समाजवादी पार्टी (SP) अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को बीजेपी पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र की बीजेपी सरकार पर देश की अर्थव्यवस्था को तबाह करने का आरोप लगाया। उन्होंने यूपी के सुनारों से जुड़े मुद्दे पर प्रदेश सरकार को भी घेरा। सपा अध्यक्ष ने कहा कि आभूषण के व्यापार में बड़ी कंपनियों के आ जाने से छोटे सुनार प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहे हैं। बीजेपी सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को 'अनर्थ-व्यवस्था' में बदल दिया है।
अपने एक्स अकाउंट पर पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने लिखा, 'उप्र में दिनदहाड़े लुटते 'सुनारों की सुरक्षा' की समस्या अभी सुलझी नहीं थी कि तब तक 'सोनाबंदी' का व्यापार-चौपट करनेवाला आह्वान आ गया और फिर 'सोने पर इम्पोर्ट ड्यूटी ढाई गुना बढ़ाने का फरमान'।'
यह भी पढ़ें: गैस सिलेंडर लेने निकले दो युवकों को तेज रफ्तार वाहन ने रौंदा, मौके पर हुई मौत
बड़ी कंपनियों से प्रतिस्पर्धा नहीं कर पा रहे छोटे सुनार
उन्होंने आगे लिखा, 'जेवरात-गहनों के व्यापार में बड़ी कंपनियों के आ जाने से ये छोटे सुनार वैसे ही कंपटीशन नहीं कर पा रहे थे। अब उन्हें लग रहा है कि शायद बड़ी कंपनियों से एकमुश्त कमीशन लेने के चक्कर में ही भाजपाइयों ने युद्ध के बहाने सोनाबंदी की बात की है। भाजपाई जानते हैं कि एक साल में तो लाखों सुनार चौपट होकर अपना काम बंद कर देंगे, तब ये बड़ी कंपनियां हर छोटे-बड़े शहर में अपने शोरूम खोलकर मनमाने दाम पर गहने बेचकर जनता को लूटेंगी और भाजपा को अकूत धन कमाकर देंगी।'
'ज्वेलरी शॉप की चमक धूमिल हो गई'
लखनऊ स्थित पार्टी कार्यालय में अखिलेश यादव ने स्वर्णकार समाज के लोगों से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि आज भाजपाई नीतियों के मारे सुनार-स्वर्णकार समाज की इन समस्याओं को सुनकर लगा कि सबसे अधिक धन लगाकर व्यापार करने वाले लोगों के चमचमाते शोरूमों और ज्वेलरी शॉप्स की चमक जब धूमिल हो गई है तो बाकी दूसरे काम-कारोबार का क्या? ये लोग कहां जाएंगे और कैसे अपने परिवारों को पालेंगे।
यह भी पढ़ें: अंगूठे के निशान से उड़ाए गरीबों के करोड़ों, पांच साल तक चलता रहा साइलेंट स्कैम
उन्होंने आरोप लगाया' 'भाजपा सरकार की नीतियों ने देश की अर्थव्यवस्था को अनर्थ-व्यवस्था में बदल दिया है। आम लोगों के जीवन को संकट से भर दिया है। सुनार कहे आज का, नहीं चाहिए भाजपा!'
