प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी शनिवार को तीन दिवसीय राजकीय यात्रा पर सेशेल्स पहुंचे। यहां भारतीय मूल के लोगों ने पीएम मोदी का भव्य स्वागत किया। पीएम मोदी ने सेशेल्स राष्ट्रीय वनस्पति उद्यान का भी दौरा किया, जहां दुनिया के सबसे उम्रदराज जीवित स्थलीय जानवर जोनाथन से मिले। भारत और सेशल्स के बीच राजनयिक संबंधों के 50 वर्ष पूरे होने के मौके पर पीएम मोदी यहां पहुंचे हैं। वे 'गेस्ट ऑफ ऑनर' के तौर पर सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में भी हिस्सा लेंगे। वे सेशेल्स के राष्ट्रीय दिवस समारोह में शामिल होने वाले पहले भारतीय प्रधानमंत्री हैं।

 

सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर राष्ट्रपति पैट्रिक हर्मिनी ने पीएम मोदा का जोरदार स्वागत किया। कैबिनेट मंत्रियों की मौजूदगी में पीएम मोदी को गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया। पीएम मोदी ने अपने एक्स अकाउंट पर लिखा, 'शानदार सांस्कृतिक जुड़ाव। सेशेल्स में हवाई अड्डे पर हुए स्वागत में कच्छ का नृत्य भी शामिल था। भारत के अलग-अलग हिस्सों की संस्कृति को हमारे प्रवासी समुदाय ने जिस तरह से संजोकर रखा है, वह तारीफ के काबिल है।'

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: न टक्कर, न एक्सीडेंट… फिर भी खड़ी कार में खुला गया एयरबैग, 25 साल के युवक की मौत

 

पीएम मोदी के स्वागत की खातिर सेशेल्स अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के बाहर बड़ी संख्या में भारतीय मूल के लोग जुटे। यह लोग भारतीय झंडा लहराते दिखे। पीएम मोदी ने भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत भी की। प्रवासी समुदाय ने भरतनाट्यम की प्रस्तुति दी। भगवान राम को समर्पित एक भजन और शिव तांडव स्तोत्र भी सुनाया।

 

पीएम मोदी ने राष्ट्रपति डॉ. पैट्रिक हर्मिनी के साथ वनस्पति उद्यान में कोको डी मेर का पौधा भी लगाया। विदेश मंत्रालय ने बताया कि यह वृक्षारोपण 'एक पेड़ मां के नाम' पहल का हिस्सा है। यह सतत विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति भारत और सेशेल्स की साझा प्रतिबद्धता को दर्शाता है।

 

 

 

 

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद: नवजातों का सौदा करने वाले गिरोह का पर्दाफाश, अब तक 16 आरोपी गिरफ्तार

 

पीएम मोदी ने एक्स पर लिखा, 'भारत को सेशेल्स के साथ एक भरोसेमंद साथी के तौर पर कंधे से कंधा मिलाकर खड़े होने पर गर्व है। हम अपनी पुरानी दोस्ती को और गहरा करने और अपनी सामूहिक समुद्री क्षमताओं को मजबूत करने के लिए मिलकर काम कर रहे हैं। इस दौरान पीएम मोदी ने सेशेल्स कोस्ट गार्ड को 'फास्ट पेट्रोल वेसल लेस्पवार', एम्बुलेंस और यूटिलिटी वाहन भी सौंपे।