प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को असम के डिब्रूगढ़ जिले में 10,601 करोड़ रुपये के अमोनिया-यूरिया प्लांट की आधारशिला रखी। पीएम मोदी ने कहा कि यह प्लांट देश और नॉर्थ ईस्ट के किसानों को सशक्त बनाएगा। इस प्लांट से असम वैली फर्टिलाइजर एंड केमिकल कंपनी लिमिटेड (AVFCCL) हर साल 12.7 लाख मीट्रिक टन यूरिया उत्पादित कर सकेगा। 2030 तक प्लांट के शुरू होने की उम्मीद है। यह प्लांट ब्रह्मपुत्र वैली फर्टिलाइजर कॉर्प लिमिटेड (BVFCL) के परिसर में बनेगा।

 

प्लांट के उद्घाटन समारोह में पीएम मोदी ने कहा, 'आज असम और पूरे नॉर्थ-ईस्ट के लिए बहुत बड़ा दिन है। नम्रूप और डिब्रूगढ़ को लंबे समय से जिसका इंतजार था, वह सपना भी आज पूरा हो रहा है। आज इस पूरे इलाके में औद्योगिक प्रगति का नया अध्याय शुरू हो रहा है। अभी थोड़ी देर पहले मैंने अमोनिया-यूरिया फर्टिलाइजर प्लांट का भूमि पूजन किया है।' 

 

यह भी पढ़ें: 'कोडीन भैया' बहाना, माफिया निशाना, यूपी में क्या दांव चल रहे अखिलेश यादव?

हर क्षेत्र में असम आगे बढ़ रहा

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'डिब्रूगढ़ आने से पहले गुवाहाटी में एयरपोर्ट के एक टर्मिनल का उद्घाटन भी किया। आज हर कोई कह रहा है कि असम विकास की एक रफ्तार पकड़ चुका है। अभी आप जो देख रहे हैं, यह तो एक शुरुआत है। हमें तो असम को बहुत आगे लेकर जाना है। नए उद्योगों की शुरुआत, आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर, सेमीकंडक्टर मैन्युफैक्चरिंग, कृषि के क्षेत्र में नए अवसर, टी गार्डेन और उनके वर्कर्स की उन्नति, पर्यटन में बढ़ती संभावनाएं समेत हर क्षेत्र में असम आगे बढ़ रहा है।'

भूपेंद्र दा को भारत रत्न देने का कांग्रेस ने विरोध किया

अपने संबोधन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर निशाना साधा और उस पर घुसपैठियों को बसाने का आरोप लगाया। पीएम मोदी ने कहा, 'जब हमारी सरकार ने भूपेंद्र दा को भारत रत्न दिया तो कांग्रेस ने खुलकर उसका विरोध किया। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा था कि मोदी नाचने गाने वालों को भारत रत्न दे रहा है। क्या है असम की कला और संस्कृति का अपमान नहीं है। हमने असम में सेमीकंडक्टर की यूनिट लगाई तो कांग्रेस ने उसका भी विरोध किया।' 

 

पीएम मोदी ने आगे कहा, 'आप मत भूलिए कि यही कांग्रेस है, जिसने इतने दसकों तक टी कम्युनिटी के भाई-बहनों को जमीन का अधिकार नहीं दिया। बीजेपी की सरकार ने उन्हें जमीन के अधिकार और गरिमापूर्ण जीवन दिया। मैं तो चाय वाला हूं, मैं नहीं करूंगा तो कौन करेगा?' 

 

यह भी पढ़ें: जावेद अख्तर ने मुफ्ती शमाइल नदवी से ऐसा क्या कहा कि लोग उखड़ गए?

घुसपैठियों को बचा रही कांग्रेस

पीएम मोदी ने आरोप लगाया, 'कांग्रेस अब भी देश विरोधी सोच को आगे बढ़ा रही है। ये लोग असम के जंगल, जमीन पर उन बांग्लादेशी घुसपैठियों को बसाना चाहते हैं, जिनसे उनका वोटबैंक मजबूत होता है। आप बर्बाद हो जाएं, इसकी उनको परवाह नहीं है। कांग्रेस को असम, असम की पहचान और लोगों से कोई लेना देना नहीं है। इनको केवल सत्ता, सरकार और फिर जो काम पहले करते थे, उनको ही करने में रूचि है। इसलिए इन्हें अवैध बांग्लादेशी घुसपैठिए ज्यादा अच्छे लगते हैं। घुसपैठियों को कांग्रेस ने ही बसाया और वही बचा रही है। कांग्रेस पार्टी वोटर लिस्ट के शुद्धीकरण का विरोध कर रही है। तुष्टिकरण और वोटबैंक के इस कांग्रेसी जहर से हमें असम को बचाकर रखना है।'