सुप्रीम कोर्ट ने एक अहम फैसला सुनाते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति के आरोपों की जांच से जुड़े इलाहाबाद हाई कोर्ट के निर्देशों को खारिज कर दिया है। कोर्ट ने साफ किया कि कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की याचिका से जुड़े सभी मुद्दों पर हाई कोर्ट राहुल गांधी का पक्ष नए सिरे से सुने। इसमें यह सवाल भी शामिल है कि यह याचिका सुनवाई के योग्य है या नहीं। चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया (CJI) सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्या बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने राहुल गांधी की याचिका का निपटारा करते हुए यह आदेश जारी किया। 

 

सुनवाई के दौरान राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल और एडवोकेट-ऑन-रिकॉर्ड एस. प्रसन्ना पेश हुए, जबकि याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर ने खुद अपना पक्ष रखा।

 

यह भी पढ़ें: असम में दो दिन बाद कुशियारा नदी में मिला लापता BSF जवान का शव

इलाहाबाद हाई कोर्ट का फैसला

कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता एस. विग्नेश शिशिर ने राहुल गांधी और उनके परिवार के अन्य सदस्यों पर आय से अधिक संपत्ति रखने का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की थी। इस पर इलाहाबाद हाई कोर्ट ने मई में आदेश दिया था कि यदि याचिकाकर्ता की शिकायत मिली है तो कानून के मुताबिक आरोपों की जांच की जाए और CBI व ED जरूरी कदम उठाएं।

 

 

कोर्ट ने दोनों जांच एजेंसियों से जांच की प्रगति रिपोर्ट भी मांगी थी। इसके बाद 20 जुलाई को हुई सुनवाई में कोर्ट ने CBI के हलफनामे पर असंतोष जताया था और कहा था कि यह पुराने आदेश के अनुरूप नहीं है। कोर्ट ने CBI को जांच की स्थिति बताते हुए नया हलफनामा दाखिल करने को कहा था। उसी आदेश में कोर्ट ने यह भी कहा था कि ED ने जरूरी कदम उठाए हैं और जांच के दौरान कोई जानकारी मिलने पर वह कानूनी कार्रवाई कर सकती है। इसके बाद मामले की अगली सुनवाई 20 अगस्त तय की गई थी।

 

यह भी पढ़ें: शरजील और उमर खालिद को नहीं मिली अंतरिम जमानत, SC ने दिल्ली पुलिस से मांगा जवाब

सुप्रीम कोर्ट ने क्यों पलटा फैसला?

हाई कोर्ट के इन आदेशों को चुनौती देते हुए राहुल गांधी सुप्रीम कोर्ट पहुंचे थे। उन्होंने दलील दी कि कोर्ट में चल रही यह कार्यवाही कानून के दायरे से बाहर है और यह कानूनी प्रक्रिया का गलत इस्तेमाल कर परेशान करने जैसा है। राहुल गांधी के वकील कपिल सिब्बल ने याचिकाकर्ता विग्नेश शिशिर के अधिकार क्षेत्र और उनकी मंशा पर भी सवाल उठाए थे। इससे पहले 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने राहुल गांधी की याचिका पर नोटिस जारी करते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट की आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। साथ ही, कोर्ट ने CBI और ED को भी हाई कोर्ट में कोई भी रिपोर्ट जमा करने से रोक दिया था। इसे अब अंतिम रूप से रद्द करते हुए मामला वापस कोर्ट को भेज दिया गया हैै। इसमें यह कहा गया है कि इस मामले पर नए सिरे से फिर से विचार किया जाए।