दिल्ली-NCR में तेज धूप से अब लोग बेहाल हैं। लोगों को एक बार फिर झमाझम बारिश का इंतजार है लेकिन मौसम दक्षिण भारतीय राज्यों पर मेहरबान है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों में देश के कई हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव वाले क्षेत्र की वजह से 26 से 28 जुलाई तक ओडिशा में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। 25 और 26 जुलाई को ओडिशा में बहुत ज्यादा बारिश हो सकती है।
दक्षिण-पश्चिम राजस्थान पर बने कम दबाव के असर से 25 जुलाई को गुजरात में भी कहीं-कहीं बहुत ज्यादा भारी बारिश की आशंका है। पिछले 24 घंटों में गुजरात के संतलपुर (पाटन) में सबसे ज्यादा 39 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई। सौराष्ट्र-कच्छ, मध्य महाराष्ट्र और झारखंड में भी 12-20 सेंटीमीटर तक भारी बारिश हुई।
यह भी पढ़ें: बारिश के मौसम में बच्चों को बीमार होने से कैसे बचाएं? जानिए आसान टिप्स
उत्तर भारत में कैसा रहेगा मौसम?
उत्तर भारत में हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, उत्तराखंड और पंजाब में अगले एक हफ्ते तक लगातार बारिश का दौर रहेगा। पश्चिमी राजस्थान में 28 से 31 जुलाई तक भारी बारिश हो सकती है। इन राज्यों में आंधी, बिजली गिरने और तेज हवाओं का भी खतरा है।
बंगाल से बिहार तक, कैसी होगी बारिश?
पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा और बिहार में 26 से 31 जुलाई तक व्यापक बारिश होने वाली है। ओडिशा में 25-26 जुलाई को कुछ जगहों पर बहुत भारी और अत्यधिक बारिश संभव है। अंडमान-निकोबार में तेज हवाओं के साथ बारिश का अलर्ट जारी है।
गोवा से महाराष्ट्र तक कैसी होगी बारिश?
पश्चिम भारत में कोंकण-गोवा, गुजरात, मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में अच्छी बारिश जारी रहेगी। गुजरात और मध्य महाराष्ट्र के घाट इलाकों में 25-26 जुलाई को अत्यधिक भारी बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, तटीय कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और तेलंगाना में भी भारी बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की आशंका है।
यह भी पढ़ें: बारिश में बार-बार हो रहे हैं बीमार? आज से शुरू करें ये 7 आदतें
दिल्ली-NCR कैसा रहेगा मौसम?
दिल्ली-NCR में अगले चार दिनों तक आसमान में बादल छाए रहेंगे। हल्की से मध्यम बारिश के साथ कभी-कभी तेज हवाएं चल सकती हैं। अधिकतम तापमान 33-36 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा।
मौसम विभाग की चेतावनी क्या है?
अरब सागर और बंगाल की खाड़ी के कई हिस्सों में 26 से 30 जुलाई तक समुद्र में तेज हवाएं चलने की संभावना है। मछुआरे इन दिनों समुद्र में न जाएं। भारी बारिश से शहरी इलाकों में जलभराव, यातायात बाधित होने, निचले इलाकों में बाढ़ और पहाड़ी क्षेत्रों में भूस्खलन का खतरा है।
