त्योहारों के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए उत्तर रेलवे ने यात्रियों को राहत देने का फैसला किया है। रेलवे ने छपरा, गोरखपुर और मुजफ्फरपुर से दिल्ली और आनंद विहार के लिए कई स्पेशल ट्रेनें चलाने का ऐलान किया है। इन ट्रेनों से बिहार और पूर्वी उत्तर प्रदेश के यात्रियों को दिल्ली आने-जाने में सुविधा मिलेगी। रेलवे की ओर से 20 नवंबर 2026 को जारी प्रेस रिलीज में इन ट्रेनों का शेड्यूल और स्टॉपेज की जानकारी दी गई है।

 

बिहार के छपरा से आनंद विहार टर्मिनल के बीच ट्रेन नंबर 05057/05058 अनारक्षित स्पेशल चलाई जाएगी। छपरा से यह ट्रेन 22 और 25 नवंबर को रात 9 बजे रवाना होगी और अगले दिन शाम 4:55 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से यह ट्रेन 23 और 26 नवंबर को शाम 4:10 बजे चलेगी और अगले दिन सुबह 8:50 बजे छपरा पहुंचेगी। इसके अलावा ट्रेन नंबर 05013/05014 भी इस रूट पर चलेगी। छपरा से यह ट्रेन 21 नवंबर को शाम 5 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 3:50 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में 22 नवंबर को शाम 6:40 बजे आनंद विहार से चलेगी।

 

यह भी पढ़ें: राजस्थान पंचायत चुनाव में बड़ा उलटफेर, बीजेपी पिछड़ी; कांग्रेस ने मारी बाजी

गोरखपुर से दिल्ली

गोरखपुर और दिल्ली के बीच ट्रेन नंबर 05019/05020 चलाई जाएगी। रेलवे की जारी जानकारी के मुताबिक, गोरखपुर से यह ट्रेन 21 नवंबर को दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 8:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से 22 नवंबर को सुबह 11:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। इसके अलावा इसी ट्रेन के लिए 24 नवंबर को गोरखपुर से और 25 नवंबर को दिल्ली से एक-एक अतिरिक्त फेरे का भी शेड्यूल जारी किया गया है।

मुजफ्फरपुर से आनंद विहार 

मुजफ्फरपुर से आनंद विहार के बीच ट्रेन नंबर 05211/05212 आरक्षित फेस्टिवल स्पेशल एक्सप्रेस भी चलाई जाएगी। मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन 22 नवंबर को दोपहर 1:30 बजे रवाना होगी और अगले दिन दोपहर 12:45 बजे आनंद विहार पहुंचेगी। वापसी में आनंद विहार से 23 नवंबर को दोपहर 3:45 बजे चलेगी और अगले दिन दोपहर 3 बजे मुजफ्फरपुर पहुंचेगी। इस ट्रेन में AC कोच की व्यवस्था होगी।

 

यह भी पढ़ें: टांडा में 23.53 करोड़ की एमआरआई मशीन शुरू, जटिल बीमारियों की जांच होगी आसान

इन स्टेशनों पर ठहरेगी

इन स्पेशल ट्रेनों का ठहराव कई प्रमुख स्टेशनों पर दिया गया है। इनमें सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, गोरखपुर, खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, प्रयागराज, गाजियाबाद, हाजीपुर, सोनपुर, पटना और बक्सर जैसे स्टेशन शामिल हैं। यात्रियों को सलाह दी गई है कि ट्रेन के समय और टिकट से जुड़ी ताजा जानकारी के लिए रेलवे की वेबसाइट NTES देखें या हेल्पलाइन नंबर 139 पर संपर्क करें। इन ट्रेनों के चलने से दिवाली और छठ के बाद एक-जगह से दूसरी जगह जा रहे लोगों को काफी राहत मिलेगी।