युवक को थप्पड़ मारने के प्रकरण में दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक वीडियो जारी करके अपना पक्ष रखा। उन्होंने आरोप लगाया कि युवक ने उनके परिवार को गाली दी। इसके बाद ही आवेश में आकर उन्होंने यह कदम उठाया। मंत्री प्रवेश वर्मा ने आप विधायक जरनैल सिंह पर कमीशन मांगने का आरोप लगाया और कहा एक इंजीनियर ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत दी है। एफआईआर दर्ज करवाई जा रही है। उन्होंने कहा कि अगर आम आदमी पार्टी सरकारी काम में बाधा डालेगी, सपंत्ति को नुकसान पहुंचाएगी और आप विधायक कमिशन मांगेगा तो यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एक वीडियो संदेश में दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश वर्मा ने कहा, 'एक वीडियो जो आज चल रहा है, आम आदमी पार्टी वाले चला रहे हैं, उसके पीछे की सच्चाई जान लीजिए। विकासपुरी रिंग रोड के ऊपर पिछले कई दिनों से रोड बनाने का काम चल रहा है। वहां के विधायक जरनैल सिंहने पीडब्लूडी डिपार्टमेंट के इंजीनियर्स से कहा कि हमको कॉन्ट्रैक्टर से मिलवाइये और उनसे कमिशन दिलवाइये। यह वे काफी दिन से बोल रहे थे।'
यह भी पढ़ें: सड़क निरीक्षण के दौरान हंगामा, मंत्री प्रवेश वर्मा ने युवक को जड़ा थप्पड़
'कमीशन नहीं मिलने पर वीडियो बनाने लगे'
प्रवेश वर्मा ने आगे कहा, 'हमारे इंजीनियर ने पुलिस स्टेशन में जाके शिकायत दी। उनके ऊपर में एफआईआर करा रहे हैं। इसी के चलते जब उनको कोई कमिशन नहीं मिली तो वो जैसे ही रात को रोड बनती, वे सुबह जाकर उसे उखाड़ने का काम करते। यह पूरा करप्शन हो रहा है... इसका वीडियो बनाकर डाल रहे थे।'
सड़क बनने से आम आदमी पार्टी दुखी: वर्मा
उन्होंने आगे बताया, 'आज जब मैं उस रास्ते से निकल रहा था तो मैंने इंजीनियर को बोला कि एक बार मैं सारे काम को देखना चाहता हूं। जब मैं वहां पर रुका और मैंने काम को देखा तो काम बहुत अच्छा चल रह था। वहां के लोगों ने मुझे बताया है कि 15 साल तक ये रोड नहीं बनी। 15 साल के बाद ये रोड बनाई जा रही है। शायद इस बात से आम आदमी पार्टी पूरी दुखी है कि दिल्ली में सारी सड़के बनाई जा रही हैं, जो 15 साल से सड़कें नहीं बनी थी।'
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान से अफगानिस्तान में घुसे 28 लड़ाके ढेर, अफगान रक्षा मंत्रालय का दावा
'मेरे परिवार को गाली दी गई'
प्रवेश वर्मा आगे कहते हैं, 'मैंने खुद विधायक जरनैल सिंह को तीन बार फोन किया। उनका मैंने 45 मिनट तक इंतजार किया। मैंने अपने कार्यकर्ताओं को भी नहीं बुलाया। जब वहां पर जरनैल सिंह पहुंचे तो वे अपने कार्यकर्ताओं को पहले से ही सूचना देकर आए। आते ही उन्होंने बदतमीजी करना शुरू कर दिया। उनके एक कार्यकर्ता ने जब मेरे परिवार को गाली देना शुरू किया... तब कोई भी व्यक्ति उस आवेश में आकर जो करता, मैंने भी वही किया।'
