प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को नमो भारत RRTS का उद्घाटन किया। उन्होंने दिल्ली-मेरठ नमो भारत कॉरिडोर को देश को समर्पित किया। यह प्रोजेक्ट 12,830 करोड़ रुपये का है। इससे पहले पीएम मोदी ने नमो भारत और मेरठ मेट्रो को हरी झंडी दिखाई।
इस मौके पर बोलते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘आज पहली बार, एक ही मंच से नमो भारत रैपिड रेल और मेट्रो सेवा का एक ही दिन शुभारंभ हो रहा है। विकसित भारत की कनेक्टिविटी कैसी होगी, यह उसकी एक शानदार झांकी है। शहर के भीतर के लिए मेट्रो और twin city के विजन को गति देने के लिए नमो भारत जैसी आधुनिक ट्रेन से मुझे संतोष है कि ये काम उत्तर प्रदेश में हुआ है।’
यह भी पढ़ें: AI समिट में टॉपलेस होकर पहुंचे कांग्रेस के कार्यकर्ता, PM मोदी के खिलाफ नारेबाजी
नारी शक्ति का किया समर्थन
उन्होंने कहा, ‘हमारी कार्य संस्कृति है कि जिस काम का शिलान्यास किया जाए, उसे पूरा करने के लिए दिन-रात एक कर दिया जाए। इसलिए अब परियोजनाएं पहले की तरह लटकती, भटकती नहीं है। पहले यहां शाम होते ही यहां पूरे रूट में सन्नाटा छा जाता था। यहां डर और भय का माहौल होता था। अब एक तरफ कानून व्यवस्था भी सुधरी है और दूसरी तरफ लोगों को सुविधापूर्ण और सुरक्षित यात्रा का भी माध्यम मिला है।’
नारी शक्ति के बारे में जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, ‘मुझे खुशी है कि नमो भारत रैपिड रेल नारी शक्ति के सामर्थ्य का प्रतीक भी बनी है। इसमें ट्रेन ऑपरेटर, स्टेशन कंट्रोल स्टाफ, ऐसे अधिकतर काम में हमारी बेटियां ही कार्यरत हैं, बेटियां ही नेतृत्व कर रही हैं। आज भारत मेट्रो के मामले में दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा नेटवर्क बन चुका है। यूपी में मेरठ के अलावा भी कई सारे शहरों में मेट्रो का काम चल रहा है।’
घोटालों की भी बात की
कांग्रेस की आलोचना करते हुए उन्होंने कहा, ‘बीते 11 वर्षों में देश के दर्जनों शहरों तक मेट्रो पहुंची क्योंकि बीजेपी सरकार देश की जनता को सुविधा देना चाहती है। कांग्रेस-सपा की जब दिल्ली में सरकार थी, तब यह सब संभव ही नहीं था क्योंकि तब इंफ्रास्ट्रक्चर के प्रोजेक्ट्स घोटालों में ही गुम हो जाते थे। हमने घोटाले भी बंद किए और देश को आत्मनिर्भरता के रास्ते पर भी आगे बढ़ाया, क्योंकि बीजेपी की प्राथमिकता देश का विकास है, देशवासियों की सुविधा और समृद्धि है।’
यह भी पढ़ें: PM मोदी के सामने नहीं पकड़ा हाथ, ऑल्टमैन और डारियो अमोदेई के बीच विवाद क्या है?
उन्होंने कहा, ‘देश में यह पहली बार हो रहा है जब एक ही स्टेशन, एक ही ट्रैक पर नमो भारत और मेट्रो रेल चलेगी। यानी, एक ही प्लेटफॉर्म से आप शहर के भीतर भी यात्रा कर पाएंगे और उसी स्टेशन से सीधे दिल्ली भी आ-जा सकते हैं। दुनिया के अनेक विकसित देश आज भारत के साथ व्यापारिक समझौते कर रहे हैं। आज विकसित देश भारत के साथ जुड़ने के लिए उत्सुक हैं।’
किसानों के लिए की बात
पीएम मोदी ने किसानों के बारे में कहा, ‘आज दुनिया को लगता है कि भारत वह ताकत है, जो 21वीं सदी की चुनौतियों का समाधान दे सकती है। मेरठ, हापुड़ और आसपास के क्षेत्र ने चौधरी चरण सिंह जी के विजन को शुरुआती दौर से देखा है। यह हमारी सरकार का सौभाग्य रहा कि हमें चौधरी चरण सिंह जी को भारत रत्न देने का सौभाग्य मिला। बीजेपी की डबल इंजन की सरकार उनके विजन पर चलते हुए किसानों की आय बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रही है। अब तक यूपी के किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत लगभग 95 हजार करोड़ रुपए मिल चुके हैं।’
कांग्रेस पर साधा निशाना
एआई समिट पर उन्होंने बोला, ‘एक तरफ देशवासी भारत को विकसित बनाने के लिए दिन-रात मेहनत कर रहे हैं, लेकिन देश में ही कुछ राजनीतिक दल हैं जो भारत की सफलता को पचा नहीं पा रहे हैं। अभी आपने देखा कि भारत में दुनिया का सबसे बड़ा AI Impact Summit हुआ। दुनिया भर के 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दिल्ली आए। दुनिया के विकासशील देशों में ऐसा सम्मेलन आज तक कभी नहीं हुआ। लेकिन कांग्रेस और इसके इकोसिस्टम ने भारत के एक वैश्विक आयोजन को अपनी नंगी और गंदी राजनीति का अखाड़ा बना दिया। समारोह स्थल पर विदेशी अतिथियों के सामने कांग्रेस के नेता कपड़े उतार कर पहुंच गए।’
यह भी पढ़ें: 'नए-नए प्रीफिक्स मत निकालिए', परमहंस को स्वामी लिखने पर PM मोदी पर भड़कीं मम
उन्होंने कहा, ‘मैं कांग्रेस वालों से पूछता हूं कि देश तो जानता है कि आप पहले से ही नंगे हो, फिर कपड़े उतारने की जरूरत क्या पड़ी। AI Global Summit ये बीजेपी का समारोह नहीं था, यह देश का कार्यक्रम था, देश के सम्मान का कार्यक्रम था, लेकिन कांग्रेस ने परसों सारी मर्यादाएं तोड़ दी। आज पूरे देश में कांग्रेस की इस रीति-नीति पर थू-थू हो रही है, लेकिन दुर्भाग्य देखिए इतनी पुरानी पार्टी के नेता लाजने के बजाय बेशर्मी के साथ गाजते हैं।’
