उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर अभी से सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। चुनाव में अभी वक्त है लेकिन राजनीतिक दलों की ओर से वादों का दौर शुरू हो गया है। इस बीच सबकी नजरें भारतीय जनता पार्टी (BJP) और समाजवादी पार्टी (SP) के बीच सीट बंटवारे को लेकर टिकी हैं। वहीं, ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी ने भी UP चुनाव लड़ने को लेकर अपना रुख साफ कर दिया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस बार चुनाव जरूर लड़ेगी और पहले के मुकाबले बेहतर तरीके से लड़ेगी।

 

आपको बता दें कि असदुद्दीन ओवैसी ने बुधवार को अपने समर्थकों से पार्टी को और मजबूत करने की अपील की। उन्होंने कहा कि जिस तरह बिहार में AIMIM को सफलता मिली है, उन्हें उम्मीद है कि पार्टी उत्तर प्रदेश में भी वैसा ही प्रदर्शन करेगी।

 

यह भी पढ़ें: BJP के साथियों ने दिल्ली में मीटिंग के बाद मांग ली 35 सीट, UP में बढ़ी टेंशन

असदुद्दीन ओवैसी का पूरा बयान

AIMIM अध्यक्ष असदुद्दीन ओवैसी से जब 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी के सीटों को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने कहा कि अभी पार्टी ने यह तय नहीं किया है कि कितनी सीटों पर चुनाव लड़ना है। उन्होंने कहा कि AIMIM चुनाव जरूर लड़ेगी। अगर पार्टी इस बार पहले से बेहतर प्रदर्शन करती है तो जल्द ही ये साफ हो जाएगा कि किन सीटों पर चुनाव लड़ना है और कुल कितनी सीटों पर पार्टी मैदान में उतरेगी।

 

असदुद्दीन ओवैसी से जब पूछा गया कि क्या AIMIM खुद को वोट कटवा पार्टी वाली छवि से बाहर निकाल पाएगी तो उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी का संगठन पहले के मुकाबले काफी मजबूत हुआ है। अब लोगों के बीच यह समझ बन रही है कि AIMIM को बार-बार वोट कटवा कहना एक माहौल बनाने की कोशिश है, ताकि ऐसा लगे कि NDA की सरकार बनने वाली है। उन्होंने कहा कि ये लोग बार-बार धर्मनिरपेक्षता की बात करते हैं लेकिन उनकी धर्मनिरपेक्षता का जमीन की हकीकत से कोई लेना-देना नहीं है।

 

यह भी पढ़ें: UP: मुरादाबाद मंडल की 7 सीटों पर 3 दशक से नहीं मिली जीत, कैसे परचम लहराएगी BJP?

 

उन्होंने आगे कहा कि अब जनता ने अपने राजनीतिक नेतृत्व को मजबूत करने का फैसला कर लिया है और AIMIM को एक विकल्प के तौर पर देखने की सोच मजबूत हुई है। ओवैसी ने कहा कि बिहार चुनाव के बाद यह सोच और मजबूत हुई है। उन्होंने दावा किया कि आने वाले विधानसभा चुनाव में AIMIM के कई विधायक जीतकर विधानसभा पहुंचेंगे।