राजनीति में अक्सर पारिवारिक रिश्ते खराब हो जाते हैं। भारत की राजनीति में सबसे ज्यादा चर्चित विवाद चाचा और भतीजे को लेकर हुए हैं। चाहे शरद पवार-अजित पवार हों, शिवपाल-अखिलेश हों, पशुपति पारस-चिराग पासवान हों या फिर बाल ठाकरे और राज ठाकरे। अब इस कड़ी में भाई-बहन के रिश्ते भी शामिल होने लगे हैं। तेलंगाना के पूर्व सीएम केसीआर के बेटे केटीआर और उनकी बहन के कविता के रिश्ते भी अब सार्वजनिक तौर पर खराब हो चुके हैं। इसी कड़ी में एक और भाई-बहन का नाम इन दिनों चर्चा में है। भाई हैं आंध्र प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगन मोहन रेड्डी और उनके सामने हैं उनकी ही बहन वाई एस शर्मिला। भले ही दोनों अलग पार्टी में हैं लेकिन यह लड़ाई राजनीतिक नहीं निजी हो चली है।

 

22 नवंबर यानी रविवार को वाई एस शर्मिला को पुलिस ने बेंगलुरु एयरपोर्ट पर रोक लिया। वह अपने पारिवारिक निवास 'येलहंका पैलेस' जाना चाहती थीं लेकिन पुलिस ने उन्हें जाने ही नहीं दिया। यह पैलेस कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में ही स्थित है। इससे पहले शर्मिला अपनी बेटी अंजलि की शादी इसी येलहंका पैलेस से करना चाहती थीं लेकिन उनके भाई जगन मोहन रेड्डी ने इससे इनकार कर दिया। आखिर में अंजलि रेड्डी की शादी किसी और जगह शिफ्ट कर दी गई। अब शर्मिला को बेंगलुरु में रोके जाने के चलते यह मामला फिर से चर्चा में आ गया है।

क्या है रेड्डी परिवार और येलहंका पैलेस का विवाद?

रेड्डी परिवार में शर्मिला और जगन के बीच संपत्ति को लेकर भी झगड़ा है। सितंबर 2024 में जगन मोहन रेड्डी ने नेशनल कंपनी ला ट्रिब्यूनल (NCLT) में याचिका दायर करके मांग की थी कि सरस्वती पावर एंड इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के शेयर शर्मिला और उनकी मां विजयम्मा को ट्रांसफर करने की कार्रवाई रद्द कर दी जाए। तब जगन ने शर्मिला को एक चिट्ठी में लिखा था, 'मैं कई संपत्तियां आपको एक समय पर ट्रांसफर करने वाला था। इससे पहले, हमारी मां ने आपको लगभग 200 करोड़ की संपत्ति पहले ही दे दी है। इसके बावजूद आपके कृत्यों ने मुझे हैरान किया है। इसके बाद मुझे लगता है कि मैं आप पर प्यार और दुलार क्यों दिखाऊं।'

 

यह भी पढ़ें: 'न्याय नहीं मिला तो हाई कोर्ट जाएंगे', MLC के शपथ ग्रहण के बाद बोले तेजस्वी यादव

 

इसके बाद शर्मिला ने जवाब देते हुए लिखा था कि जगन उनके पिता की वसीयत का पालन नहीं कर रहे हैं। शर्मिला ने अपनी चिट्ठी में लिखा था, 'हमारे पिता ने उनके चारों नाती-पोतों को सभी संपत्तियों में हिस्सा मिलेगा।' इसी तरह से दोनों के बीच पहले संपत्ति को लेकर विवाद हुआ जो अदालतों तक भी गया। जुलाई 2025 में NCLT का फैसला जगन के पक्ष में आया।

येलहंका पर विवाद क्यों?

