देश के कई राज्यों में लंबे इंतजार के बाद मॉनसून सक्रिय हो गया है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून लगातार आगे बढ़ रहा है। कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है और आने वाले दिनों में भी कई हिस्सों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की संभावना जताई गई है। हालांकि, कुछ राज्यों में अभी भी मॉनसून का इंतजार जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, इस हफ्ते देश के ज्यादातर हिस्से में मॉनसून सक्रिय हो जाएगा। 

 

मौसम विभाग के मुताबिक 1 जुलाई 2026 तक दक्षिण-पश्चिम मॉनसून गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश के कुछ और हिस्सों, उत्तराखंड के बाकी हिस्सों, हिमाचल प्रदेश, लद्दाख, जम्मू-कश्मीर और हरियाणा-पंजाब के कुछ इलाकों तक पहुंच चुका है। मॉनसून की उत्तरी सीमा पोरबंदर, शाजापुर, नौगांव, मिर्जापुर, आजमगढ़, अयोध्या, बदायूं, मेरठ, करनाल और गुरदासपुर से होकर गुजर रही है। इन इलाकों में अब मॉनसूनी बारिश शुरू हो गई है। 

 

यह भी पढ़ें: 'हम भी गिफ्ट देंगे'... ओपी राजभर के किस सवाल पर अखिलेश यादव ने दिया ये जवाब?

मॉनसून पकड़ेगा रफ्तार

मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में मॉनसून के उत्तर अरब सागर, गुजरात, मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने की संभावना है। मौसम विभाग ने बताया कि 3 जुलाई के आसपास उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से मध्य भारत में अगले 5 से 6 दिनों तक मॉनसून सक्रिय रह सकता है।

दिल्ली में बदलेगा मौसम?

दिल्ली-एनसीआर में भी मौसम बदल सकता है। मौसम विभाग के अनुसार, आज यानी 2 जुलाई को दिल्ली में बादल छाए रहने की संभावना है। इसके साथ ही कई जगहों पर हल्की बारिश के साथ कुछ स्थानों पर मध्यम बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है। मौसम में होने वाले इस बदलाव से दिल्ली और एनसीआर में रहने वाले लोगों को गर्मी से राहत मिलेगी। 

झारखंड में अलर्ट

मौसम विभाग की ओर से झारखंड में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, झारखंड में 1 से 7 जुलाई तक कई जगहों पर बारिश हो सकती है। 1 और 2 जुलाई के साथ-साथ 5 और 6 जुलाई को कुछ स्थानों पर भारी बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। रांची, जमशेदपुर और बोकारो समेत झारखंड के कई जिलों में मौसम बदलने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों को बारिश और खराब मौसम को देखते हुए सावधानी बरतने की सलाह दी है। राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और बारिश की स्थिति बनी रह सकती है।

यूपी, बिहार में कैसा रहेगा मौसम?

उत्तर प्रदेश में भी मॉनसून का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, पूर्वी उत्तर प्रदेश में 1 से 3 जुलाई और फिर 6 से 7 जुलाई के दौरान भारी बारिश की संभावना है। वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी 1 से 3 जुलाई के बीच बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति बन सकती है।

 

बिहार की बात करें तो बिहार में भी बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 2 से 7 जुलाई तक कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं कुछ इलाकों में 1 से 4 जुलाई के दौरान भारी बारिश के साथ बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।

 

यह भी पढ़ें: खुद को बचाने और दुश्मन को तबाह करने वाली इजरायल की मबाम रणनीति क्या है?

अन्य राज्यों का हाल

मध्य प्रदेश, गुजरात, कोंकण और गोवा में भी बारिश का असर रहने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग ने गुजरात क्षेत्र और कोंकण में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। वहीं मध्य महाराष्ट्र में भी अगले कुछ दिनों तक बारिश की गतिविधियां जारी रहने की संभावना है।

 

आज राजस्थान, पंजाब, हरियाणा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र, कर्नाटक, केरल और तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में भी बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार इन इलाकों में मॉनसून सक्रिय रहने से कई जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं।