राहुल गांधी ने मां सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी के साथ टेबल टॉक का एक वीडियो शेयर किया है। वीडियो शेयर करते हुए राहुल गांधी ने लिखा कि पापा की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था, 500 से ज्यादा पन्नों के बावजूद मां ने अपनी किताब में कुछ बातें शामिल नहीं की हैं। सोनिया गांधी की किताब 'बिलॉन्गिंग: अ जर्नी ऑफ लव' हाल ही में लॉन्च हुई है, जो बीते कई दिनों से सुर्खियों में है। 

 

इस किताब में सोनिया गांधी ने अपनी पर्सनल लाइफ से लेकर राजनीति तक के बारे में कई बातें लिखी हैं। राहुल गांधी ने कहा कि मां ने अपनी 500 से ज्यादा पन्नों की किताब में कई बातें छोड़ दी हैं। ऐसी ही कुछ बातों और पल को याद करते हुए राहुल और प्रियंका गांधी ने मां सोनिया गांधी के साथ बैठकर बात की।  

 

यह भी पढ़ें: काशी में भीष्म पंचक: गंगा तट पर 'गंगा पुत्र' की विशेष पूजा, जानें क्या है महत्व

राहुल गांधी ने शेयर किया वीडियो?

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'प्रस्ताव योजना के अनुसार नहीं हुआ, और मेरा सातवां जन्मदिन भी वैसा नहीं रहा जैसा सोचा था। 2004 के फैसले से हममें से कुछ लोगों को राहत मिली, तो कुछ को खुशी। पापा की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था और 500 से ज्यादा पन्नों के बावजूद, मां ने अपनी किताब में कुछ बातें शामिल नहीं की हैं।'  

सोनिया गांधी ने कहा कहानियों में एक नई जान आई

राहुल गांधी के पोस्ट पर जवाब देते हुए सोनिया गांधी ने लिखा, 'मैंने अपनी यादों से बिलॉन्गिंग लिखी। राहुल और प्रियंका ने अपनी यादें जोड़ीं, और कहानियों में एक नई जान आ गई।

मेरे बच्चे मेरी सबसे बड़ी खुशी, मेरी ताकत हैं, और वो दो लोग हैं जो मेरे सब्र का टेस्ट ऐसे लेते हैं जैसे कोई और नहीं ले सकता।

किस फैसले की बात कर रहे राहुल गांधी

साल 2004 में संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (UPA) यूपीए को बहुमत मिलने के बाद सोनिया गांधी को प्रधानमंत्री बनाए जाने की अटकलें शुरू हो गई थीं। उस दौर में लोकसभा चुनाव में 145 सीटों के साथ कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर सामने आई थी। हालांकि तब कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने प्रधानमंत्री पद नहीं स्वीकार किया, जिसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह को प्रधानमंत्री बनाने का फैसला लिया गया। राहुल गांधी वीडियो में इस फैसले की ही बात कर रहे हैं। 

पिता की सुरक्षा हटाने पर भी बोले राहुल गांधी

राहुल गांधी ने कहा कि पापा की सुरक्षा वापस लेने के पीछे एक खास मकसद था। सोनिया गांधी अपनी किताब में लिखती हैं कि दिसंबर 1990 में सरकारी समिति ने फैसला लिया था कि राजीव गांधी के लिए स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (SPG) सुरक्षा जारी रहनी चाहिए। लेकिन इसके अगले महीने वीपी सिंह सरकार ने एसपीजी सुरक्षा हटा ली थी और जिम्मेदारी पुलिस को दे दी गई थी। अगले ही साल 21 मई 1991 को राजीव गांधी की हत्या कर दी गई थी।