राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरद पवार) के मुखिया शरद पवार हर तरफ दिखने वाले नेता माने जाते हैं। विपक्ष के प्रमुख नेताओं में शामिल शरद पवार के बारे में इन दिनों चर्चा है कि वह सत्ताधारी नेशनल डेमोक्रैटिक अलायंस (NDA) के साथ जा सकती हैं। इन अटकलों के बीच पहले तो वह मंगलवार को दिल्ली में चल रहे धरना प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर पहुंचे। अगले ही दिन वह कुछ कागज लेकर अपने बेटी और सांसद सुप्रिया सुले के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलने पहुंच गए। उनकी मुलाकात की तस्वीरों ने खलबली मचा रखी है। इस पर अब खुद शरद पवार ने बताया है कि आखिर वह क्यों प्रधानमंत्री से मिलने गए और इस मुलाकात में क्या बातें हुईं।

 

रोचक बात है कि शरद पवार और सुप्रिया सुले दोनों ही इन दिनों दिल्ली में हैं और सुप्रिया सुले इंडिया गठबंधन की बैठकों में भी रोज शामिल हो रही हैं। मंगलवार को जब राहुल गांधी की अगुवाई में कांग्रेसी सांसद प्रधानमंत्री आवास के पास धरने पर बैठे तो सुप्रिया सुले वहां भी पहुंचीं थीं। ये सब उस वक्त हो रहा है जब महाराष्ट्र में जबरदस्त चर्चा है कि NCP (SP) जल्द ही एनडीए का हिस्सा हो सकती है और सुप्रिया सुले केंद्र सरकार में मंत्री भी बन सकती हैं।

 

यह भी पढ़ें: चंद्रशेखर की सक्रियता से बढ़ी BSP की चिंता! फिर से आकाश आनंद पर लगाया दांव

शरद पवार ने क्या बताया?

इस मुलाकात के बारे में शरद पवार ने अपने X हैंडल पर लिखा है, 'प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आधिकारिक आवास पर मुलाकात की। इस मीटिंग में NEET परीक्षा का पेपर लीक होने के संबंध में छात्रों के आंदोलन, इस दौरान उन पर पुलिस की कार्रवाई और उन पर किए गए मुकदमों के अलावा देश के कृषि क्षेत्र के प्रशासन और नीतियों की खामियों को लेकर भी उनसे चर्चा हुई। देश और महाराष्ट्र के किसानों की कई लंबित मांगें हैं, उनके बारे में भी प्रधानमंत्री को बताया।'

 

यह भी पढ़ें: ग्राउंड रिपोर्ट: इंकलाब जिंदाबाद के शोर में घुल रहीं गालियां, जंतर-मंतर का हाल

उन्होंने आगे लिखा है, 'इस मुलाकात के दौरान मैंने छात्रों की मांग के बारे में अपनी राय विस्तार से रखी और कहा कि पेपर लीक के मुद्दे पर ठोस कदम उठाए जाने की जरूरत है। इसके अलावा, मैंने प्रधानमंत्री से किसानों की समस्या, जल प्रबंधन और शिक्षा क्षेत्र को लेकर भी व्यापक चर्चा की। माननीय प्रधानमंत्री ने भरोसा दिलाया कि वह इन सभी मुद्दों पर जरूरी और सकारात्मक कदम उठाएंगे। इस मौके पर मेरे साथ माननीय सांसद सुप्रिया सुले भी मौजूद थीं।'