वेनेजुएला से राष्ट्रपति निकोलस मादुरो के अपहरण के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान पर हमला किया। अब उनकी निगाह क्यूबा पर है। अमेरिका नौसेना ने पिछले कई महीनों से क्यूबा की घेरेबंदी कर रखी है। इस बीच डोनाल्ड ट्रंप ने बयान दिया कि कार्यकाल पूरा होने से पहले वह क्यूबा का काम तमाम करना चाहते हैं।

 

एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि उनका प्रशासन हवाना के हालात पर बेहद करीब से निगाह रख रहा है। ट्रंप ने क्यूबा को एक असफल देश बताया और कहा कि मैं जाने से पहले क्यूबा का काम पूरा करना चाहता हूं। यह पहली बार जब ट्रंप ने खुलकर क्यूबा के खिलाफ सैन्य हस्तक्षेप के अलावा एक टाइमलाइन निर्धारित की है। ट्रंप ने यह भी कहा कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ऑपरेशन को लीड कर सकते हैं, क्योंकि उनके माता-पिता क्यूबा से हैं और वे ऐसा करना पसंद करेंगे। 

 

यह भी पढ़ें: बलूचिस्तान में सेना के कैंप पर हमला, BLA का 18 जवानों को मारने का दावा

 

ट्रंप प्रशासन ने मादुरो को पकड़ने के बाद क्यूबा को हमले की धमकी दी थी, लेकिन निशाना ईरान बना था। इसके बाद ट्रंप ने दावा किया था कि ईरान युद्ध के बाद उनका प्रशासन क्यूबा पर अपना ध्यान केंद्रित करेगा। 

 

ट्रंप को लगता है कि क्यूबा पर कब्जा करने पर उन्हें सम्मान मिलेगा। इसका जिक्र वह खुद कर चुके हैं। विश्लेषकों का मानना है कि ईरान युद्ध में स्पष्ट सफलता नहीं मिलने और घरेलू चुनाव में हार के बाद ट्रंप पर दबाव बढ़ गया है। वे क्यूबा पर हमला करके या किसी भी प्रकार से अपना नियंत्रण हासिल करके खोई हुई छवि को वापस पाना चाहते हैं। 

 

अमेरिका ने क्यूबा के खिलाफ व्यापक आर्थिक प्रतिबंध और समुद्री नाकेबंदी पहले ही लगा रखी है। इसका असर यह हुआ कि मई महीने से क्यूबा में आर्थिक संकट गहरा गया है। लोग ईंधन की कमी से जूझ रहे हैं। खाने-पीने के सामान की भी कमी हो रही है। कई बार देश ब्लैकआउट झेल चुका है।

 

यह भी पढ़ें: नीदरलैंड के कई शहरों के पीछे क्यों लगता है 'डैम'? जानें रोचक तथ्य

 

अमेरिका के वित्त विभाग ने इसी महीने क्यूबा के तेल टैंकरों और शिपिंग कंपनियों पर बैन लगाया। इसके अलावा इन कंपनियों के साथ काम करने वाली अन्य कंपनियों को भी लक्षित करने की धमकी दी। ट्रंप प्रशासन ने बार-बार क्यूबा में तख्तापलट की धमकी दी। जनवरी में एक एग्जीक्यूटिव ऑर्डर पर साइन किया। इसमें क्यूबा को अमेरिका के लिए बड़ा खतरा घोषित किया। क्यूबा को तेल आपूर्ति करने वाले देशों पर टैरिफ लगाने की धमकी दी। आदेश के बाद वेनेजुएला ने तेल आपूर्ति रोक दी थी।