगलवार को मेडिकल प्रवेश परीक्षा नीट-यूजी-2026 को रद्द कर दिया गया है। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) ने यह कार्रवाई नीट-यूजी-2026 का प्रश्नपत्र लीक होने के आरोपों के बाद की है। परीक्षा रद्द होने के बाद केंद्र सरकार ने सीबीआई को इन अनियमितताओं की विस्तृत जांच करने का आदेश दिया। इस बीच विपक्ष ने केंद्र की मोदी सरकार और बीजेपी के ऊपर लाखों बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ करने का आरोप लगाया। 

 

नीट परीक्षा रद्द होने और पेपर लीक के आरोपों पर राज्यसभा सांसद कपिल सिब्बल ने कहा कि मोदी सरकार में यह एक ट्रेंड बन गया है कि जब परीक्षाएं होती हैं तो पेपर लीक हो जाते हैं। उन्होंने बीजेपी के ऊपर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह देखना भी दिलचस्प है कि ये परीक्षाएं कहां से लीक हो रही हैं?

 

यह भी पढ़ें: 'जो रायता फैलाकर गई हैं, वही समेट रहा हूं', विनेश फोगाट पर बोले बृजभूषण शरण सिंह

बीजेपी की सरकारों में पेपर लीक

पूर्व केंद्रीय मंत्री सिब्बल ने कहा, 'बिहार, महाराष्ट्र, राजस्थान, गुजरात और उत्तराखंड में पेपर लीक हो रहे हैं, इन सभी राज्यों में बीजेपी की सरकारें हैं। पेपर सिर्फ बीजेपी सरकारों में ही क्यों लीक हो रहे हैं? पेपर 2016, 2019, 2021, 2024 और अब 2026 में लीक हुए।'

 

 

 

पिछली जांचों से कोई नतीजा निकला?

उन्होंने सवाल किया कि जो परीक्षाएं रद्द हुई हैं उनको लेकर जो जांच हुई क्या उन जांचों से कोई नतीजा निकला? सिब्बल ने कहा, 'पेपर लीक जैसी चीजें सत्ता में बैठे लोगों की सहमति के बिना नहीं होगा। यह 2-3 दिन पुरानी खबर है, तो उन्होंने इतना इंतजार क्यों किया? तुरंत FIR दर्ज करके सीबीआई को जांच के लिए सौंप देना चाहिए। उनके पास राजस्थान सरकार भी है और सीबीआई भी और वे दोषियों को नहीं पकड़ेंगे।'

 

यह भी पढ़ें: 'सदमे में देश, अर्थव्यवस्था कहां खड़ी है बताएं PM मोदी', केजरीवाल की 3 गुजारिश

'अनपढ़ लोग मुख्यमंत्री बन गए हैं'

देश के जाने माने वकील कपिल सिब्बल ने सरकार पर असंवेदनशील बताते गुए कहा कि क्या कोई छात्रों के बारे में सोचता है? लोग बाहर से आते हैं और गरीब परिवारों के बच्चे भी परीक्षा देने आते हैं। उन्होंने कहा कि छात्रों को अब फिर से कड़ी मेहनत करनी होगी। फिर से उन्हें परीक्षा देनी होगी। 

 

सिब्बल ने कहा कि शिक्षा मंत्रालय में यह सब हो रहा है। शिक्षा मंत्री को इस्तीफा दे देना चाहिए। उन्होंने कहा कि जब अनपढ़ लोग मुख्यमंत्री बन जाते हैं तो पेपर लीक होना तय है। इस बीच सीबीआई ने तीन मई को हुई नीट यूजी 2026 परीक्षा के प्रश्न पत्र के लीक होने के सिलसिले में केस दर्ज कर लिया है।