नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने NEET UG 2026 परीक्षा रद्द होने के बाद अब दोबारा परीक्षा कराने की नई तारीख घोषित कर दी है। एजेंसी के मुताबिक, यह परीक्षा अब 21 जून 2026 को होगी। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में मीडिया के सामने कई बातें साफ कीं। उन्होंने सबसे पहले बताया कि पेपर लीक के इस मामले को देखते हुए अगले साल से NEET की परीक्षा पूरी तरह से ऑनलाइन और कंप्यूटर पर होगी। ओएमआर शीट की जगह छात्रों को कंप्यूटर के सामने बैठाया जाएगा ताकि परीक्षा साफ-सुथरे तरीके से हो सके।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी शेयर करते हुए NTA ने कहा कि भारत सरकार की मंजूरी के बाद दोबारा परीक्षा कराने का फैसला लिया गया है। साथ ही अभ्यर्थियों और उनके अभिभावकों से अपील की गई है कि वे किसी भी जानकारी के लिए सिर्फ NTA की आधिकारिक वेबसाइट पर ही भरोसा करें।
यह भी पढ़ें: 'हमारी संस्कृति और विरासत एक जैसी', शेख हसीना ने शुभेंदु को क्यों लिखा खत?
धर्मेंद्र प्रधान ने क्या कहा?
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि NTA ने NEET UG की नई तारीख बता दी है और 21 जून को दोबारा परीक्षा होगी क्योंकि हमारे लिए छात्रों का भविष्य सबसे पहले है। उन्होंने बताया कि इससे पहले 3 मई को परीक्षा हुई थी और 7 मई तक NTA के शिकायत सिस्टम में कुछ गड़बड़ियों की बातें सामने आईं। इसके बाद विभाग ने अपनी जांच की और फिर मामला दूसरी जांच एजेंसियों को सौंप दिया गया जिसमें कई राज्य शामिल थे। इस मामले में 12 मई तक स्थिति पूरी तरह साफ हो गई थी। हमें 12 मई तक पता चल गया था कि नकल माफियाओं की तरफ से कुछ गेस पेपर बांटे गए थे जो परीक्षा में आए असली पेपर से मिल रहे थे।
14 जून को आएगा एडमिट कार्ड
उन्होंने आगे कहा कि हम छात्रों के भविष्य के साथ कोई समझौता नहीं करना चाहते इसीलिए हमने दोबारा परीक्षा के लिए 21 जून की तारीख तय की है। इस परीक्षा के लिए 14 जून को एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे। गड़बड़ियों के खिलाफ हमारी नीति बिल्कुल सख्त है। इस मामले में सीबीआई की कार्रवाई शुरू हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने सोमनाथ मंदिर के शिखर का कुंभाभिषेक क्यों किया? असली कहानी पता चल गई
परीक्षा की फीस वापस होगी
शिक्षा मंत्री ने कहा कि NTA को सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर बनाया गया था और इसे बहुत ही समझदार लोग चला रहे हैं। हर साल लगभग 1 करोड़ छात्र NTA की परीक्षाओं में बैठते हैं। NEET परीक्षा रद्द होने वाले दिन ही NTA ने दो बड़े फैसले ले लिए थे। पहला यह कि रद्द हुई NEET परीक्षा की फीस छात्रों को वापस की जाएगी और दूसरा यह कि 21 जून को होने वाली दोबारा परीक्षा के लिए छात्रों से कोई पैसा नहीं लिया जाएगा। इस बारे में NTA शाम तक एक और नोटिस जारी करेगा।