भले ही राजशेखर रेड्डी और उनका परिवार आंध्र प्रदेश में राजनीति करता रहा हो लेकिन यह घर बेंगलुरु में बना है। लगभग 20 एकड़ क्षेत्रफल में फैला यह घर बेंगलुरु एयरपोर्ट के पास ही है। यहां पर भी दो घर बनाए गए हैं। इसके अलावा, राजशेखर रेड्डी ने अपने दोनों बच्चों के लिए हैदराबाद और इदुपुलपाया में भी दो-दो घर बनवाए हैं। मौजूदा वक्त में हैदाराबाद के लोटस पान्ड में स्थित दो में से एक घर में वाई एस शर्मिला रहती हैं। 

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल प्रदेश के खजाने पर बढ़ा संकट, 13836 करोड़ रुपये तक पहुंचेगा घाटा

 

मुख्य विवाद बेंगलुरु में स्थित येलहंका पैलेस कको लेकर है। शर्मिला के करीबियों का कहना है कि बेंगलुरु में बने दो घरों में से एक उन्हें मिलना था लेकिन कभी नहीं मिला। राजशेखर रेड्डी जब जीवित थे तब वह कभी कभार यहां आते थे। जगन मोहन रेड्डी अब लगभग हर हफ्ते यहां आते हैं।

 

अब शर्मिला ने इसी घर से अपनी बेटी की शादी करने की कोशिश की लेकिन जगन मोहन रेड्डी ने ऐसा करने से रोक दिया। जगन मोहन रेड्डी ने सुरक्षा कारणों का हवाला दिया। शर्मिला ने इस पर दुख और नाराजगी जाहिर करते हुए शादी की जगह बदल दी। हालांकि, उन्होंने इस पर अपना दावा नहीं छोड़ा है।

 

इसी बीच 21 नवंबर को देवनहल्ली की अदालत ने एक आदेश जारी किया। दरअसल, सिलिकन बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड ने कोर्ट में याचिका दायर करके कहा था कि उसके पास इस घर की लीज है। इसी कंपनी की याचिका पर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने शर्मिला और उनके परिवार को येलहंका जाने से रोक दिया था। इसी आदेश के अगले ही दिन शर्मिला ने येलहंका जाने की कोशिश की लेकिन उन्हें रोक दिया गया।  

राजनीतिक लड़ाई क्या है?

जब राजशेखर रेड्डी का निधन हुआ और उनका परिवार कांग्रेस से अलग हुआ तब वाईएसआर कांग्रेस की स्थापना हुई थी। तब जगन और शर्मिला की मां विजयम्मा इस पार्टी की चेयरपर्सन बनी थीं। यह घटना साल 2011 की है। 2012 में जगन मोहन रेड्डी आय से अधिक संपत्ति के मालमे में जेल गए और तब शर्मिला ने ही पार्टी का अभियान जारी रखा। 2012-12 में शर्मिला ने पदयात्रा शुरू की और इसके जरिए पार्टी की लोकप्रियता बढ़ती गई।

 

यह भी पढ़ें: राम से पशुपतिनाथ और IIT तक, पीएम मोदी और बालेन शाह ने क्या-क्या बोला?

 

2019 के चुनाव में शर्मिला ने पार्टी के लिए जमकर पसीना बहाया था। हालांकि, जब YSR कांग्रेस ने बंपर बहुमत से सरकार बनाई और इसमें शर्मिला को खास क्रेडिट नहीं मिला तो मतभेद शुरू हो गए। 2021 आते-आते स्थिति यह हो गई कि शर्मिला YSR कांग्रेस से अलग हो गईं। उन्होंने YSR तेलंगाना पार्टी बनाई और आंध्र प्रदेश के बजाय तेलंगाना में सक्रिय हो गईं। कुछ साल पसीना बहाने के बाद उन्हें खास सफलता नहीं मिली तो वह अपनी पुरानी पार्टी में लौट आईं। 4 जनवरी 2024 को उन्होंने अपनी पार्टी का विलय कांग्रेस में कर दिया। कांग्रेस ने उन्हें आंध्र प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया और अभी वह इसी पद पर काबिज हैं। यानी वह अपने ही भाई के सामने राजनीतिक लड़ाई लड़ रही हैं। शर्मिला अपने भाई जगह पर राजनीतिक हमले भी करती हैं और उनकी सरकार के कार्यकाल को भ्रष्टाचार वाला बताती हैं। 

 

शर्मिला पर कांग्रेस को आंध्र प्रदेश में मजबूत करने की जिम्मेदारी है तो जगन मोहन रेड्डी आंध्र प्रदेश की सत्ता में वापसी करने के लिए जूझ रहे हैं।