नितिन कुमार मिश्र, लखनऊ। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में चुनाव खत्म हो चुका है, जहां बीजेपी (BJP) ने शानदार जीत हासिल की है। जीत मिलने के बाद बीजेपी उत्तर प्रदेश के आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुट गई है। बीजेपी की 12 मई को एक बैठक होने वाली है। इसमें प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह जिलाध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे।
इस बैठक में एक तरफ बूथ प्रबंधन को लेकर चर्चा की जाएगी, वहीं दूसरी तरफ प्रदेश में जीतने और हारने वाली सीटों को लेकर चर्चा होगी। साथ ही बैठक में मतदाता सूची की स्थिति और विपक्षी दलों की स्थिति का आकलन किया जाएगा।
बीजेपी पार्टी की बैठक 12 मई को लखनऊ में होगी, जहां पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव जीतने का लक्ष्य तय करेगी। बीजेपी पार्टी के कार्यकर्ताओं को अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों में भेजा जाएगा, जहां वे कार्यकर्ता 10 दिन तक दौरा करेंगे। बीजेपी (BJP) पार्टी चुनावी तैयारी के दौरान उन सीटों पर ज्यादा फोकस करेगी, जहां बीजेपी पार्टी को 2022 में हार मिली थी।
यह भी पढ़ें: PM मोदी ने पैर छुए, शॉल पहनाई, माखनलाल सरकार कौन हैं जो अचानक छा गए?
कार्यकर्ता करेंगे सभी सीटों पर 10 दिन का दौरा
बीजेपी पार्टी तीन राज्यों में चुनाव जीतने के बाद उत्तर प्रदेश में जीत हासिल करने के लिए सजग हो गई है। इसके लिए हर विधानसभा सीट पर 3 से 4 कार्यकर्ताओं को 10 दिन के दौरे पर भेजा जाएगा। ये कार्यकर्ता बूथ अध्यक्षों और बूथ प्रभारियों का सत्यापन करेंगे। वे कार्यकर्ता पता लगाएंगे कि क्षेत्र की जमीनी हालत क्या है। उसके बाद कार्यकर्ता जमीनी स्थिति की रिपोर्ट तैयार कर 15 दिनों बाद प्रदेश संगठन को सौंपेंगे।
यह भी पढ़ें: बिहार में ‘परिवार कनेक्शन’ की गूंज, सत्ता के गलियारों में वंशवाद की नई बहस
प्रतिनिधियों के नाम घोषित करने की योजना
बीजेपी जल्द ही प्रदेश और क्षेत्रीय इकाइयों के प्रतिनिधियों के नाम घोषित करेगी। संगठन के आला पदाधिकारी सभी जिलों से आने वाली रिपोर्ट का जायजा करेंगे, जिससे पता लगाया जाएगा कि किन सीटों पर जीत के लिए ज्यादा कोशिश करनी है। इसमें कई विधायकों को भी संगठन में नई जिम्मेदारी मिल सकती है।
