स्पाइसजेट (SpiceJet), जो कभी देश की सबसे बड़ी एयरलाइनों में गिनी जाती थी, आज आर्थिक तंगी और उड़ानों में देरी जैसी दिक्कतों से जूझ रही है। बीते काफी दिनों से स्पाइसजेट की फ्लाइट कैंसिल और लेट हो रही है। इस बीच एयरपोर्ट पर यात्रियों और स्पाइसजेट के कर्मचारियों के बीच फ्लाइट की देरी को लेकर तीखी बहस भी हुई। सोशल मीडिया पर स्पाइसजेट के कर्मचारियों और यात्रियों से जुड़ा वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है।  
 
अब स्पाइसजेट की मुश्किलें और बढ़ती नजर आ रही हैं। डायरेक्टोरेट जनरल ऑफ सिविल एविएशन (DGCA) ने स्पाइसजेट को 'शो कॉज नोटिस' यानी कारण बताओ नोटिस भेजा है। एयरलाइन को 7 दिन के भीतर जवाब देने को कहा है और साफ किया है कि अगर तय समय में जवाब नहीं आया तो एयरलाइन पर सख्त कार्रवाई होगी।   

 

यह भी पढ़ें: ट्रेन में सीट को लेकर हुआ विवाद, पुलिसकर्मी ने महिला को पीटा, सिर में आई चोट

दिल्ली एयरपोर्ट पर हंगामा

पिछले कई दिनों से सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं। यात्रियों ने स्पाइसजेट की फ्लाइट में देरी होने के बाद एयरपोर्ट पर भारी हंगामा काटा है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें दिल्ली के IGI एयरपोर्ट पर यात्रियों के भारी विरोध के बाद कर्मचारियों ने बाहर देख लेने की धमकी दे डाली। फ्लाइट में देरी और बवाल के बीच दिल्ली एयरपोर्ट की तरफ से भी बयान सामने आया है। 

यूजर्स ने सवाल उठाया है कि दिल्ली एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट एयरलाइन का बेहद निराशाजनक व्यवहार सामने आया है। फ्लाइट लेट होने के कारण यात्री एयरपोर्ट पर फंसे रहे। कई यूजर ने लिखा फ्लाइट लेट होती है और लंबा इंतजार करना पड़ता है तो एयरलाइन को यात्रियों के लिए खाने-पीने और आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था करनी चाहिए। 

 

बताया जा रहा है कि इस दौरान एयरलाइन ने यात्रियों को कोई सही जानकारी नहीं दी। न ही स्पाइसजेट की तरफ से यात्रियों को कोई सुविधाएं दी गई और इस वजह से यात्रियों ने विरोध दर्ज कराया। बताया जा रहा है कि हद तो तब पार हो गई, जब एक कर्मचारी ने यात्रियों को धमकी भरे में लहजे में कहा, 'बाहर मिल, तब बताते हैं'।   

लगातार सामने आ रहीं शिकायतें

इससे पहले मुंबई एयरपोर्ट पर भी स्पाइसजेट की कई उड़ानों में देरी हुई। इसके अलावा, मुंबई एयरपोर्ट के फ्लाइट शेड्यूल में 18 नवंबर को स्पाइसजेट की कोई उड़ान लिस्ट नजर नहीं आई। बागडोगरा से अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को भी ऐसी ही परेशानी का सामना करना पड़ा।  

संकट में क्यों SpiceJet? 

रिपोर्ट्स के मुताबिक, स्पाइसजेट की उड़ानों में देरी और कैंसिलेशन के पीछे एक वजह नहीं है, बल्कि कई कारण हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी आर्थिक दबाव में है और इसका असर उसके रोजमर्रा के ऑपरेशन पर पड़ रहा है। इस वजह से एयरपोर्ट पर जरूरी शुल्क का भुगतान करने में दिक्कत, कर्मचारियों की सैलरी में देरी, क्रू की कमी और बड़ी संख्या में विमानों का ग्राउंडेड होना एयरलाइन कंपनी के सामने बड़ी चुनौतियों में से एक है। 

 

रिपोर्ट्स में सामने आया कि एयरपोर्ट अथॉरिटीज ने बकाया भुगतान नहीं कर पाने के चलते स्पाइसजेट के ऑपरेशन पर पाबंदियां लगाई हैं। हाल ही में स्पाइसजेट को दुबई से अपनी चार उड़ानें रद्द करनी पड़ी थीं। इसकी वजह दुबई एयरपोर्ट पर ग्राउंड हैंडलिंग का काम देखने वाली कंपनी डनाटा की ओर से स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोकना बताया गया। सामने आया कि स्पाइसजेट पर डनाटा का 1.4 करोड़ यूएई दिरहम से ज्यादा बकाया था। इस स्थिति में भुगतान नहीं होने के कारण डनाटा ने दुबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की चेक-इन सर्विस रोक दी थी। 

DGCA ने थमाया नोटिस

DGCA ने 17 नवंबर को स्पाइसजेट को कारण बताओ नोटिस जारी किया। इसमें एयरलाइन के कामकाज को लेकर 8 बड़ी चिंताएं जाहिर की गई हैं। इनमें बार-बार नियम तोड़ना और उड़ानों का प्रदर्शन खराब होना शामिल है। इसके अलावा लंबे समय से खड़े ज्यादातर विमानों को दोबारा उड़ान के लिए तैयार नहीं कर पाना शामिल है। इसके लिए DGCA ने स्पाइसजेट को सात दिन का समय दिया है। एयरलाइन को बताना होगा कि नियमों का पालन नहीं करने के लिए उसके खिलाफ कार्रवाई क्यों न की जाए।