संजय सिंह, पटना। बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के रक्सौल में एसएसबी (SSB) की टीम ने एक विदेशी नागरिक को गिरफ्तार किया है, जो मेडिकल वीजा लेकर भारत आया था। वीजा की अवधि खत्म होने के बाद भी वह भारत में ही रह रहा था। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान सोमालिया निवासी मोहम्मद अहमद फराह के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि वह मेडिकल वीजा पर भारत आया था। वीजा की अवधि समाप्त होने के बाद भी देश में रुका रहा और अब नेपाल के रास्ते भारत छोड़ने की कोशिश कर रहा था।

 

सूत्रों के मुताबिक, मोहम्मद अहमद फराह कुछ महीने पहले इलाज के लिए मेडिकल वीजा पर भारत पहुंचा था। वह लंबे समय से हैदराबाद में रह रहा था। जांच एजेंसियों को तब शक हुआ, जब सीमा क्षेत्र में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर नजर रखने के दौरान उसकी मौजूदगी संदिग्ध लगी। पूछताछ और दस्तावेजों की जांच में यह साफ हो गया कि उसका वीजा करीब चार महीने पहले ही समाप्त हो चुका था। इसके बावजूद उसने न तो वीजा बढ़ाने की कानूनी प्रक्रिया अपनाई और न ही भारत छोड़ने की कोशिश की थी।

 

यह भी पढ़ें: दोगुने कैश का लालच देकर फंसाते थे, बिहार में हाइटेक ठग गैंग का भंडाफोड़

 

बताया जा रहा है कि हाल के दिनों में वह नेपाल सीमा की ओर बढ़ रहा था। आशंका है कि वह नेपाल के रास्ते किसी अन्य देश भागने की फिराक में था। इसी बीच इमिग्रेशन टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर कस्टम चौक के पास निगरानी बढ़ाई और उसे हिरासत में ले लिया। बाद में आवश्यक पूछताछ के बाद उसे हरैया थाना पुलिस को सौंप दिया गया।

 

हरैया में इमिग्रेशन टीम और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई

हरैया पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विदेशी अधिनियम और वीजा नियमों के उल्लंघन से जुड़े बिंदुओं पर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि विदेशी नागरिकों के भारत में प्रवेश और निवास को लेकर स्पष्ट नियम हैं। अगर कोई व्यक्ति वीजा अवधि समाप्त होने के बाद भी बिना अनुमति देश में रहता है, तो यह कानूनन अपराध माना जाता है।

 

पुलिस सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार विदेशी नागरिक से उसके भारत आने के मकसद और यहां रहने के दौरान की गतिविधियों को लेकर भी पूछताछ की जा रही है। सुरक्षा एजेंसियां यह भी पता लगाने में जुटी हैं कि क्या उसे किसी स्थानीय व्यक्ति या नेटवर्क से मदद मिल रही थी। हालांकि अब तक की जांच में किसी बड़े नेटवर्क की पुष्टि नहीं हुई है।

 

यह भी पढ़ें: पति के साथ मिलकर बॉयफ्रेंड को मार डाला, ड्रम में डालकर नाले में फेंक दी लाश

 

इस घटना के बाद सीमा क्षेत्रों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और सख्त कर दिया गया है। प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि नेपाल सीमा से लगे इलाकों में अवैध आवाजाही रोकने के लिए लगातार चौकसी जरूरी है। हरैया थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर ली है। इसके बाद उसे कोर्ट में पेश करने के लिए भेज दिया गया। मामले की जांच अभी जारी है और सुरक्षा एजेंसियां उससे जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल कर रही हैं।