दिवंगत नेता अहमद पटेल कांग्रेस पार्टी के 'संकटमोचक' कहे जाते थे। उनके निधन के बाद से अहमद पटेल के परिवार और कांग्रेस हाई कमान के बीच सब ठीक नहीं लग रहा है। लोकसभा चुनाव में अहमद पटेल की बेटी मुमताज पटेल को टिकट नहीं मिल पाया था क्योंकि कांग्रेस ने यह सीट आम आदमी पार्टी (AAP) के लिए छोड़ दी थी। अब अहमद पटेल के बेटे फैसल पटेल ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खूब तारीफ की है। फैसल पटेल ने राहुल गांधी को मेहनती बताते हुए कांग्रेस पार्टी को नसीहत भी दे डाली है। फैसल पटेल का कहना है कि कांग्रेस पार्टी दिशाहीन है और उसकी खुद की दुनिया चल रहा है। फैसल पटेल ने यह भी कहा है कि उन्होंने कांग्रेस पार्टी छोड़ी नहीं हैं और अभी भी वह कांग्रेस में ही हैं। 

 

न्यूज एजेंसी ANI को दिए एक इंटरव्यू में फैसल पटेल ने कांग्रेस के काम करने के तौर-तरीकों को लेकर सवाल उठाए हैं। वहीं, बीजेपी के काम करने के तरीकों की जमकर तारीफ की है। फैसल पटेल ने 'ऑपरेशन सिंदूर' को लेकर भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जमकर तारीफ की है। रोचक बात है कि कांग्रेस को नसीहत देने के बावजूद फैसल पटेल ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और कई अन्य कांग्रेसियों की भी तारीफ की है।

 

उन्होंने यह भी कहा है कि वह अभी तक कांग्रेस से अलग नहीं हुए हैं। बताते चलें कि उनकी बहन मुमताज पटेल ने लोकसभा का टिकट न मिल पाने पर थोड़ी नाराजगी जरूर जाहिर की थी लेकिन वह अभी भी कांग्रेस में सक्रिय हैं। दूसरी तरफ, फैसल पटेल खुद कह रहे हैं कि वह कांग्रेस में हैं भर। वह कांग्रेस पार्टी की गतिविधियों से काफी दूर हैं।

 

यह भी पढ़ें- 'कोसी नाम है, कुछ को बिहार का चुनाव दिखेगा', PM मोदी ने ली चुटकी

BJP और पीएम मोदी पर क्या बोले फैसल?

 

अहमद पटेल ने ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र करते हुए कहा, 'देश बिल्कुल सुरक्षित है क्योंकि हमारी सेनाए हैं। मुझे यह भी लगता है कि देश चलाने वाले नेता जैसे कि जयशंकर जी, अमित शाह जी, नरेंद्र मोदी जी, राजनाथ जी बहुत मेहनत कर रहे हैं। हमारे देश में समस्याए हैं, महंगाई है, बेरोजगारी है, लालफीताशाही है लेकिन शीर्ष नेता काम कर रहे हैं और इन समस्याओं से लड़ रहे हैं।'

 

 

पीएम मोदी की तारीफ करते हुए फैसल पटेल ने कहा है, 'सेनाओं ने अच्छा काम किया है और पीएम मोदी ने देश को बड़े संकट से निकाला है। जयशंकर जी के लिए मेरे मन में बहुत सम्मान है। जिस तरह से नरेंद्र मोदी ब्यूरोक्रेसी से लोगों को निकालते हैं और उन्हें मंत्रालयों में अहम भूमिका देते हैं, वह बहुत अच्छी चीज है।'

 

यह भी पढ़ें- 'एक महिला ने दो बार डाला वोट,' राहुल गांधी के दावे पर EC ने मांगा सबूत


कांग्रेस को नसीहत

 

कांग्रेस को नसीहत देते हुए फैसल पटेल ने कहा है, 'कांग्रेस के लोग अपनी ही दुनिया में हैं। उनको कुछ समझ नहीं आता, कहां जाएं, कैसे जाएं। यही सब बीजेपी करती है। उन्हें फुल कंट्रोल करना पता है। उन्होंने बाकी दूसरी पार्टियों को बंद कर दिया है। बाकी सब डरे हुए हैं, सिर्फ राहुल जी एक निडर हैं और वही डटे हुए हैं।'

 

 

कांग्रेस ने नाराजगी के सवाल पर उन्होंने कहा, 'मैं कांग्रेस से नाराज नहीं हूं, यह स्पष्ट कर देना चाहता हूं। कांग्रेस के लोग मेरा परिवार हैं। शीर्ष नेताओं से मेरे संबंध अच्छे हैं, गुजरात के नेताओं से भी संबंध अच्छे हैं। मैंने कांग्रेस छोड़ी नहीं हैं, मैं कांग्रेस में ही हूं। मैंने राजनीतिक भूमिका से खुद को पीछे कर लिया है। मैंने कई साल कांग्रेस में काम किया है, पापा की भी बहुत मदद की है। कार्यकर्ता मुझे बहुत पसंद करते हैं।'

 

यह भी पढ़ें: 'विजय सिन्हा के पास 2 EPIC,' बिहार के डिप्टी CM पर तेजस्वी का आरोप 

 

राहुल गांधी की तारीफ करते हुए फैसल पटेल ने कहा है, 'राहुल गांधी बहुत मेहनती नेता हैं। कांग्रेस में कई ब्राइट और बुद्धिमान नेता हैं। शशि थरूर हैं, डीके शिवकुमार हैं, रेवंत रेड्डी हैं, दीपेंद्र हुड्डा हैं, सचिन पायलट हैं- ये लोग बहुत क्षमतावान हैं। मेरा मानना है कि कांग्रेस में समस्याएं हैं और पार्टी चलाने वाले लोगों को सही सलाह नहीं दी जा रही है। आप जानते हैं कि कौन पार्टी चला रहे हैं। जो वरिष्ठ नेता सलाह देते हैं, उनकी बात नहीं सुनी जाती है।'